केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दलहन उत्पादन को लेकर बड़ी बात कही है. उन्होंने कहा कि 'दाल हमें विदेशों से मंगानी पड़े, यह हमारे लिए आनंद का विषय नहीं है, शर्म की बात है.' मध्य प्रदेश के किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने चिंता जताई कि राज्य में दलहन की खेती का रकबा घट रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान उसी फसल को प्राथमिकता देता है जिसमें उसे अधिक फायदा मिलता है. इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने आईसीआर (ICAR) और इकार्डा (ICARDA) के सहयोग से बनी अत्याधुनिक लैब और रिसर्च का जिक्र किया. शिवराज सिंह चौहान ने संकल्प दोहराया कि सरकार मसूर, चना, उड़द और मूंग जैसी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए लगातार उन्नत बीज तैयार कर रही है ताकि किसानों को बेहतर मुनाफा मिल सके और देश दालों के मामले में आत्मनिर्भर बन सके.