
बढ़ते बिजली खर्च के बीच प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना प्रदेश के लाखों परिवारों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनकर उभर रही है. इस योजना के तहत घरों की छत पर सोलर सिस्टम लगवाकर उपभोक्ता न केवल अपने बिजली बिल में भारी कमी कर सकते हैं, बल्कि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही आकर्षक सब्सिडी का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं. योजना का लाभ मार्च 2027 तक उपलब्ध रहेगा, इसलिए पात्र उपभोक्ताओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है.
मध्यप्रदेश में इस योजना को लेकर लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. अब तक प्रदेश के 2 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में नामांकन करा चुके हैं और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं.
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मुख्य उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना और बिजली खर्च को कम करना है. घर की छत पर सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद उपभोक्ता अपनी बिजली की जरूरत का बड़ा हिस्सा स्वयं पूरा कर सकते हैं.इससे मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है और लंबे समय तक आर्थिक लाभ मिलता है.
विशेषज्ञों के अनुसार, सोलर सिस्टम एक बार स्थापित होने के बाद कई वर्षों तक बिजली उत्पादन करता है, जिससे परिवारों की ऊर्जा लागत में स्थायी कमी आती है.
योजना के अंतर्गत सोलर सिस्टम स्थापित कराने वाले पात्र उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी प्रदान की जा रही है. यह लाभ मार्च 2027 तक उपलब्ध रहेगा.ऐसे में जो परिवार अब तक योजना से नहीं जुड़े हैं, उनके लिए यह उपयुक्त अवसर है कि वे समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं.
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार और लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड ने एक विशेष व्हाट्सऐप चैटबॉट ‘सोलर चाचा’ शुरू किया है.यह चैटबॉट योजना से जुड़ी सभी प्रमाणिक जानकारियां उपलब्ध कराता है. इसके माध्यम से उपभोक्ता सोलर सिस्टम की क्षमता, सब्सिडी की राशि, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, तकनीकी जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
योजना की जानकारी प्राप्त करने के लिए उपभोक्ता व्हाट्सऐप पर 8815107640 नंबर पर “Hello” भेज सकते हैं. इसके अलावा उपलब्ध कराए गए QR कोड को स्कैन करके भी चैटबॉट सेवा का उपयोग किया जा सकता है.
राज्य में बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि लोग अब पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के बजाय स्वच्छ और किफायती ऊर्जा विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं. प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ पहुंचा रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.