Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Noida | May 7, 2026, 9:37 PM IST

देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में जहां तेज गर्मी पड़ रही है, वहीं कई जगहों पर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा. दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के आसार हैं, जिससे कुछ राहत मिल सकती है.

Agriculture Live Blog

देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में जहां तेज गर्मी पड़ रही है, वहीं कई जगहों पर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा. दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के आसार हैं, जिससे कुछ राहत मिल सकती है. इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

May 7, 2026, 8:14 PM (17 दिन पहले)

विजय कुमार स‍िन्‍हा को एक बार फिर कृषि विभाग का जिम्‍मा मिला

Posted by :- Prateek

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ लेने के बाद अब मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. नई कैबिनेट में कई वरिष्ठ और नए चेहरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इस विस्तार के जरिए सरकार ने प्रशासनिक संतुलन और विभिन्न क्षेत्रों के विकास को ध्यान में रखते हुए मंत्रालयों का बंटवारा किया है. बिहार में एक बार विजय कुमार सिन्हा को कृषि विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले नीतीश कैब‍िनेट में कुछ समय तक डिप्‍टी सीएम रहते हुए भी वे कृषि मंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं. हालांकि, उनके बाद में इस विभाग का जिम्‍मा रामकृपाल यादव को सौंपा गया था. अब एक बार फिर उनके हाथ इस विभाग की कमान सौंपी गई है.
 

May 7, 2026, 7:35 PM (17 दिन पहले)

कमज़ोर मांग के चलते बिनौला तेल वायदा कीमतों में गिरावट

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: गुरुवार को वायदा कारोबार में बिनौला तेल खली की कीमतें 6 रुपये गिरकर 3,485 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गईं। हाज़िर बाज़ार में कमज़ोर रुझानों के चलते कारोबारियों ने अपनी सौदेबाज़ी कम कर दी थी. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) पर, जून डिलीवरी के लिए बिनौला तेल खली का सौदा 6 रुपये, या 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,485 रुपये प्रति क्विंटल पर हुआ. इसमें 31,660 लॉट का ओपन इंटरेस्ट (खुला सौदा) दर्ज किया गया. विश्लेषकों ने बताया कि बाज़ार में सुस्त रुझान के बीच मौजूदा कीमतों पर कारोबारियों द्वारा की गई बिकवाली के दबाव के चलते बिनौला तेल खली की कीमतों में गिरावट आई. (PTI)

May 7, 2026, 6:43 PM (17 दिन पहले)

मंत्री प्रमोद कुमार ने केन्द्रीय और राज्य नेतृत्व के प्रति जताया आभार, सुशील मोदी को अर्पित की श्रद्धांजलि

Posted by :- Prateek

बिहार सरकार में दूसरी बार मंत्री पद का शपथ लेने के बाद डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने पार्टी के केन्द्रीय व राज्य नेतृत्व के प्रति आभार जताया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार प्रदेश भाजपा प्रभारी सांसद विनोद तावडे, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत राज्य व केन्द्र के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति कृतज्ञता जताते हुए आभार प्रकट किया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में पटना के गांधी मैदान में शपथ लेने के बाद मंत्री प्रमोद कुमार कंकड़बाग स्थित पार्क में पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार लाने में स्वर्गीय सुशील मोदी ने लालू-राबड़ी के जंगल राज के खिलाफ एक कुशल योद्धा की तरह लड़ाई लड़ा था. सुशील मोदी समेत दर्जनों नेताओं के संघर्ष और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता का यह प्रतिफल है कि बिहार में पूर्ण बहुमत के साथ एनडीए की सरकार है. इस अवसर पर मंत्री प्रमोद कुमार ने कंकड़बाग स्थित पार्क में दिवंगत उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की स्मृति में कपूर और रुद्राक्ष के पौधे लगाए.

May 7, 2026, 6:26 PM (17 दिन पहले)

वैज्ञानिकों को लीची की शेल्‍फ लाइफ बढ़ाने में मिली सफलता, शिवराज बोले- किसानों की समस्‍या हल हुई

Posted by :- Prateek

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- पिछले साल जब हमने विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया था, तब लीची किसानों ने अपनी बड़ी चिंता हमारे सामने रखी. किसानों ने कहा कि लीची 2-4 दिन में खराब हो जाती है, इसलिए उन्हें मजबूरी में औने-पौने दाम पर बेचनी पड़ती है. किसानों की इस समस्या को हमने गंभीरता से लिया और हर फल की सेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए ICAR की विशेष टीम बनाई.

