Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Noida | Apr 5, 2026, 6:12 PM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर रहने की चेतावनी दी है. विभाग के अनुसार 6 अप्रैल तक दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है. मौसम विभाग ने बताया कि 5 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिसमें अगले दो दिनों में ज्यादा असर दिखेगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं (40-60 किमी/घंटा) और बिजली गिरने की संभावना है. 4 अप्रैल यानी आज जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है.

Agriculture Live Blog

देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश, तेज आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. इसका असर उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक देखा जा रहा है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. अन्य इलाकों में भी बादल और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. इस बदलाव से गर्मी कम होगी, लेकिन तेज हवाओं से फसलों और बिजली व्यवस्था को नुकसान हो सकता है.

Apr 5, 2026, 6:23 PM (3 घंटे में)

किसानों का संकल्प- जाति-धर्म नहीं, आर्थिक हितों पर होगा मतदान

Posted by :- Sandeep kumar

लोकतंत्र में समृद्धि के लिए मतदान की शक्ति ही सर्वोत्तम उपाय है. शासनारूढ़ दल सत्ता में बने रहना चाहता है तथा विपक्ष में रहने वाला दल सत्ता में आना चाहता है. इसकी शक्ति प्राप्ति का साधन मतदान ही है. इसलिए राजनीतिक दल मतदान की ही साधना करते हैं. मतदाता को रिझाने के लिए सन्नद्ध रहते हैं. मतदाता अपने समान हितों के आधार पर मतदान करता है, तब जन आशाएं एवं आकांक्षाएं पूर्ण होने की संभावना बलवती होती है. मतदाता जब अपना मत जाति, संप्रदाय, दल, छोटे-छोटे स्वार्थ को आधार बनाकर करता है तो उसकी आशाओं पर तुषारापात होता है. 

Apr 5, 2026, 5:56 PM (3 घंटे में)

बिहार के रोहतास जिले में डेढ़ सौ बीघा में गेहूं की फसल जलकर राख

Posted by :- Sandeep kumar

खबर सासाराम से है जहां आज शिवसागर थाना क्षेत्र के सिलारी गांव में बिजली की शॉर्ट सर्किट से गेहूं के ढेर सौ बीघा से अधिक का फसल जलकर राख हो गया. बताया जाता है कि खेत के ऊपर से गुजरने वाले हाई वोल्टेज तार से निकली चिंगारी के कारण यह आग फैल गई, जिसमें सिलारी गांव में डेढ़ सौ बीघा से अधिक गेहूं का लहलहाता फसल जल गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है. 

Apr 5, 2026, 5:39 PM (2 घंटे में)

राजस्थान के धौलपुर में बेमौसम बारिश से गेहूं की 50 फीसदी फसलें बर्बाद

Posted by :- Sandeep kumar

राजस्थान के धौलपुर जिले में मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिले में दो दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ था. आंधी अंधड़ से किसान सहमा हुआ था. लेकिन शनिवार की शाम को तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की सांसे थम सी गई है. बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की खेतों में खड़ी गेहूं फसल में करीब पचास फीसदी नुकसान की संभावना दिखाई दे रही है.

Apr 5, 2026, 5:09 PM (2 घंटे में)

टिहरी में ओलावृष्टि का कहर, राजमा समेत कई फसलें चौपट

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तराखंड के टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय में शनिवार शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी. तेज बारिश के साथ हुई भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया. कई गांवों में खेत ओलों की मोटी परत से ढक गए, जिससे पूरा इलाका सफेद चादर जैसा नजर आया और खड़ी फसलें पूरी तरह चौपट हो गईं. कुंवा गांव निवासी किसान रघुवीर नौटियाल ने बताया कि यह ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि उनकी सात से आठ खेतों में बोई गई राजमा की पूरी फसल नष्ट हो गई. उन्होंने कहा कि इसके साथ ही आलू, मटर, बींस, धनिया और प्याज जैसी नगदी फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं

Apr 5, 2026, 4:37 PM (एक घंटा में)

असम के चाय बागान में महिलाओं से मिले शिवराज सिंह चौहान

Posted by :- Sandeep kumar

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को असम की दो विधानसभा सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया. शिवराज सिंह पहले असम की बोकाखाट विधानसभा पहुंचे और बिहोरा टी एस्टेट मैदान में एनडीए प्रत्याशी अतुल बोरा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया उसके बाद उन्होंने नाडुआर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार पद्म हजारिका के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि असम अद्भुत है, यहां के लोग सहज, सरल, देशभक्त, भले और ईमानदार हैं. उन्होंने कहा कि असम की चाय विश्व प्रसिद्ध है, अगर कहीं सवेरा होता है, तो वह असम की चाय की सुगंध के साथ ही होता है. साथ ही वो चाय बागान में चाय तोड़ते नजर आए. 

