Agriculture News Live Update: छत्तीसगढ़ के कांकेर में पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म, किसानों ने किया सड़क जाम

क‍िसान तक Noida | Jun 15, 2026, 4:32 PM IST

पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है. उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी, बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान नीचे आया है. इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने भी आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के कुछ और हिस्सों में दस्तक मजबूत की है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश, तेज हवा, आंधी, ओलावृष्टि और कुछ इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया है.

Agriculture Live Blog

पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है. उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी, बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान नीचे आया है. इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने भी आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के कुछ और हिस्सों में दस्तक मजबूत की है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश, तेज हवा, आंधी, ओलावृष्टि और कुछ इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Jun 15, 2026, 4:31 PM (5 घंटे में)

छत्तीसगढ़ के कांकेर में पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म, किसानों ने किया सड़क जाम

Posted by :- Sandeep kumar

मॉनसून अब छत्तीसगढ़ के बॉर्डर में पहुंच चुका है और किसान खेती की तैयारियों में जुटे हुए है. इसी बीच किसानों के सामने नया संकट उस वक्त खड़ा हो गया, जब डीजल की किल्लत की खबर बाहर आई, किसानों की भीड़ ट्रेक्टर और बड़े बड़े केन के साथ पेट्रोल पंपों में जुटने लगी और धीरे-धीरे शहर के सभी पेट्रोल पंप में डीजल खत्म हो गया, लेकिन किसानों की भारी भीड़ पंप में जमा रही, जैसे ही किसानों को डीजल खत्म होने की जानकारी मिली किसानों ने शहर के ज्ञानी चौक में चक्काजाम कर दिया. किसानों ने समय पर खेतों की जुताई नहीं होने पर खेती पर भारी संकट की बात कही है और धान की उपलब्धता पर भारी किल्लत की आशंका जाहिर की है. 

Jun 15, 2026, 3:50 PM (5 घंटे में)

योगी सरकार का तोहफा: जेवर के किसानों ने पहली बार किया हवाई सफर

Posted by :- prachi

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों के लिए लखनऊ की पहली उड़ान एक भावनात्मक और ऐतिहासिक अनुभव बन गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए इस विकास कार्य के तहत किसानों को पहली बार हवाई यात्रा का अवसर मिला, जिसमें वे नोएडा से लखनऊ पहुंचे. लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचकर किसानों ने खुशी, गर्व और भावुकता व्यक्त की और मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया. किसानों ने कहा कि उनके गांव में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने से उन्हें नई पहचान मिली है और सरकार ने हर वादा पूरा किया है. कई किसानों ने बताया कि हवाई सफर उनका सपना था, जो अब पूरा हो गया. महिला किसानों ने भी इस अनुभव को यादगार बताया. किसानों ने कहा कि विकास का लाभ अब सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है और यह अनुभव उनके जीवन का सबसे खास पल है.

Jun 15, 2026, 3:15 PM (4 घंटे में)

डीजल संकट से भड़के किसान! ज्ञानी चौक पर चक्काजाम, खेती पर मंडराया संकट

Posted by :- prachi

मॉनसून छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक पहुंच चुका है और किसान खेती की तैयारी में जुटे हैं. इसी बीच डीजल की कमी से किसानों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ ही समय में डीजल खत्म हो गया. नाराज किसानों ने ज्ञानी चौक पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. किसानों का कहना है कि खेतों की जुताई के लिए पर्याप्त डीजल नहीं मिल रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है. वे मांग कर रहे हैं कि जब तक पर्याप्त डीजल नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा. पुलिस हालात संभालने में जुटी है.

Jun 15, 2026, 3:03 PM (4 घंटे में)

कर्जमाफी के खिलाफ बड़ा आंदोलन! किसान नेता ने शुरू किया अन्नत्याग

Posted by :- prachi

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में किसान नेता रविकांत तुपकर ने सरकार की कर्जमाफी योजना के खिलाफ अपने घर के सामने अन्नत्याग आंदोलन शुरू किया है. हाल ही में देवेंद्र फड़नवीस सरकार ने किसानों के लिए अहिल्या देवी होल्कर कर्जमाफी योजना की घोषणा की थी, लेकिन किसान नेता का कहना है कि इसमें रखी गई शर्तों से किसानों को वास्तविक लाभ नहीं मिलेगा. उनका कहना है कि पूरे कर्ज की माफी और फसल बीमा का पूरा लाभ मिलना चाहिए. इसी मांग को लेकर उन्होंने आंदोलन शुरू किया है और कहा कि किसानों के हक के लिए वे संघर्ष जारी रखेंगे.