हमारी वैज्ञानिक टीमें लगातार रिसर्च और अनुसंधान कर रही हैं, ताकि फलों को ज्यादा समय तक सुरक्षित रखा जा सके. आज किसानों ने भी पंचायत में यही मांग दोहराई और हमने इसके लिए विशेष टीमें काम पर लगा दी हैं. मुझे खुशी है कि बागवानी संस्थानों की टीम ने आम की सेल्फ लाइफ 25 से 30 दिन तक बढ़ाने में सफलता हासिल की है. सेल्फ लाइफ बढ़ने से किसानों का उत्पादन सुरक्षित रहेगा और उन्हें बेहतर दाम मिल सकेंगे.

May 7, 2026, 6:02 PM (17 दिन पहले)

पर्याप्त सप्लाई के बीच ग्वार बीज वायदा कीमतों में गिरावट

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: गुरुवार को वायदा कारोबार में, पर्याप्त सप्लाई के चलते ग्वार बीज की कीमतों में मामूली गिरावट आई. कीमतें 34 रुपये गिरकर 5,812 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गईं. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) पर, जून डिलीवरी वाले ग्वार बीज के कॉन्ट्रैक्ट 34 रुपये, या 0.09 प्रतिशत गिरकर 5,812 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गए. इन कॉन्ट्रैक्ट्स में ओपन इंटरेस्ट 20,785 लॉट रहा. बाजार जानकारों ने ग्वार बीज की कीमतों में आई इस गिरावट का कारण, ग्वार उगाने वाले क्षेत्रों से सप्लाई में हो रही बढ़ोतरी को बताया. (PTI)

May 7, 2026, 5:40 PM (17 दिन पहले)

वैश्विक मसाला व्यापार में स्थिरता और कड़े खाद्य सुरक्षा मानक जरूरी: विशेषज्ञ

Posted by :- Prateek

कोच्चि: एक भारत-डच सेमिनार में विशेषज्ञों ने कहा कि स्थिरता, पता लगाने की क्षमता (traceability) और कड़े खाद्य सुरक्षा मानक वैश्विक मसाला व्यापार में प्रतिस्पर्धा के लिए अहम कारक हैं. यह सेमिनार - 'टिकाऊ मसाला मूल्य श्रृंखलाएं' (Sustainable Spice Value Chains) - बुधवार को यहां 'ले मेरिडियन' में आयोजित किया गया था. इसका आयोजन दक्षिण भारत के लिए नीदरलैंड साम्राज्य के महावाणिज्य दूतावास ने 'वर्ल्ड स्पाइस ऑर्गनाइज़ेशन' के सहयोग से किया था. गुरुवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस कार्यक्रम में निर्यातक, किसान उत्पादक संगठन (FPOs), स्थिरता विशेषज्ञ, अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियां ​​और सरकारी प्रतिनिधि एक साथ आए. उन्होंने मसाला क्षेत्र के लिए मज़बूत और समावेशी मॉडलों पर विचार-विमर्श किया. (पीटीआई)

May 7, 2026, 5:02 PM (17 दिन पहले)

वैश्विक मंच पर चमका आंध्र का प्राकृतिक खेती मॉडल, फूड प्लैनेट प्राइज 2026 के फाइनल में APCNF

Posted by :- Prateek

आंध्र प्रदेश कम्युनिटी मैनेज्ड नेचुरल फार्मिंग (APCNF) कार्यक्रम को 2026 के प्रतिष्ठित “Food Planet Prize” के लिए वैश्विक फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया है. यह पहली भारतीय पहल है जो इस चरण तक पहुंची है और इसे लगभग 1.4 करोड़ रुपये के अनुदान के लिए पात्र माना गया है. इस वर्ष फूड प्लैनेट प्राइज के लिए दुनिया भर से 1000 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 35 पहलों को लंबी सूची में शामिल किया गया था. यह पहल 19 देशों और छह महाद्वीपों से चुनी गई थीं. इस लंबी सूची में भारत की छह पहलें शामिल थीं, जिनमें AI GENIX, APCNF, AquaNurch by NatureDots, BioPrime AgriSolutions, GRAVIS और Varaha Climate शामिल हैं. इनमें से केवल APCNF ही अंतिम चार वैश्विक फाइनलिस्ट में जगह बना पाया है. यह उपलब्धि प्राकृतिक खेती और टिकाऊ कृषि मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी पहचान मानी जा रही है. (पीटीआई)

