Agriculture News: कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी ने केंद्र को वापस की 99 लाख की सब्सिडी

क‍िसान तक Noida | Jul 28, 2026, 11:42 PM IST

देशभर में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 जुलाई को ताजा मौसम बुलेटिन जारी करते हुए बताया है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना दबाव अब गहरे दबाव (Deep Depression) में बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम आज दोपहर तक बालासोर और कैनिंग के बीच तट को पार करेगा. इसके असर से पूर्वी, उत्तरी, मध्य और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बेहद भारी बारिश होने की संभावना है.

Agriculture Live Blog

देशभर में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 जुलाई को ताजा मौसम बुलेटिन जारी करते हुए बताया है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना दबाव अब गहरे दबाव (Deep Depression) में बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम आज दोपहर तक बालासोर और कैनिंग के बीच तट को पार करेगा. इसके असर से पूर्वी, उत्तरी, मध्य और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बेहद भारी बारिश होने की संभावना है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Jul 28, 2026, 11:42 PM (3 घंटे में)

जायद मूंग खरीदी में सबसे बड़ा हिस्‍सा MP के पास, केंद्र बोला- अब तक सि‍र्फ 2 फीसदी हुई खरीद

Posted by :- Prateek

केंद्र सरकार ने कहा है कि देशभर में ग्रीष्मकालीन मूंग खरीद के लिए मंजूर कुल 5.23 लाख मीट्रिक टन में से 4.54 लाख मीट्रिक टन यानी करीब 87% कोटा अकेले मध्य प्रदेश को दिया गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा आवंटन है. कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अनुसार, 16 जुलाई 2026 तक राज्य में केवल 7,947.92 मीट्रिक टन मूंग की ही खरीद हो सकी है, जो स्वीकृत मात्रा का लगभग 2% है. केंद्र ने राज्य सरकार से पहले मंजूर खरीद को तेजी से पूरा करने को कहा है और भरोसा दिलाया है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त प्रस्ताव पर भी नियमों के तहत विचार किया जाएगा.

Jul 28, 2026, 11:36 PM (3 घंटे में)

कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी ने केंद्र को वापस की 99 लाख की सब्सिडी

Posted by :- Prateek

कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी ने केंद्र को 99 लाख की सब्सिडी वापस कर दी है. मालूम हो कि बीते दिनों मीडिया और सोशल मीडिया पर मंत्री द्वारा भारी सब्सिडी लेने की काफी आलोचना हुई थी. हालांकि, मंत्री ने उस समय जवाब दिया था कि उन्‍होंने यह सब्सिडी नियमों के तहत ही ली है और उसका बोर्ड भी उनके खेत पर लगा है. उन्‍होंने कभी इस बात को छिपाया नहीं. लेकिन अब भगीरथ चौधरी ने केंद्र सरकार को यह सब्सिडी वापस लौटा दी है.

Jul 28, 2026, 7:47 PM (एक घंटा पहले)

भोपाल में मूंग खरीद की मांग को लेकर किसानों का बवाल, ऑनलाइन टोकन सिस्‍टम का भी विरोध

Posted by :- Prateek

भोपाल में किसान मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीद की मांग पर अड़े हुए हैं और सीएम आवास का घेराव करने के लिए कूच कर रहे हैं. इस बीच, सीएम किसानों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रहे हैं. किसानों ने ऑनलाइन टोकन बुकिंग पर भी विरोध जताया है. 

Jul 28, 2026, 7:23 PM (2 घंटे पहले)

शरद पवार ने पार्टी विलय की अटकलों को खारिज किया, बोले- इसका कोई मतलब नहीं

Posted by :- Prateek

बारामती: NCP (SP) प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को एक बार फिर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय की अटकलों को खारिज कर दिया. NCP के दोनों गुटों के एक साथ आने की चर्चा के बारे में एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए पवार ने कहा, "इसका कोई मतलब नहीं है." (पीटीआई)

Jul 28, 2026, 6:43 PM (2 घंटे पहले)

AB-PMJAY के तहत 44.73 करोड़ से ज़्यादा आयुष्मान कार्ड बने, सरकार ने संसद में दी जानकारी

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: संसद को मंगलवार को बताया गया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत 44.73 करोड़ से ज़्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, और इस योजना के तहत 1.92 लाख करोड़ रुपये की लागत वाले 12.69 करोड़ से ज़्यादा हॉस्पिटल एडमिशन को मंज़ूरी दी गई है. राज्यसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए, स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि 22 जुलाई, 2026 तक AB-PMJAY के तहत कुल 44.73 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके थे. एक लिखित जवाब में उन्होंने कहा कि 30 जून, 2026 तक, योजना ने 1.92 लाख करोड़ रुपये के 12.69 करोड़ हॉस्पिटल एडमिशन को मंज़ूरी दी थी, जिससे पात्र लाभार्थियों को कैशलेस इलाज मिला. (पीटीआई)

