
देश के कई हिस्सों में 4 अगस्त को मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. असम-मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और केरल में भी अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
उत्तर प्रदेश विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश होने से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) विधायकों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन की अगुवाई सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने की. सपा विधायक दान पात्र, खाद्य सामग्री और साइकिल लेकर विधानसभा पहुंचे और कई मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा. प्रदर्शन में फहीम इरफान, कमाल अख्तर, नसीम सोलंकी, अमिताभ बाजपेयी समेत कई विधायक शामिल हुए. इस दौरान शिवपाल यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी आतंकी गतिविधियों से जुड़े लोगों को संरक्षण देती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा बीजेपी को हरा देगी. वहीं सपा विधायक फहीम इरफान ने कहा कि बीजेपी के पास जब मुद्दे नहीं होते तो वह ऐसे बयान देकर लोगों को भटकाने का काम करती है. उन्होंने कहा कि बिहार के नतीजे बदलाव की शुरुआत हैं और आने वाले यूपी चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा.
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के प्रधानमंत्री आवास तक प्रस्तावित मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इसकी कोई अनुमति नहीं दी गई है. पुलिस के मुताबिक, केजरीवाल की ओर से भी इस मार्च के लिए कोई परमिशन नहीं मांगी गई है. दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि प्रधानमंत्री आवास तक किसी भी तरह का मार्च नहीं होने दिया जाएगा. राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है. पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी.
मध्य प्रदेश में कमजोर मॉनसून ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. इस बार पिछले साल के मुकाबले धान और सोयाबीन की बुवाई का रकबा कम दर्ज किया गया है. बारिश की कमी का असर अब खेतों में खड़ी फसलों पर भी दिखाई देने लगा है, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका सता रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश के आसार नहीं हैं. वहीं अगस्त महीने में भी सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया गया है. ऐसे में पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे किसानों की मुश्किलें और बढ़ती जा रही हैं.
हरियाणा के सिरसा में 5 अगस्त को भारतीय किसान एकता (BKE) के नेतृत्व में किसान और मजदूर बड़ा मार्च निकालेंगे. सभी प्रदर्शनकारी सुबह 10:30 बजे जाट धर्मशाला में एकत्र होंगे और वहां से उपायुक्त कार्यालय तक मार्च करेंगे. आंदोलन के दौरान राष्ट्रपति और हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपे जाएंगे. किसानों की प्रमुख मांगों में एमएसपी की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करना, कृषि ऋण माफी, बिजली संशोधन और बीज विधेयक वापस लेना शामिल है. इसके अलावा किसानों ने फसल बीमा दावों का भुगतान, खरीफ 2020 के लंबित मुआवजे की राशि जारी करने, नहरों में पर्याप्त पानी, निर्बाध बिजली आपूर्ति और समय पर खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की है. संगठन का कहना है कि यदि सरकार जल्द इन मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इस प्रदर्शन में सिरसा और आसपास के कई गांवों के किसानों के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है.
असम, गुजरात समेत देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. सबसे ज्यादा असर असम में देखने को मिल रहा है, जहां बाढ़ के कारण 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है. नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में सड़क संपर्क भी बाधित हो गया है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 4 अगस्त को देश के 19 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. IMD ने असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार और उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी तेज बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और मध्य भारत में भी मॉनसून का असर बना रहेगा. बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर बारिश होगी. बिहार और झारखंड में कुछ जगह भारी बारिश की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. मध्य प्रदेश में फिलहाल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि 5 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं.