राजस्थान में VB G-RAMG योजना को मिलेगी रफ्तार, गांवों पर 12 हजार करोड़ होंगे खर्च, CM भजनलाल से मिले शिवराज

राजस्थान में VB G-RAMG योजना को मिलेगी रफ्तार, गांवों पर 12 हजार करोड़ होंगे खर्च, CM भजनलाल से मिले शिवराज

राजस्थान में VB G-RAMG योजना के क्रियान्वयन को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली में बैठक की. शिवराज ने कहा कि योजना के तहत राज्य के गांवों में करीब 12 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे. ग्राम सभा आधारित विकास, रोजगार और बुनियादी ढांचे पर जोर रहेगा.

Shivraj Meets CM BhajanlalShivraj Meets CM Bhajanlal
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Jul 07, 2026,
  • Updated Jul 07, 2026, 8:19 PM IST

राजस्थान में ग्रामीण विकास योजनाओं को तेज़ रफ्तार देने और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर सोमवार को नई दिल्ली में अहम बैठक हुई. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में ग्राम सभा आधारित विकास मॉडल, रोजगार सृजन, सूक्ष्म सिंचाई और वीबी जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई.

कृषि भवन में हुई अहम बैठक

नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में हुई बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति का आकलन किया. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजस्थान गांवों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रभावी काम कर रहा है. उन्होंने राज्य सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर लोगों की भागीदारी से योजनाओं का असर और बेहतर दिखाई दे रहा है.

ग्राम सभा तय करेगी विकास की प्राथमिकताएं

बैठक में ग्राम सभा आधारित विकास मॉडल पर विशेष जोर दिया गया. शिवराज सिंह ने कहा कि गांवों में कौन-से काम पहले होंगे, इसका फैसला स्थानीय लोग स्वयं कर रहे हैं. इससे ऐसे स्थायी विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल रही है जो ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों को पूरा करते हैं और लंबे समय तक लाभ पहुंचाते हैं.

12,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लक्ष्य

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत राजस्थान में ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं के माध्यम से व्यापक विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई है. उन्होंने कहा कि वर्षभर में करीब 12,000 करोड़ रुपये तक खर्च कर गांवों का सुव्यवस्थित विकास करने का लक्ष्य रखा गया है. उनका कहना था कि इन कार्यों से रोजगार बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियां भी तैयार होंगी.

राजस्‍थान को जल्‍द मिलेगी योजना की दूसरी किस्‍त

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि योजना के तहत अब तक 445 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं. इनमें से करीब 200 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा राशि का संतोषजनक उपयोग होने के बाद लगभग 180 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त भी जल्द जारी की जाएगी.

सूक्ष्म सिंचाई और मनरेगा में हुए काम की सराहना की

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने सूक्ष्म सिंचाई योजना के क्रियान्वयन में राजस्थान के प्रदर्शन की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि राज्य ने स्वीकृत राशि का समय पर उपयोग किया है, जिससे भविष्य में अतिरिक्त फंड मिलने का रास्ता भी खुला है. साथ ही मनरेगा के तहत सामग्री और मजदूरी भुगतान का पारदर्शी मिलान सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की वित्तीय देनदारी लंबित न रहे.

ग्राम चौपाल मॉडल की भी हुई चर्चा

बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ग्राम चौपाल पहल का भी उल्लेख किया गया. शिवराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री गांवों में जाकर किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर रहे हैं. इससे योजनाओं की जमीनी स्थिति समझने और समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिल रही है.

मुख्यमंत्री ने जताया केंद्र का आभार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीण विकास योजनाओं में सहयोग के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्राम सभा और ग्राम पंचायतों द्वारा तय किए गए विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है. उनका कहना था कि ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाकर गांवों के समग्र विकास को नई गति दी जा रही है.

MORE NEWS

Read more!