देश में अगले कुछ दिनों तक मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे. एक तरफ उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू (Severe Heatwave) का प्रकोप जारी रहेगा, तो दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत, अंडमान-निकोबार और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर बना रहेगा. मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अगले कई दिनों तक हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 26 मई तक भीषण लू चलने की संभावना है. राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना और विदर्भ के कई हिस्सों में भी गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी.