Agriculture News Live Update: किसानों के आंदोलन पर गुजरात के राज्य मंत्री ने दिया बयान, कहा- सरकार जल्द उठाएगी उचित कदम

क‍िसान तक Noida | Jun 22, 2026, 3:54 PM IST

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले कुछ दिनों में अपनी रफ्तार बढ़ा सकता है और 23 जून 2026 के आसपास तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के अतिरिक्त हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है. दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में पूरे सप्ताह कहीं-कहीं तेज बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत हैं.

Agriculture Live Blog

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले कुछ दिनों में अपनी रफ्तार बढ़ा सकता है और 23 जून 2026 के आसपास तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के अतिरिक्त हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है. दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में पूरे सप्ताह कहीं-कहीं तेज बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत हैं. वहीं गर्मी से राहत सभी जगह नहीं मिलेगी. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Jun 22, 2026, 3:54 PM (5 घंटे में)

किसानों के आंदोलन पर गुजरात के राज्य मंत्री ने दिया बयान, कहा- सरकार जल्द उठाएगी उचित कदम 

Posted by :- Sandeep kumar

मोरबी में किसानों के आंदोलन पर राज्य मंत्री ने एक बयान दिया है. राज्य मंत्री कांतिभाई अमृतिया ने कहा है कि राज्य में किसानों द्वारा हो रहे आंदोलन ओर उनकी मांग को ले कर राज्य सरकार जल्द ही उचित कदम उठाएगी. राज्य मंत्री ने कहा कि जल्द ही ऐसा फैसला लिया जाएगा जिससे राज्य के हर किसान को फायदा होगा. 

Jun 22, 2026, 3:17 PM (5 घंटे में)

आंदोलन कर रहे किसानों के लिए राहत की उम्मीद, सरकार कर रही विचार-विमर्श

Posted by :- prachi

राज्य में किसानों के आंदोलन के बीच राज्य मंत्री कांतिभाई अमृतिया ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर राज्य सरकार गंभीर है और जल्द ही ऐसा निर्णय लिया जाएगा जिससे राज्य के सभी किसानों को लाभ मिलेगा. मंत्री ने बताया कि मोरबी सहित राज्य के कई हिस्सों में किसान विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत कई मंत्री सकारात्मक रुख रखते हैं. साथ ही, कई विधायकों और मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं का उचित समाधान निकालने और उनके हित में जल्द कदम उठाने की मांग की है.

Jun 22, 2026, 1:59 PM (3 घंटे में)

किसानों को राहत देने की तैयारी, धान खरीद व्यवस्था में बड़ा बदलाव संभव

Posted by :- prachi

केरल सरकार ने धान खरीद प्रक्रिया में देरी करने वाली निजी राइस मिलों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का फैसला किया है. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने विधानसभा में कहा कि निर्धारित समय में धान खरीद से जुड़ी प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाली मिलों की जांच की जाएगी. सरकार धान खरीद में निजी मिलों पर निर्भरता कम करने के लिए सप्लाईको के नेतृत्व में केंद्रीकृत व्यवस्था बनाने की संभावना भी तलाश रही है. मंत्री ने बताया कि भंडारण सुविधाओं की कमी के कारण किसानों को परेशानी हो रही है. इसे देखते हुए सरकार धान के लिए अतिरिक्त गोदाम बनाने की संभावना पर भी विचार करेगी, जिससे किसानों को राहत मिल सके.

Jun 22, 2026, 12:48 PM (2 घंटे में)

महाराष्ट्र में किसानों की कर्जमाफी पर सियासी घमासान, विपक्ष का बड़ा प्रदर्शन

Posted by :- prachi

महाराष्ट्र में मॉनसून सत्र से पहले विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सरकार के खिलाफ विधानमंडल परिसर की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया. शिवसेना (UBT) के आदित्य ठाकरे, अंबादास दानवे और कांग्रेस के सतेज पाटिल सहित नेताओं ने किसानों के लिए बिना शर्त पूर्ण कर्जमाफी की मांग की. विपक्ष का कहना है कि सरकार की योजना में कई शर्तें होने से कई पात्र किसान बाहर हो जाएंगे. दूसरी ओर, सरकार ने 36,585 करोड़ रुपये की ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्जमुक्ति योजना’ के तहत 56 लाख किसानों को लाभ देने की घोषणा की है, जिसमें 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी शामिल है.

Jun 22, 2026, 12:06 PM (2 घंटे में)

पंजाब की महिलाओं को मिलेगी आर्थिक राहत, 1 जुलाई से आएगी राशि

Posted by :- prachi

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए पंजाब की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि 1 जुलाई को उनके प्रवास में तीन महीने की राशि एक साथ जाएगी. सामान्य वर्ग की हर महिला को 3,000 रुपये और एससी वर्ग की हर महिला को 4,500 रुपये दिए जाएंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी परिवार में एक से अधिक महिलाएं हैं, तो हर महिला को यह सम्मान राशि अलग-अलग मिलेगी. केजरीवाल ने इसे दुनिया का सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम बताया और कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है.

Jun 22, 2026, 11:59 AM (एक घंटा में)

बंगाल की पारंपरिक कला से बने इको-फ्रेंडली फाइल्स

Posted by :- prachi

पश्चिम बंगाल में नव-निर्वाचित भाजपा सरकार द्वारा वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता के नेतृत्व में वित्त वर्ष 2026-27 का पहला पूर्ण बजट विधानसभा में पेश किया जाएगा. इस बजट की खास बात यह है कि बजट फाइल को पश्चिम बंगाल की पारंपरिक चटाई और जूट से तैयार किया गया है, जो राज्य की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को दर्शाता है. यह पहल परंपरा और आधुनिक शासन व्यवस्था के सुंदर समन्वय का प्रतीक मानी जा रही है. परंपरा और आधुनिकता का एक शानदार मेल- पश्चिम बंगाल की पारंपरिक चटाइयों और जूट से बने किफायती फ़ोल्डर, जो टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल भी हैं.