May 7, 2026, 4:29 PM (17 दिन पहले)

राजस्थान के CM शर्मा ने प्रतापगढ़ के गांव का दौरा किया, लाेगों से बातचीत की

Posted by :- Prateek

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अपने जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत प्रतापगढ़ जिले के एक गांव का दौरा किया और वहां के निवासियों से बातचीत की. एक प्रवक्ता ने बताया कि सुबह के समय अपने दौरे के दौरान, शर्मा ने गांव वालों से मुलाकात की, जिनमें बुजुर्ग निवासी भी शामिल थे. उन्होंने गांव वालों से उनके स्वास्थ्य, पेंशन लाभ और वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के बारे में जानकारी ली. कई बच्चों ने मुख्यमंत्री को अपना होमवर्क दिखाया और अपनी पढ़ाई के बारे में उनसे बात की. शर्मा ने महिलाओं से भी बातचीत की और उनसे बड़ी संख्या में 'राजीविका' स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का आग्रह किया. (पीटीआई)

May 7, 2026, 3:38 PM (17 दिन पहले)

अंबादास दानवे का सरकार पर तीखा वार, बोले- जनता आज भी परेशान

Posted by :- prachi

Ambadas Danve ने मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि अब वह “डबल ताकत” के साथ सरकार के खिलाफ आवाज उठाएंगे. दानवे ने कहा कि किसान परेशान हैं, महंगाई बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महिलाओं की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है. पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि Mamata Banerjee को जनादेश नहीं मिला. उन्होंने बीजेपी पर चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों के इस्तेमाल का आरोप लगाया और कहा कि हार स्वीकार कर आगे की रणनीति पर काम करना चाहिए.

May 7, 2026, 3:20 PM (17 दिन पहले)

एक पेड़ पर 234 तरह के आम! लखनऊ में दिखा प्रकृति का अनोखा चमत्कार

Posted by :- prachi

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने लखनऊ के काकोरी स्थित बागवानी संस्थान का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने एक ऐसे अनोखे आम के पेड़ को देखा, जिसमें 234 किस्मों के आम लगे हुए हैं. इस अद्भुत नजारे को देखकर शिवराज सिंह चौहान भी हैरान रह गए. उन्होंने कहा कि यह देखकर आश्चर्य हो रहा है. यह बेहद विचित्र है, लेकिन पूरी तरह सत्य है.

May 7, 2026, 1:58 PM (17 दिन पहले)

बिहार के विकास को नई उड़ान देने के लिए तैयार सम्राट सरकार की नई टीम

Posted by :- prachi

बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary के मंत्रिमंडल विस्तार पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी. साथ ही मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को भी ढेरों शुभकामनाएं. पूर्ण विश्वास है कि सम्राट चौधरी जी के कुशल नेतृत्व में सभी मंत्री जनकल्याण और विकास कार्यों को नई गति देंगे तथा बिहार को विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

May 7, 2026, 12:38 PM (18 दिन पहले)

सम्राट सरकार में 32 मंत्रियों ने ली शपथ

Posted by :- prachi

पटना के गांधी मैदान में भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, डॉ. संतोष कुमार सुमन, रमा निषाद, रत्नेश सदा, कुमार शैलेन्द्र, शीला कुमारी, केदार प्रसाद गुप्ता और लखेन्द्र कुमार रौशन समेत कुल 32 नेताओं ने बिहार सरकार में मंत्री पद की शपथ ग्रहण की.

May 7, 2026, 12:30 PM (18 दिन पहले)

बिहार सरकार में शामिल हुए निशांत कुमार

Posted by :- prachi

पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar के बेटे Nishant Kumar ने बिहार सरकार में मंत्री पद की शपथ ले ली है. पटना के Gandhi Maidan में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने विजय सिन्हा, श्रवण कुमार, दिलीप कुमार जायसवाल और लेसी सिंह के साथ मुख्यमंत्री Samrat Choudhary के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ग्रहण की.

