पंजाब के मानसा जिले के गांव माखा में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. किसान अमरीक सिंह ने बताया कि पिछले 20 सालों में पानी का स्तर काफी गिर गया है. पहले जहां इंजन और मोनोब्लॉक मोटरों से आसानी से सिंचाई हो जाती थी, वहीं अब 200 से 300 फीट गहरे सबमर्सिबल पंप लगाने पड़ रहे हैं. लगातार बढ़ते खर्च और गिरते जलस्तर से किसान काफी परेशान हैं. किसान का कहना है कि पानी की बर्बादी पर भी ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि इसका सीधा असर खेती और भविष्य दोनों पर पड़ रहा है.