
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 अगस्त के लिए देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. गुजरात में अब बारिश की रफ्तार धीरे-धीरे कम होने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. वहीं, राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश और कई जगहों पर बिजली गिरने, 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
सावन माह शुरू होते ही केदार धाम में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी है. अब हज़ारों की संख्या में भक्त पहुंचने लगे हैं, जिससे धाम की रौनक भी लौट आयी है. मंदिर परिसर भक्तों से भरा पड़ा है.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद पंजाब में बीजेपी सत्ता में आएगी और किसानों से उनकी सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदेगी.
सैनी पंजाब के कोटकपुरा में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को की थी.
अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने का भरोसा जताते हुए सैनी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, बीजेपी पंजाब में भी हरियाणा की तरह ही हमारे किसानों को मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए काम करेगी."
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की ओर से नए कदम की शुरुआत की गई है. अब नए कस्टमर्स को गैस कनेक्शन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि अब फटाफट कनेक्शन हो जाएगा. दरअसल, बीपीसीएल ने 10 किलो वाला नया सिलेंडर लॉन्च किया है और अब इसका कनेक्शन भी शुरू कर दिया गया है.
10 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 1500 रुपये तक हो सकती है. हालांकि, अभी तक अधिकारिक तौर पर जानकारी सामने नहीं आई है.
सूरत शहर और ग्रामीण इलाकों में पिछले 24 घंटों से बारिश का दौर थम गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भीषण गर्मी और लगातार हो रही जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिली है. हालांकि, बारिश रुकने के बावजूद निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. सूरत के लिंबायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मीठी खाड़ी इलाके में खाड़ी का पानी सड़कों और निचले हिस्सों में भरा हुआ है. खाड़ी का जलस्तर अधिक होने के कारण पानी की स्वाभाविक निकासी धीमी बनी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
साबरकांठा के इडर में पिछले एक घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित हुआ है. इडर के ठीक बीच से गुजरने वाली डेभोल नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया. हालात इतने खतरनाक हो गए कि नदी के तेज बहाव में एक कार के संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह पानी के तेज बहाव में तिनके की तरह बहने लगी.
पंजाब के किसान E20 (इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) कार्यक्रम के समर्थन में सामने आए हैं. उनका कहना है कि इस योजना से मक्के की मांग बढ़ी है, जिससे किसानों को बेहतर कीमत और अधिक आय मिल रही है. पहले जहां अधिकतर किसान गेहूं और धान की खेती पर निर्भर थे, वहीं अब कई किसान मक्के की खेती की ओर बढ़ रहे हैं. किसानों का मानना है कि यदि E20 कार्यक्रम को रोका गया या इसमें बदलाव किया गया तो सबसे ज्यादा नुकसान मक्का उगाने वाले किसानों को होगा. कृषि विशेषज्ञों का भी कहना है कि इथेनॉल उद्योग फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित उद्योगों के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है. वहीं, केंद्र सरकार का दावा है कि E20 से कच्चे तेल का आयात कम होगा, प्रदूषण घटेगा और किसानों की उपज की मांग बढ़ेगी. ऐसे में पंजाब के किसान चाहते हैं कि इस योजना को जारी रखा जाए और इसे राजनीतिक विवाद से दूर रखा जाए.
अभिनेता रणदीप हुड्डा ने असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे बढ़कर राहत सामग्री वितरित की. उन्होंने शिवसागर जिले के निमाजान इलाके में पहुंचकर बाढ़ से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और जरूरत का सामान उपलब्ध कराया. इस दौरान उन्होंने लोगों की परेशानियां सुनीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. रणदीप हुड्डा के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की.
