देश में 36 हजार करोड़ का चीनी घोटाला! कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर लगाया गंभीर आरोप

देश में 36 हजार करोड़ का चीनी घोटाला! कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर लगाया गंभीर आरोप

कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर 36 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में महंगी चीनी का फायदा जमाखोरों और कालाबाजारियों को होगा.

congress leader randeep surjewala on sugar pricecongress leader randeep surjewala on sugar price
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 27, 2026,
  • Updated Aug 27, 2026, 5:24 PM IST

कांग्रेस ने केंद्र की एनडीए सरकार पर 36 हजार करोड़ रुपये के चीनी घोटाले को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. पार्टी ने कहा कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा जमाखोरों और कालाबाजारियों को मिल रहा है. कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि सरकार को अप्रैल में ही चीनी की कमी की जानकारी थी, लेकिन उसने कोई कदम नहीं उठाया. उन्होंने कहा कि इसके चलते चीनी की कीमत 40 रुपये से बढ़कर 75 रुपये प्रति किलो हो गई.

12 मिलियन टन खपत का अनुमान

कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने कहा कि अगस्त से नवंबर के बीच देश में करीब 12 मिलियन टन चीनी की खपत होने का अनुमान है. ऐसे में लोगों को प्रति किलो कम से कम 30 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ेंगे.

कांग्रेस नेता ने कहा कि 12 मिलियन टन चीनी पर प्रति किलो 30 रुपये की अतिरिक्त कीमत का मतलब करीब 36 हजार करोड़ रुपये है. यह रकम सीधे जमाखोरों और कालाबाजारियों को फायदा पहुंचाएगी. उन्‍होंने इसे सत्ता में बैठे लोगों के साथ मिलीभगत का बड़ा उदाहरण बताया.

कम उत्पादन और स्टॉक में हेराफेरी का दावा

सुरजेवाला ने कहा कि कम उत्पादन और स्टॉक में हेराफेरी के कारण त्योहारी सीजन में चीनी महंगी हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह मोदी सरकार का ऐसा कदम है, जिससे मुनाफाखोरों और कालाबाजारियों के हाथों जनता को खुले तौर पर लूटा जा रहा है.

सुरजेवाला ने कहा कि बीजेपी नेता यह दावा कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी को महंगा इसलिए किया है, ताकि डायबिटीज दूर रहे और इसे पेट्रोल में मिला दिया गया है. उन्होंने कहा कि इसका नतीजा यह है कि कारें गैराज में खड़ी हैं और लोगों की जेब खाली हो रही है.

गन्ने के दाम को लेकर सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि उचित कीमत नहीं मिलने के कारण किसान कम गन्ना पैदा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार के कृषि विकास के बड़े दावे जमीन पर पूरी तरह विफल साबित हुए हैं.

सुरजेवाला ने दावा किया कि नवंबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच सरकार ने गन्ने के स्टॉक का 32 प्रतिशत हिस्सा E20 ईंधन के उत्पादन में इस्तेमाल किया. इससे आम लोगों के लिए बाजार में उपलब्ध चीनी का स्टॉक कम हुआ.

सब्सिडी वाली चीनी योजना बहाल करने की मांग

कांग्रेस नेता ने सरकार से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत परिवार के प्रत्येक सदस्य को 500 ग्राम चीनी सब्सिडी वाली दर पर देने की योजना बहाल करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यह योजना पिछली कांग्रेस सरकार ने शुरू की थी. सुरजेवाला ने कहा कि इस बार दशहरा और दिवाली मनाते समय लोगों को मोदी सरकार की महंगाई की मार फिर से महसूस होगी. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!