देसी जूट और चटाई से बने स्टाइलिश बजट फाइल्स
Jun 22, 2026, 11:55 AM (एक घंटा में)

बिहार में किसानों को राहत पैकेज, डीबीटी से 200 करोड़ रुपये जारी

Posted by :- prachi

बिहार में मार्च महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह के दौरान आए आंधी-तूफान, असमय बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ था. इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार ने मुआवजे की घोषणा की थी. इसी क्रम में सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत करीब 3 लाख 96 हजार से अधिक किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 200 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि भेजी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की घड़ी में सरकार का खजाना हमेशा किसानों के लिए खुला रहता है. उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने आवेदन किया था, उन सभी के खातों में राशि भेज दी गई है. साथ ही जो नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनके सत्यापन के बाद जल्द ही भुगतान किया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के लगभग 13 जिलों में इस आपदा से व्यापक नुकसान हुआ था. मुख्यमंत्री ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ने की अपील की ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों में उन्हें बेहतर सुरक्षा मिल सके.

Jun 22, 2026, 11:31 AM (एक घंटा में)

बिहार में जमीन व्यवस्था पर बड़ा बदलाव, दाखिल-खारिज में अब सख्त जांच

Posted by :- prachi

बिहार सरकार ने दाखिल-खारिज प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला लिया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि हर दाखिल-खारिज मामले में सरकारी जमीन के रिकॉर्ड का अनिवार्य रूप से मिलान किया जाए. इसका उद्देश्य सरकारी जमीन पर होने वाली गलत जमाबंदी और फर्जी दावों पर रोक लगाना है. अब बिहार भूमि पोर्टल पर दर्ज सरकारी भूमि की सूची से मिलान करने के बाद ही किसी भी आवेदन का निपटारा किया जाएगा. सरकार ने सरकारी जमीन के ट्रांसफर की प्रक्रिया को भी आसान बनाया है. नए नियमों के अनुसार अब जिलाधिकारी 10 एकड़ तक सरकारी या गैरमजरूआ आम जमीन का मुफ्त हस्तांतरण कर सकेंगे. 10 से 20 एकड़ तक जमीन ट्रांसफर का अधिकार प्रमंडलीय आयुक्त को दिया गया है, जबकि 20 एकड़ से अधिक जमीन के लिए कैबिनेट की मंजूरी आवश्यक होगी. विकास योजनाओं में तेजी लाने के लिए 2014 के पुराने नियम में यह बड़ा बदलाव किया गया है.

Jun 22, 2026, 11:28 AM (एक घंटा में)

मॉनसून सत्र से पहले सियासी हलचल तेज: बारिश संकट, विपक्ष का बहिष्कार और सरकार के बड़े दावे

Posted by :- prachi

कृषि और मौसम पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि अल नीनो का असर लंबा रहेगा और जून में 80% बारिश की कमी है. कोकण में 23 जून के बाद बारिश संभव है, जबकि मराठवाड़ा और विदर्भ में कम बारिश रहेगी. जुलाई मध्य में छिटपुट बारिश खेती के लिए उपयोगी होगी. जल भंडारण 24% है, इसलिए पेयजल बचाने और जल्दबाजी में बुवाई न करने की सलाह दी गई.

Jun 22, 2026, 10:47 AM (14 मिनट में)

किसानों को बड़ी राहत, 200 करोड़ रुपये डीबीटी से सीधे खातों में ट्रांसफर की जा रही

Posted by :- prachi

बिहार में किसानों को ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान की भरपाई के लिए सरकार द्वारा 200 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में भेजी जा रही है. इस कदम से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक मदद मिल रही है, जिससे वे खरीफ और रबी फसलों की तैयारी कर सकेंगे. फसल क्षति के कारण जिन किसानों की आय प्रभावित हुई थी, उन्हें अब बीज, खाद और कृषि निवेश के लिए राहत मिलेगी. सरकार की यह पहल कृषि गतिविधियों को दोबारा गति देने और किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

Jun 22, 2026, 9:02 AM (2 घंटे पहले)

खदान से निकला करोड़ों की उम्मीद जगाने वाला हीरा, 25 लाख तक होगी नीलामी

Posted by :- prachi

पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर किस्मत का खजाना उगल दिया है. नोएडा निवासी मीणा सिंह की जरुआपुर गांव स्थित उथली हीरा खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का बेशकीमती हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, कोरोना काल के बाद मीणा सिंह के पति राणा सिंह पन्ना आए थे और हीरों की कहानियों से प्रेरित होकर खदानों का कार्य शुरू किया. अब तक उन्हें 15 छोटे-बड़े हीरे मिल चुके हैं. प्राप्त हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है, जिसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा.

Jun 22, 2026, 8:09 AM (2 घंटे पहले)

मुंबई में मौसम का बदला मिजाज, येलो अलर्ट के साथ मॉनसून का आगाज

Posted by :- prachi

मुंबई में मानसून 2026 ने दस्तक दे दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मुंबई और आसपास के इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की है.

Jun 22, 2026, 7:26 AM (3 घंटे पहले)

दिल्ली-NCR में आज का मौसम का पूर्वानुमान

Posted by :- prachi

मौसम विभाग ने आज (22 जून) राजधानी में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे एक दिन पहले, रविवार को दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मौसमी औसत से 0.3 डिग्री अधिक था।