
केरल में मॉनसून के दस्तक देने के बाद देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने दक्षिण भारत से लेकर उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में इससे ज्यादा तेज झोंकों की भी संभावना जताई गई है. पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि और पश्चिमी इलाकों में धूलभरी आंधी की आशंका बनी हुई है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में प्रस्तावित एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल एरिया के लिए ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है. यह कदम तब उठाया गया जब 3,000 से ज़्यादा किसानों ने ज़िला कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया.
पिछले कुछ दिनों से धरने पर बैठे इन किसानों का कहना था कि चर्मोरशी में एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स के लिए उनकी उपजाऊ ज़मीन का अधिग्रहण किया जा रहा था.
आज से 29 रुपये घरेलू गैस के दाम बढ़ोतरी पर शरद पवार का बयान...प्रधानमंत्री लगातार कह रहे हैं कि महंगाई नियंत्रण में है, लेकिन 'नियंत्रित' का मतलब यही है कि बार-बार झटका झेलना होगा — इसकी राजनीतिक कीमत सत्ता पक्ष को सही समय पर चुकानी पड़ेगी.
भोपाल में लगा आम महोत्सव,आम महोत्सव ने 152 से ज्यादा आम की प्रदर्शनी लगी,आम के शौकीनों को भा रहा आम महोत्सव ,भोपाल के जवाहर बाग में 50 एकड़ से जायदा जगह में आम के बगीचे में लगाए गए देश ओर विदेशी आम के पेड़ ,शुगर फ्री आम ने भी बढ़ाई लोगों की दिलचस्पी गर्मी के मौसम में जहां बाजारों में आम की मिठास छाई हुई है, वहीं शहर में लगी विशेष आम प्रदर्शनी लोगों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गई है. यहां देश-विदेश की दुर्लभ और खास किस्मों के आम लोगों को न सिर्फ अपनी ओर खींच रहे हैं, बल्कि उनकी कीमतें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं.
महाराष्ट्र में 15 जून से पहले व्यापक और संतोषजनक मानसूनी बारिश होने की संभावना कम है. इसे देखते हुए कृषि एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने किसानों को जल्दबाजी में बुवाई शुरू न करने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार, दक्षिण कोंकण के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, लेकिन राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है. विदर्भ, मराठवाड़ा, खानदेश और मध्य महाराष्ट्र में छिटपुट बारिश और गरज-चमक हो सकती है, लेकिन यह बुवाई के लिए पर्याप्त नहीं होगी. किसानों से मौसम पर नजर रखते हुए अच्छी और लगातार बारिश का इंतजार करने को कहा गया है.
वाराणसी में नगर निगम ने शहर को अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यटन के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है. नगर निगम की सदन बैठक में सहमति बनी कि शहर के भीतर संचालित मीट-मांस और मछली की दुकानों को अगले छह महीनों में शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित किया जाएगा. इसके लिए रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है. महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि काशी धर्म और आध्यात्म की नगरी है, जहां लाखों पर्यटक आते हैं, इसलिए ऐसी दुकानों को शहर के बाहर होना चाहिए. वहीं, कुछ पार्षदों ने व्यवसायियों की आजीविका को लेकर भी चिंता जताई.
जलगांव जिले के रावेर और मुक्ताईनगर तहसीलों में आए भीषण तूफान और तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है.
तेज हवाओं और चक्रवाती बारिश के कारण हजारों हेक्टेयर में फैली केले की फसल पूरी तरह प्रभावित हुई है. खेतों में खड़ी फसल जमीन पर बिछ गई है, जिससे किसानों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रावेर और मुक्ताईनगर क्षेत्र में लगभग 2540 हेक्टेयर में केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.