Jun 15, 2026, 2:49 PM (4 घंटे में)

इंसानियत शर्मसार! हादसे में घायल दंपती तड़पते रहे, लोग लूटते रहे आम

Posted by :- prachi

मुजफ्फरपुर के एनएच-27 पर गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर चौक के पास आम से लदा पिकअप वाहन पलट गया. हादसे में मधुबनी निवासी आम कारोबारी अजय पासवान और उनकी पत्नी संतरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए. लेकिन मदद करने के बजाय मौके पर मौजूद लोग सड़क पर बिखरे आम लूटने में जुट गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. अस्पताल में इलाज के दौरान अजय पासवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

Jun 15, 2026, 1:24 PM (2 घंटे में)

मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में पहुंची बारिश की फुहार

Posted by :- prachi

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 15 जून 2026 को आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के बाकी हिस्सों तक पहुंच गया है. इसके साथ ही यह तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में भी सक्रिय हो गया है. मानसून की उत्तरी सीमा हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है. अगले 4 से 5 दिनों में इसके मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ने के अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं.

Jun 15, 2026, 12:44 PM (2 घंटे में)

जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों से मिले सीएम योगी

Posted by :- prachi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों से मुलाकात की और उनसे संवाद किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने किसानों के अनुभव सुने और उनके सुझावों पर भी चर्चा की. किसानों ने भी एयरपोर्ट निर्माण और पहली बार हवाई यात्रा के अपने अनुभव साझा किए. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हितों और उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य करती रहेगी तथा उनके सम्मान और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है.

Jun 15, 2026, 12:31 PM (एक घंटा में)

जहरीली घास बनी काल! 70 भेड़ों की मौत, भेड़पालक को 12 लाख का झटका

Posted by :- prachi

महाराष्ट्र के अकोला जिले के पातुर तालुका के तांदळी शिवार में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां जहरीली वनस्पति के कोंब खाने से करीब 70 भेड़ों की मौत हो गई. इस हादसे से बुलढाणा जिले के खामगांव तालुका के लाखनवाडा गांव के भेड़पालक महादेव शिंगाडे को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. जानकारी के अनुसार, वह अपने लगभग 150 भेड़ों के झुंड को चराने के लिए तांदळी शिवार में लेकर आए थे. चराई के दौरान भेड़ों ने किसी जहरीले पौधे के कोंब खा लिए, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते 70 भेड़ों की मौत हो गई. इस घटना में भेड़पालक को करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. पशुपालन विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जबकि भेड़पालक ने सरकार से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है.

Jun 15, 2026, 11:05 AM (2 मिनट पहले)

जमीन देने वाले किसानों को मिला सम्मान, फ्लाइट से पहुंचे लखनऊ, सीएम ने एक्स पर किया स्वागत

Posted by :- prachi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स (X) पर पोस्ट कर जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ पहुंचे किसानों का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि अन्नदाता हमारे राष्ट्र की समृद्धि की नींव हैं और प्रदेश की विकास यात्रा में किसानों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है. सीएम ने बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जेवर के निर्माण के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले किसानों का वह लखनऊ आगमन पर स्वागत और अभिनंदन करेंगे तथा उनसे संवाद भी करेंगे. उन्होंने कहा कि “अन्नदाताओं का अभिनंदन, समृद्ध भारत का वंदन” की भावना के साथ सरकार प्रत्येक किसान की प्रगति और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है.

Jun 15, 2026, 10:56 AM (11 मिनट पहले)

खेतों से आसमान तक- जेवर के 170 किसान पहली बार पहुंचे फ्लाइट से लखनऊ

Posted by :- prachi

नोएडा के जेवर क्षेत्र के 170 से अधिक किसान और खेतिहर मजदूर नोएडा से फ्लाइट लेकर लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे. किसानों ने बताया कि जिस जमीन पर वे कभी खेती करते थे, वहां से उड़कर राजधानी पहुंचना उनके लिए एक सुखद और अविस्मरणीय अनुभव रहा. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी विमान में बैठने की कल्पना नहीं की थी. बचपन में वे आसमान में उड़ते जहाज को देखकर उसके पीछे भागते थे. मुस्लिम समुदाय के किसान और महिलाएं भी इस यात्रा में शामिल हुईं और मुख्यमंत्री योगी से मिलने को लेकर उत्साहित दिखे. हालांकि कुछ किसानों ने रोजगार की कमी पर भी चिंता जताई.

नोएडा से फ्लाइट लेकर लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे किसान
Jun 15, 2026, 9:59 AM (एक घंटा पहले)

दिल्ली में बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में झमाझम बरसात

Posted by :- prachi

दिल्ली में राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बारिश हुई. हेली रोड जहां बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली. शहर के अलग-अलग इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.