Apr 5, 2026, 3:04 PM (12 मिनट पहले)

LPG संकट के बीच सहारनपुर का किसान बना आत्मनिर्भर, गोबर गैस से चलता पूरा घर

Posted by :- prachi

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण भारत में कई जगह LPG गैस की कमी देखने को मिल रही है, लेकिन ऐसे समय में सहारनपुर के एक किसान परिवार ने आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है. भलस्वा गांव के किसान रकम सिंह सैनी पिछले 9 सालों से अपने घर में बायोगैस प्लांट का उपयोग कर रहे हैं. इस प्लांट में गाय के गोबर और पानी से गैस तैयार की जाती है, जिससे रोज 6 से 8 घंटे तक चूल्हा जलता है और पूरे परिवार का खाना बन जाता है. रोजाना 12 से 15 किलो गोबर से गैस बनती है और इससे बचा अवशेष जैविक खाद के रूप में खेतों में इस्तेमाल होता है, जिससे खेती की लागत कम होती है. उनकी पत्नी गीता सैनी बताती हैं कि पहले लकड़ी और भूसे से खाना बनाना पड़ता था, जिससे धुआं होता था, लेकिन अब रसोई साफ और सुविधाजनक हो गई है. यह परिवार LPG का बहुत कम उपयोग करता है, जिससे एक सिलेंडर 4-5 महीने तक चलता है. रकम सिंह का मानना है कि गांव के संसाधनों से आत्मनिर्भर बनकर न सिर्फ खर्च कम किया जा सकता है, बल्कि पर्यावरण की भी रक्षा की जा सकती है.

Apr 5, 2026, 2:06 PM (एक घंटा पहले)

दूध उत्पादकों को हर महीने 34.18 करोड़ रुपये का मिल रहा फायदा: सुखविंदर सिंह सुक्खू

Posted by :- Sandeep kumar

हिमाचल प्रदेश में दूध उत्पादक किसानों को अब हर महीने औसतन 34.18 करोड़ रुपये का फ़ायदा मिल रहा है, जो अब तक का सबसे ज़्यादा है, क्योंकि राज्य का दूध फ़ेडरेशन किसानों से हर दिन लगभग 2.70 लाख लीटर दूध ख़रीद रहा है. 

एक सरकारी प्रवक्ता ने शनिवार को यहां एक बयान में कहा कि यह वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान हर दिन औसतन 1.57 लाख लीटर की ख़रीद की तुलना में काफ़ी ज़्यादा बढ़ोतरी है.

फ़ेडरेशन घर-घर जाकर दूध इकट्ठा करने की सुविधा दे रहा है, जिससे ख़ास तौर पर राज्य के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले छोटे दूध उत्पादकों को फ़ायदा हो रहा है. 

Apr 5, 2026, 1:34 PM (2 घंटे पहले)

शिरोमणि अकाली दल का सरकार से अपील, कहा- बारिश से खराब फसल का किसानों को दें मुआवजा

Posted by :- Sandeep kumar

शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को मांग की कि पंजाब सरकार मालवा क्षेत्र में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बारिश से गेहूं की फसल को हुए नुकसान के लिए प्रति एकड़ 50,000 रुपये का मुआवज़ा जारी करे.

SAD के 'पंजाब बचाओ' अभियान के तहत यहां एक रैली को संबोधित करते हुए, पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश और ओलावृष्टि से बठिंडा, मानसा, फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है.

बादल ने कहा, "किसान संकट में हैं. मुझे पूरे राज्य से फोन आ रहे हैं, जिसमें किसान कह रहे हैं कि पिछले साल आई विनाशकारी बाढ़ में उनकी धान की फसल को हुए नुकसान के लिए उन्हें एक भी रुपया नहीं मिला.

Apr 5, 2026, 12:41 PM (3 घंटे पहले)

बारिश के साथ ओलावृष्टि ने किया तबाही, सड़कें और खेत हुए सफेद

Posted by :- prachi

मुलताई सहित आठनेर और प्रभातपट्टन क्षेत्र में पंद्रह मिनट तक हुई ओलावृष्टि ने ऐसा नजारा पेश किया जैसे कश्मीर की वादियों में बर्फ बिछी हो. ओलों की गिरावट से सड़कें और खेत एकदम सफेद चादर में ढक गए. बारिश के साथ ओलावृष्टि ने माहौल को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया, जिससे सड़क पर चलना मुश्किल हो गया. परमंडल क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ, जहां खेतों और ग्रामीण इलाकों में बर्फ का असर सबसे अधिक दिखाई दिया. विजुअल के तौर पर, सड़क और खेत दोनों में बिछी सफेद चादर ने पूरे इलाके का रूप ही बदल दिया.