नागपुर, महाराष्ट्र में वर्ल्ड पोहा डे के मौके पर मशहूर शेफ विष्णु मनोहर ने 3000 किलो ताड़ी पोहा तैयार किया. इस खास आयोजन का उद्देश्य दुनिया को नागपुर के पोहा की पहचान से रूबरू कराना था. शेफ विष्णु मनोहर ने बताया कि नागपुर का ताड़ी पोहा मध्य भारत की शान और यहां का प्रमुख भोजन है. इसे हर आगंतुक को जरूर चखना चाहिए. इसमें इस्तेमाल होने वाली ताड़ी, जो देसी चने से बनती है, प्रोटीन से भरपूर होती है और इस डिश को खास और अनोखा स्वाद देती है. यह आयोजन स्थानीय संस्कृति और स्वाद को बढ़ावा देने का प्रयास है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 से 13 जून तक इंदौर में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों का एक महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. यह सम्मेलन वैश्विक कृषि सहयोग और नवाचार को नई दिशा देने का काम करेगा. इसमें कृषि क्षेत्र से जुड़ी नई तकनीकों, नीतियों और विकास के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय साझेदारी मजबूत होगी.
जमशेदपुर के जिला मुख्यालय में पूर्वी सिंहभूम के आम प्रेमियों द्वारा आमों की एक भव्य प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. प्रदर्शनी में मालदा, अल्फांसो और आम्रपाली जैसे कई प्रमुख आमों की किस्में देखने को मिलीं. खासकर आम्रपाली आम की काफी मांग रही, जिसका वजन 750 ग्राम से लेकर 1 किलो तक पाया गया. बताया गया कि पिछले वर्ष इसका निर्यात सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में भी हुआ था. इस साल बंपर पैदावार को देखते हुए जिला प्रशासन ने किसानों की मेहनत को सराहा और कुछ आमों को अंतरराष्ट्रीय किसान मेले के लिए चयनित किया जाएगा.
कूनो नेशनल पार्क में भारतीय मूल की चीता केजीपी 11 की मौत हो गई है. यह चीता 1 जून को मुरैना के पहाड़गढ़ इलाके में घायल अवस्था में मिली थी. उसे इलाज के लिए कूनो लाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे वन्यजीव संरक्षण को झटका लगा है.
हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में मांस और शराब की बिक्री पहले से ही प्रतिबंधित है, लेकिन अब खाने के नामों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. अखंड परशुराम अखाड़ा के नेतृत्व में साधु-संतों ने अभियान चलाकर वेज बिरयानी के नाम से चल रहे ठेलों और बोर्डों पर वेज पुलाव के पोस्टर लगाए. यह कदम नाम बदलने की मांग को लेकर चर्चा में है.
8 जून 2026 को पटना में ऑटो-रिक्शा चालकों ने एक दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है, जिससे शहर की परिवहन सेवा प्रभावित होने की संभावना है. ऑटो यूनियन ने कई अहम मांगें उठाई हैं, जिनमें दो इंट्री नियमों का सख्त पालन और स्टेशन से डाकबंगला तक अवैध ऑटो व ई-रिक्शा संचालन पर रोक शामिल है. चालकों ने ऑटो किराया बढ़ाने की भी प्रमुख मांग रखी है. इसके अलावा मल्टी लेवल पार्किंग से गोलंबर तक सड़क मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की अपील की गई है. यूनियन ने शहर के प्रमुख स्थानों पर स्थायी और सुविधायुक्त ऑटो स्टैंड बनाने की मांग भी की है.
एलपीजी उपभोक्ताओं को एक बार फिर झटका लगा है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. दिल्ली में अब यह सिलेंडर 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये का हो गया है. नई कीमतें 7 जून से लागू हो गई हैं. इस बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं का घरेलू बजट प्रभावित होने की आशंका है.
महाराष्ट्र के अकोला जिले में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज आंधी और बारिश ने शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी जनजीवन को प्रभावित किया. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस बदले मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है. तेज हवाओं के कारण जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. कई बागानों में केले के पेड़ जड़ समेत उखड़कर जमीन पर गिर गए. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हुई आंधी-बारिश से भी किसानों को बड़ा नुकसान हुआ था, जिससे वे अभी तक पूरी तरह उबर नहीं पाए थे. लगातार हो रहे नुकसान से चिंतित किसानों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है. वहीं प्रशासन ने नुकसान के आकलन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के संकेत दिए हैं.
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने देश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. एक ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है, तो दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों में गर्मी अब भी लोगों को परेशान कर रही है. हालांकि मौसम विभाग ने रविवार से उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गोवा और पूर्वोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ सकता है. इसके प्रभाव से इन क्षेत्रों में भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. केरल और माहे में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां 204.5 मिमी से अधिक बारिश होने का अनुमान है. तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.