गुजरात के खेड़ा जिले के वसो गांव में भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. मौसम विभाग की चेतावनी के बीच यहां 24 घंटे में 17 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद पूरे गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए. मुख्य बाजार, रिहायशी इलाके, पंचायत कार्यालय और सरकारी स्कूल पानी में डूब गए हैं. सेवा सहकारी मंडली में पानी भरने से खाद, बीज, फसल और राशन के सामान को भी नुकसान पहुंचा है. कई घरों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पिछले 20 वर्षों में बारिश का ऐसा विकराल रूप पहली बार देखा है. लगातार बारिश की आशंका को देखते हुए लोग अपने घरों को सुरक्षित रखने के लिए खुद इंतजाम कर रहे हैं. वहीं, प्रशासन के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करते हुए देश के युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की. इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 100 रविवार नशा मुक्त भारत बनाने की दिशा में 100 मजबूत कदम साबित होंगे. उन्होंने बताया कि इस अभियान से देशभर के हजारों स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के लाखों विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है. उन्होंने नशे को समाज और देश की प्रगति के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए युवाओं को जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया. इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है.
तमिलनाडु में कृषि बजट पेश होने से पहले कृषि मंत्री आर विनोद के तिरुमला वेंकटेश्वर मंदिर जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. मंत्री मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे और उनके हाथ में कृषि बजट से जुड़ा एक दस्तावेज दिखाई दिया. उन्होंने कहा कि उन्होंने बजट को सफलतापूर्वक पेश करने के लिए भगवान का आशीर्वाद लिया है. इस पर विपक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि विधानसभा में पेश होने से पहले बजट दस्तावेज को बाहर ले जाना नियमों के खिलाफ हो सकता है. विवाद बढ़ने के बाद मंत्री ने सफाई दी कि उनके पास पूरा बजट नहीं, बल्कि केवल बजट की प्रस्तावना थी, जिसमें कुछ मुख्य बातें शामिल थीं. अंतिम बजट दस्तावेज विभागीय सचिव के पास सुरक्षित है. वहीं, विपक्षी दलों ने इसे विधानसभा की परंपरा और बजट की गोपनीयता से जुड़ा मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है.
केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कई बांधों को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मूसियार, कल्लारकुट्टी, एरट्टयार, लोअर पेरियार और पोरिंगलकुथु बांधों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है. भारी बारिश के कारण इन जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है. अधिकारियों ने बांधों के आसपास और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. लगातार बारिश जारी रहने पर जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांधों से पानी छोड़े जाने की संभावना भी बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
कर्नाटक के मैसूर स्थित कबिनी बांध से तमिलनाडु के लिए 12,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. केरल के जलग्रहण क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण कबिनी जलाशय में पानी की आवक अचानक बढ़ गई, जिसके बाद बांध से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ने का फैसला लिया गया. शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कावेरी नीरावरी निगम लिमिटेड (CNNL) ने जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए पानी छोड़ना शुरू किया. अधिकारियों के अनुसार, शनिवार शाम तक बांध से पानी का बहाव बढ़ाकर 12,000 क्यूसेक कर दिया गया, जो आगे कावेरी नदी के रास्ते तमिलनाडु की ओर जा रहा है. बांध में पानी की आवक करीब 40,000 क्यूसेक तक पहुंच गई थी, जिसके चलते जल संसाधन विभाग ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलस्तर नियंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू की. प्रशासन ने कबिनी और कावेरी नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश जारी रहने पर नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है.
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह गांव किसानों और पशुपालकों का गांव है, जहां लोगों की आजीविका का मुख्य आधार कृषि है. उन्होंने बताया कि यहां छोटे स्तर पर खेती की जाती है, लेकिन किसान मेहनत के साथ जैविक खेती को अपनाकर बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं. मुख्यमंत्री ने गांव की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां की माताएं और बहनें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का जज्बा रखती हैं. उन्होंने कहा कि गांव हर क्षेत्र में विकास की ओर अग्रसर है और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे किसानों और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है.
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के कई इलाकों में शनिवार को बारिश हुई. बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली. हालांकि, कुछ निचले इलाकों में जलभराव की भी स्थिति देखने को मिली, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
केरल के मलप्पुरम जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चलियार नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के पास जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.
देशभर में लगातार हो रही बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर गंभीर मौसम चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार आज, 2 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 12 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. कई इलाकों में 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. किसानों के लिए भी यह मौसम चिंता बढ़ाने वाला है, क्योंकि तेज बारिश और आंधी से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. वहीं, अगले एक सप्ताह तक पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर पड़ते हुए आगे बढ़ेगा, जिसका असर कई राज्यों के मौसम पर देखने को मिलेगा.