Jul 28, 2026, 6:12 PM (3 घंटे पहले)

एमपी में मूंग खरीदी को लेकर बढ़ा व‍िवाद, भोपाल में प्रदर्शन के लिए आगे बढ़े किसान

Posted by :- Prateek

मध्‍य प्रदेश में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है. बड़ी संख्‍या में किसान भोपाल में प्रवेश करने के लिए कूच कर रहें हैं. किसानों ने पुलिस की दूसरी बैरिकेडिंग तोड़कर शहर में प्रवेश किया. ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में गद्दे और जरूरी सामान के साथ पहुंचे किसान रास्ते में खाने के पैकेट के भरोसे आगे बढ़ते रहे. किसानों का कहना है कि जहां रुकने की जगह मिलेगी, वहीं ट्रॉलियों में रात बिताएंगे.

Jul 28, 2026, 5:16 PM (4 घंटे पहले)

हिसार में किसानों ने बिजली निगम कार्यालयों का किया घेराव, हाईटेंशन लाइन मुआवजे पर सौंपा ज्ञापन

Posted by :- Prateek

हरियाणा के हिसार में भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) के बैनर तले हजारों किसानों ने HVPNL और DHBVN कार्यालयों का घेराव कर करीब चार घंटे धरना-प्रदर्शन किया. किसानों ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए हाईटेंशन बिजली लाइनों के लिए उचित मुआवजा, 29 अप्रैल 2026 की मार्केट वैल्यू निर्धारण संबंधी अधिसूचना वापस लेने, लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने और खरीफ सीजन में किसानों को प्रतिदिन 10 घंटे बिजली देने की मांग की. अधिकारियों ने किसान प्रतिनिधिमंडल की एक सप्ताह के भीतर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया. किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक हाईटेंशन लाइनों का काम नहीं होने दिया जाएगा और आंदोलन तेज किया जाएगा.

Jul 28, 2026, 5:13 PM (4 घंटे पहले)

CSA कानपुर के छात्रों को रेलवे किराये में 50% छूट, 19 साल बाद बहाल हुई सुविधा

Posted by :- Prateek

कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के छात्रों को 19 वर्ष बाद रेलवे किराये में 50 प्रतिशत छूट की सुविधा फिर से मिल गई है. विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता की मंजूरी के बाद प्रयागराज मंडल ने यह व्यवस्था लागू कर दी है. अब छात्र घर आने-जाने के साथ-साथ शैक्षिक भ्रमण और शोध कार्य के लिए भी रेलवे टिकट पर आधा किराया देंगे. विश्वविद्यालय की ओर से इसके लिए रेलवे कूपन उपलब्ध कराए जाएंगे. इस फैसले से विश्वविद्यालय के 3,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा.

Jul 28, 2026, 5:08 PM (4 घंटे पहले)

दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक मदद देने के लिए 'लक्ष्मी योजना' को मंजूरी दी

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने मंगलवार को 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' को मंजूरी दी, जिसके तहत महिलाओं को आर्थिक मदद दी जाएगी. कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करते हुए, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस आर्थिक सहायता योजना को मंज़ूरी दी, जिसके तहत 2,500 रुपये दिए जाएंगे. गुप्ता ने कहा, "कैबिनेट ने 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' को मंज़ूरी दे दी है और इसके लिए पोर्टल 1 अगस्त को लॉन्च किया जाएगा." (पीटीआई)

Jul 28, 2026, 4:44 PM (4 घंटे पहले)

दिल्ली में भारी बारिश से जलजमाव और ट्रैफिक जाम, रेड अलर्ट जारी

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: दिल्ली में मंगलवार की सुबह भारी बारिश हुई, जिससे सड़कें पानी से भर गईं, व्यस्त बाजारों में घुटनों तक पानी जमा हो गया और ट्रैफिक जाम लग गया. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन भर आसमान में बादल छाए रहने और भारी बारिश का अनुमान लगाया है. साथ ही, राष्ट्रीय राजधानी में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज बारिश की चेतावनी भी दी है. सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए. कनॉट प्लेस, जनपथ, लुटियंस दिल्ली की कई सड़कों, भारत मंडपम रोड, बाराखंभा रोड, ITO के पास मथुरा रोड, कालिंदी कुंज और अन्य निचले इलाकों में जलजमाव की खबर है. (पीटीआई)

