देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले हफ्ते मौसम में कई बदलाव आने वाले हैं. मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसम प्रणालियों के असर से देश में बारिश, बर्फबारी, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 27 मार्च तक अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएँ चल सकती हैं. 28 से 31 मार्च के बीच यह बारिश और बर्फबारी फैल सकती है और कई हिस्सों में ज्यादा व्यापक हो सकती है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 26 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है. 27 मार्च को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम राजस्थान में भी हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएँ रहेंगी. 28 से 30 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ का नया असर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में देखा जाएगा, जहां हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलेंगी. 29 और 30 मार्च को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में थंडरस्टॉर्म यानी बहुत तेज हवा (50-70 किमी प्रति घंटे) चल सकती है.