Jun 15, 2026, 9:27 AM (2 घंटे पहले)

अमेरिका-ईरान समझौते का UN ने किया स्वागत, कई देशों की तारीफ की

Posted by :- prachi

संयुक्त राष्ट्र (UN) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते पर दोनों देशों को बधाई दी है. गुटेरेस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह समझौता स्थायी रूप से युद्ध रोकने, हॉर्मुज को फिर से खोलने और आगे की बातचीत के लिए एक अहम कदम है. उन्होंने इस डील को सफल बनाने में मदद करने के लिए पाकिस्तान, कतर, मिस्र, सऊदी अरब और तुर्की जैसे क्षेत्रीय देशों के सकारात्मक रुख की भी जमकर तारीफ की.

Jun 15, 2026, 8:34 AM (3 घंटे पहले)

US-Ira Deal Live: ईरान ने अमेरिका के साथ 14 सूत्री ड्राफ्ट MoU जारी किया

Posted by :- prachi

ईरानी मीडिया आउटलेट मेहर ने अमेरिका के साथ ईरान के प्रस्तावित 14 सूत्री ड्राफ्ट मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) जारी किया है. ईरान इसे दोनों देशों के बीच हो रहे शांति समझौते का प्रारूप बता रहा है. ईरानी मीडिया के अनुसार, ये ड्राफ्ट दोनों पक्षों के बीच चल रही गहन कूटनीतिक वार्ताओं का नतीजा है. मेहर ने इसे पूर्ण 14-पॉइंट ड्राफ्ट बताते हुए दावा किया है कि इसमें ईरान की अधिकांश प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है.

  • 24 अरब डॉलर के फ्रोजन एसेट्स का आधा हिस्सा गंभीर वार्ता शुरू होने से पहले ही रिलीज किया जाएगा.
  • अमेरिकी नौसेना ब्लॉकेड 30 दिनों के अंदर पूरी तरह हटा लिया जाएगा.
  • ईरानी तेल और पेट्रोकेमिकल्स पर लगी पाबंदियां जल्द ही सस्पेंड कर दी जाएंगी.
  • अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को ईरान के पुनर्निर्माण के लिए कम से कम 300 अरब डॉलर का फंड उपलब्ध कराना होगा.
  • हॉर्मुज जलडमरूमध्य को ईरानी सुरक्षा नियंत्रण में फिर से खोल दिया जाएगा.
  • ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्रीय प्रॉक्सी (प्रतिनिधि) गुटों को समर्थन देने के मुद्दे को पूरी तरह वार्ता एजेंडे से हटा दिया गया है.
  • पूरे समझौते को अंतिम रूप देने के लिए केवल 60 दिन का समय तय किया गया है, जिसमें व्यापक प्रतिबंधों में राहत और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की मंजूरी शामिल होगी.
Jun 15, 2026, 8:30 AM (3 घंटे पहले)

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा NCR का गेमचेंजर, रोजगार और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

Posted by :- prachi

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने जेवर (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) से जुड़ी बड़ी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट अब NCR का एक नया “ज्वेल” बनने जा रहा है और यहां से जल्द ही कमर्शियल उड़ानें शुरू होंगी. पीएम मोदी ने मार्च में इसका उद्घाटन किया था और अब संचालन शुरू होने का इंतजार खत्म हो रहा है. पहले फ्लाइट में जमीन देने वाले किसानों को लखनऊ भेजा जाएगा और वे मुख्यमंत्री योगी से मिलेंगे. यह एयरपोर्ट दिल्ली, नोएडा, आगरा को जोड़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा. कार्गो नेटवर्क, MRO, हॉस्पिटैलिटी और कृषि सेक्टर को भी बढ़ावा मिलेगा. मंत्री ने कहा कि भारत में एयरपोर्ट और विमानों की मांग तेजी से बढ़ रही है.

Jun 15, 2026, 7:23 AM (4 घंटे पहले)

पुणे जल संकट, 15 जून से एक दिन छोड़कर होगी पानी सप्लाई

Posted by :- prachi

पुणे महानगरपालिका ने शहर में बढ़ते जल संकट को देखते हुए 15 जून से 20 अगस्त तक एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई करने का निर्णय लिया है. प्रशासन के अनुसार, खडकवासला बांध में जल भंडार काफी कम रह गया है, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है. नई व्यवस्था से प्रतिदिन लगभग 500 एमएलडी पानी की बचत होने की उम्मीद है. नागरिकों से पानी का जिम्मेदारी से उपयोग करने, लीकेज तुरंत ठीक कराने और अनावश्यक पानी की बर्बादी रोकने की अपील की गई है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में जल संकट और गंभीर हो सकता है.

Jun 15, 2026, 7:15 AM (4 घंटे पहले)

उत्तर भारत के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना

Posted by :- prachi

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है.