Jul 28, 2026, 3:45 PM (5 घंटे पहले)

देसी जुगाड़ से कॉमनवेल्थ तक का सफर, किसान बेटे सर्वेश कुशारे ने हाई जंप में रचा इतिहास

Posted by :- prachi

महाराष्ट्र के नासिक जिले के देवरगांव के रहने वाले सर्वेश कुशारे ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हाई जंप में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. सर्वेश की इस उपलब्धि से उनका परिवार बेहद खुश है. उनकी पत्नी रातभर हनुमान बाण का पाठ करती रहीं और सुबह करीब 4 बजे के बाद परिवार की उनसे बात हुई. इसके बाद घर में बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया. किसान परिवार से आने वाले सर्वेश ने मक्के के छिलकों और कपास से बने देसी मैट पर अभ्यास कर अपनी शुरुआत की थी. शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने मेहनत जारी रखी. साल 2016 में खेल कोटे से सेना में भर्ती होने के बाद उन्हें बेहतर सुविधाएं और ट्रेनिंग मिली, जिससे उनकी प्रतिभा को नई उड़ान मिली. सर्वेश ने 2.25 मीटर की छलांग लगाकर कॉमनवेल्थ में भारत के लिए पहला हाई जंप सिल्वर मेडल जीता. इससे पहले वह 2.31 मीटर की छलांग लगाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बना चुके हैं.

Jul 28, 2026, 1:59 PM (7 घंटे पहले)

मध्य प्रदेश में मूंग पर बढ़ा विवाद, 19 किसान संगठनों का भोपाल मार्च; सरकार से बातचीत की मांग

Posted by :- prachi

मूंग की पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम, हरदा, सीहोर, रायसेन, विदिशा समेत कई जिलों के 19 किसान संगठनों के किसान भोपाल के लिए रवाना हो गए. किसानों ने भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन किया और पुलिस की पहली बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए. पुलिस उन्हें पहले बैरिकेड पर रोकने में नाकाम रही. किसान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर अपनी मांग रखना चाहते हैं. दरअसल, सरकार ने प्रति एकड़ केवल 1 क्विंटल 20 किलो मूंग की MSP पर खरीद की सीमा तय की है, जबकि किसानों का कहना है कि एक एकड़ में औसतन 4 से 5 क्विंटल मूंग का उत्पादन होता है. ऐसे में बाकी उपज उन्हें मंडी में 4,000 से 5,500 रुपये प्रति क्विंटल के कम दाम पर बेचनी पड़ती है, जिससे प्रति क्विंटल 3,000 से 4,000 रुपये तक का नुकसान हो रहा है.

Jul 28, 2026, 1:10 PM (8 घंटे पहले)

असम में बाढ़ से मिली राहत, नहीं हुई कोई नई मौत; 4.45 लाख लोग अब भी प्रभावित

Posted by :- prachi

असम में बाढ़ की स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. अधिकारियों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बाढ़ से किसी नई मौत की खबर नहीं आई है और प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 4.45 लाख रह गई है. फिलहाल शिवसागर, गोलाघाट, चराइदेव, जोरहाट, नगांव और कामरूप (मेट्रो) जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. इनमें चराइदेव सबसे अधिक प्रभावित जिला है. राज्य में अब तक बाढ़ से 68 लोगों की मौत हो चुकी है. राहत के लिए 90 राहत शिविरों में करीब 28,700 लोग ठहरे हुए हैं, जबकि राहत सामग्री वितरण केंद्र भी लगातार काम कर रहे हैं. कई इलाकों में पानी का स्तर घटने से बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है. गांवों में बीमारी फैलने से रोकने के लिए फॉगिंग और सैनिटाइजेशन अभियान शुरू कर दिया गया है. वहीं, बाढ़ में मरे पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है, ताकि जल प्रदूषण और संक्रमण का खतरा न बढ़े.

Jul 28, 2026, 12:51 PM (8 घंटे पहले)

दिल्ली में मूसलाधार बारिश का कहर, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट; सड़कें बनीं तालाब

Posted by :- prachi

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. भारी बारिश के कारण राजधानी के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. नई दिल्ली समेत कई क्षेत्रों में सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है. जनपथ रोड पर भी सड़क पर पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बढ़ने की आशंका है.