Apr 5, 2026, 10:37 AM (5 घंटे पहले)

बीड के तरबूज किसानों की उम्मीदें टूटीं

Posted by :- prachi

महाराष्ट्र के बीड जिले के किसान प्रवीण महादेव पितळे ने पारंपरिक खेती छोड़कर तरबूज उगाने की हिम्मत दिखाई. शुरुआती सालों में उनकी मेहनत सफल रही और उन्हें अच्छी आमदनी मिली. लेकिन 2025 में उन्होंने 3 एकड़ में तरबूज लगाए, तो उनकी उम्मीदों पर संकट आ गया. वैश्विक युद्ध के कारण निर्यात ठप हो गया और स्थानीय मंडियों में दाम गिर गए. इसी बीच बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी फसल को खेत में ही बर्बाद कर दिया. बीड जिले में 12 गांवों में भारी तबाही हुई है, 5,548 किसान प्रभावित हुए और 237 हेक्टेयर से अधिक फसल नष्ट हो गई. किसान मांग कर रहे हैं कि बेल वाली फसलों को फसल बीमा में शामिल किया जाए, नुकसान पर अनुदान मिले और कर्ज माफ किया जाए. प्रशासन की मदद और मुआवजे की उम्मीद अब इन किसानों की उम्मीदों का सहारा बन गई है.

Apr 5, 2026, 9:07 AM (6 घंटे पहले)

केंद्रीय मंत्री का भरोसा, संकट में किसानों के साथ मोदी सरकार

Posted by :- prachi

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ राज्यों में हुई अतिवृष्टि और ओला-पाला के कारण फसलों को हुए नुकसान का संज्ञान लिया है. उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस नुकसान की पूरी समीक्षा करें और प्रभावित फसलों की स्थिति का आंकलन करें. शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को यह भी कहा कि वे संबंधित राज्यों के अधिकारियों से संपर्क कर सभी जरूरी जानकारी एकत्रित करें. उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया है कि इस संकट की घड़ी में मोदी सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है. मंत्री चौहान आज संबंधित राज्यों के कृषि मंत्रियों से भी बैठक करेंगे और फसल क्षति के मुद्दे पर चर्चा करेंगे, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत और मुआवजा मिल सके.

Apr 5, 2026, 8:52 AM (6 घंटे पहले)

किसानों के लिए सरकार अलर्ट, फसल नुकसान पर तुरंत मुआवजा

Posted by :- prachi

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हो रही लगातार और बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी और कहा कि फसलों के नुकसान का तुरंत आकलन कर किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए. जनहानि, पशुहानि या घायल लोगों को 24 घंटे के भीतर सहायता देने के आदेश भी दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्य तेज करने को कहा है.

सरकार ने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को मिलकर सर्वे करने और सही जानकारी देने को कहा है, ताकि किसानों को समय पर मदद मिल सके. साथ ही किसानों से भी अपील की गई है कि वे अपनी फसल नुकसान की जानकारी प्रशासन को दें. बीमा कराने वाले किसान 72 घंटे के अंदर 14447 नंबर पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं.

Apr 5, 2026, 8:21 AM (7 घंटे पहले)

गर्मी से राहत, लेकिन खतरा बरकरार: तेज हवाओं संग बारिश का दौर

Posted by :- prachi

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक के बाद सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने की संभावना जताई है. एक ओर जहां पहला पश्चिमी विक्षोभ असर दिखा ही रहा है. वहीं, 7 और 8 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम फिर बिगड़ेगा. 5 अप्रैल को देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा. पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा. मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है. दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं.

Apr 5, 2026, 8:19 AM (7 घंटे पहले)

IMD का अलर्ट, अगले कुछ दिनों तक बिगड़ा रहेगा मौसम

Posted by :- prachi

देशभर के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश, तेज आंधी और तूफान का असर उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक देखा जा रहा है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है. इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि तेज हवाएं, पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. विशेषज्ञों ने किसानों को फसल बचाने के उपाय करने और आम लोगों को खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है. आने वाले दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है.