भारत में मानसून की दस्तक हो चुकी है. अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मानसूनी फुहारें पड़नी शुरू हो गई हैं. मौसम विभाग के अनुसार, केरल में मानसून 26 मई के आसपास पहुंच सकता है, जो सामान्य समय से पहले है. इससे किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, मानसून के पूरी तरह से सक्रिय होने से पहले देश के कई राज्यों में भयंकर गर्मी और लू (हीटवेव) का प्रकोप देखने को मिलेगा. अगले 15 दिनों तक महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित कई हिस्सों में मौसम शुष्क और गर्म रहेगा.