फिरोजाबाद के प्रगतिशील किसान सचिन राजपूत ने प्राकृतिक खेती का एक अनूठा मॉडल तैयार किया है, जिसमें मात्र दस विश्वा की भूमि पर 27 विभिन्न फसलें उगाई गई हैं. 2017 से शुरू किए गए इस मॉडल में किसी भी रासायनिक खाद या दवाओं का उपयोग नहीं किया गया है. रबी क्रॉप मॉडल में आलू मुख्य फसल के साथ-साथ चना, मटर, राजमा, मसूर, गाजर, मूली, धनिया, लहसुन, अजवाइन, जीरा, सौंफ, शलजम, गोभी, मिर्च और गेंदे की खेती की गई है. किसान सचिन ने बताया कि 'छोटी जोत में रबी क्रॉप में सर्दियों में जो फसलें लगती हैं, वो फसलें हम कैसे सफलतापूर्वक प्राकृतिक खेती में बगैर रसायनों के सफलतापूर्वक लें.' सुभाष पालेकर द्वारा प्रशिक्षित सचिन ने बताया कि गेंदे का उपयोग पेस्ट कंट्रोल और मित्र कीटों को आकर्षित करने के लिए किया जाता है. इस मॉडल से साल भर लगातार आमदनी होती है क्योंकि विभिन्न फसलें अलग-अलग समय पर पककर तैयार होती हैं.