Jul 28, 2026, 10:37 AM (10 घंटे पहले)

सोशल मीडिया पर PM मोदी की लोकप्रियता बरकरार, Instagram फॉलोअर्स 105 मिलियन के पार

Posted by :- prachi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. पीएम मोदी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 105 मिलियन यानी 10.5 करोड़ के पार पहुंच गई है. खास बात यह है कि महज एक सप्ताह के भीतर उनके फॉलोअर्स में 4 मिलियन यानी 40 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे पहले पीएम मोदी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 101 मिलियन फॉलोअर्स थे. लगातार बढ़ती लोकप्रियता के साथ पीएम मोदी दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेताओं में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए हुए हैं. 

सोशल मीडिया पर PM मोदी की लोकप्रियता बरकरार
Jul 28, 2026, 9:41 AM (11 घंटे पहले)

असम में बाढ़ का कहर जारी, 6 जिलों में 4.45 लाख लोग संकट में, राहत-बचाव अभियान तेज

Posted by :- prachi

असम में बाढ़ की स्थिति में सोमवार को मामूली सुधार देखने को मिला. पिछले 24 घंटे में बाढ़ से कोई नई मौत दर्ज नहीं की गई, हालांकि राज्य के छह जिलों में अब भी करीब 4.45 लाख लोग प्रभावित हैं. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार सिवसागर, गोलाघाट, चराईदेव, जोरहाट, नगांव और कामरूप (मेट्रो) जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. इस साल बाढ़ और बारिश से अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है. सबसे ज्यादा प्रभावित चराईदेव जिला है, जहां 1.88 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं. इसके बाद सिवसागर और जोरहाट में हालात गंभीर बने हुए हैं. राज्य में 90 राहत शिविरों में करीब 28 हजार से ज्यादा लोग रह रहे हैं. धानसिरी नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं. बाढ़ से हजारों हेक्टेयर फसल और बड़ी संख्या में पशुओं को नुकसान पहुंचा है.
 

Jul 28, 2026, 8:39 AM (12 घंटे पहले)

खरीफ 2026: बुवाई पिछड़ी, उत्पादन पर नजर; धान-मोटे अनाज और तिलहन में आई बड़ी कमी

Posted by :- prachi

कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार खरीफ फसलों की बुवाई इस साल पिछले वर्ष की तुलना में पिछड़ गई है. 24 जुलाई 2026 तक देश में 787.37 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 826.19 लाख हेक्टेयर में खेती हुई थी. मानसून की धीमी शुरुआत और कई राज्यों में कम बारिश के कारण कुल बुवाई क्षेत्र में 38.82 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है. धान, दालों, मोटे अनाज, तिलहन और कपास की खेती का रकबा घटा है, जबकि गन्ना और जूट की खेती में बढ़ोतरी हुई है. विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर देर से बोई जाने वाली फसलों का क्षेत्र बढ़ सकता है. अब किसानों और कृषि क्षेत्र की नजर मानसून की आगे की चाल और खरीफ उत्पादन पर टिकी हुई है.

Jul 28, 2026, 7:35 AM (13 घंटे पहले)

मुंगेर में आज सम्राट चौधरी का दौरा, 10 मॉडल स्कूलों समेत कई योजनाओं का शुभारंभ

Posted by :- prachi

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर और असरगंज का दौरा करेंगे. इस दौरान वे शिक्षा, पुलिस और पेयजल से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ करेंगे. जिला प्रशासन ने उनके दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और यातायात संचालन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा. मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर तारापुर प्रखंड के लौना हेलीपैड पर उतरेगा, जहां वे मॉडल स्कूल का उद्घाटन करने के साथ जिले के 10 नए मॉडल स्कूलों का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद वे हरपुर में नवनिर्मित आदर्श थाना भवन और असरगंज में डिग्री कॉलेज का उद्घाटन करेंगे. मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे. एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और क्विक रिस्पांस टीम तैनात की गई है. दौरे के दौरान आरओ आधारित पेयजल परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी, जिससे छात्रों और आम लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी.

Jul 28, 2026, 7:27 AM (13 घंटे पहले)

दिल्ली-नोएडा में रेड अलर्ट, यूपी-बिहार में भी बदलेगा मौसम

Posted by :- prachi

देशभर में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर अलग-अलग राज्यों में साफ दिखाई दे रहा है. पूर्वोत्तर राज्यों, खासकर असम में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे हजारों लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है. वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और अन्य पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा मौसम बुलेटिन जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) का असर अब तेजी से उत्तर और मध्य भारत की ओर बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से अगले 8 घंटों के भीतर दिल्ली-एनसीआर सहित देश के करीब 22 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है.