केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने शुक्रवार को राज्यसभा में शुष्क खेती, जलवायु-अनुकूल फसल किस्मों, श्री अन्न (मिलेट्स) और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने बताया कि नई तकनीकों और योजनाओं के जरिए किसानों की आय में बड़ा सुधार हुआ है. मंत्री ने कहा कि हैदराबाद स्थित ICAR-CRIDA (केंद्रीय बरानी/शुष्क कृषि अनुसंधान संस्थान) द्वारा विकसित तकनीकों के प्रभाव के आकलन में यह सामने आया है कि मौसम आधारित सलाह से किसानों की आय में औसतन 6,000 रुपये प्रति एकड़ की बढ़ोतरी हुई है. वहीं खेत-तालाब, चेक-डैम और अन्य जल संरक्षण उपायों के जरिए प्रति खेत-तालाब करीब 73,895 रुपये तक अतिरिक्त आय दर्ज की गई.