May 7, 2026, 11:38 AM (18 दिन पहले)

ना प्रचार, ना दान पेटी… फिर भी 30 साल से लोगों को पानी पिला रहे हैं गोपाल दादा

Posted by :- prachi

Jaipur की भीषण गर्मी में 78 वर्षीय गोपाल दादा पिछले 30 सालों से राहगीरों की प्यास बुझाकर इंसानियत की मिसाल पेश कर रहे हैं. हवामहल के पास रोज सुबह से शाम तक वह करीब 400 लीटर ठंडा पानी लोगों को पिलाते हैं. ऑटो चालक, मजदूर, पर्यटक और राहगीर-हर किसी के लिए उनका प्याऊ राहत का सहारा बन चुका है. गोपाल दादा बताते हैं कि उन्होंने यह सेवा अपने पिता से सीखी थी और अब इसे लगातार आगे बढ़ा रहे हैं. बिना किसी प्रचार या स्वार्थ के उनकी यह पहल आज भी जयपुर में पुरानी ‘प्याऊ’ परंपरा को जिंदा रखे हुए है.

30 सालों से लोगों को पानी पीला रहे गोपाल दास
May 7, 2026, 11:36 AM (18 दिन पहले)

पटना पहुंचे पीएम मोदी

Posted by :- prachi

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होना है. इस भव्य शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना पहुंच चुके हैं.

May 7, 2026, 11:21 AM (18 दिन पहले)

बिहार में आज किसे मिलेगा मंत्री पद? सामने आई संभावित मंत्रियों की फाइनल लिस्ट

Posted by :- prachi

बीजेपी के मंत्री

  • राम कृपाल यादव 
  • केदार गुप्ता 
  • नीतीश  मिश्रा  
  • मिथलेश तिवारी 
  • रमा निषाद  
  • विजय कुमार सिन्हा 
  • दिलीप जायसवाल  
  • प्रमोद चंद्रवंशी 
  • लखविंदर पासवान 
  • संजय टाइगर
  • इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र
  • नंद किशोर राम
  • रामचंद्र प्रसाद
  • अरुण शंकर प्रसाद

JDU के मंत्री 

  • निशांत कुमार
  • श्रवण कुमार 
  • मदन सहनी 
  • लेसी सिंह 
  • श्वेता गुप्ता 
  • भगवान सिंह कुशवाहा
  • दामोदर रावत 
  • बुलो मंडल
  • सुनील कुमार
  • शीला मंडल
  • रत्नेश सदा
  • जमा खान
  • अशोक चौधरी

LJP(RV) के मंत्री

  • संजय पासवान 
  • संजय सिंह 

HAM के मंत्री 

  • संतोष सुमन

RLM के मंत्री

  • दीपक प्रकाश
May 7, 2026, 11:03 AM (18 दिन पहले)

BJP के 15 मंत्री लेंगे बिहार में शपथ

Posted by :- prachi

सूत्रों के मुताबिक, पटना के Gandhi Maidan में होने वाले बिहार सरकार के कैबिनेट विस्तार समारोह में बीजेपी के 15 नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. इसके बाद मुख्यमंत्री सहित सरकार में बीजेपी के मंत्रियों की संख्या बढ़कर 16 हो जाएगी. इस भव्य शपथग्रहण समारोह को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा है.

May 7, 2026, 11:01 AM (18 दिन पहले)

निशांत कुमार भी लेंगे मंत्री पद की शपथ

Posted by :- prachi

सूत्रों ने बताया कि दोपहर को पटना के गांधी मैदान में होने वाले एनडीए सरकार के कैबिनेट विस्तार में 30 से ज्यादा विधायक शपथ लेंगे. बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण करने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत का नाम भी शामिल है. वह पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे

May 7, 2026, 9:31 AM (18 दिन पहले)

पानी के लिए तड़पते गांव, प्रशासन के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

Posted by :- prachi

भीषण गर्मी के बीच महाराष्ट्र के Akola जिले में जल संकट गहराता जा रहा है. ग्रामीण इलाकों में लोगों को 20 से 25 दिन बाद केवल कुछ मिनटों के लिए पानी मिल रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है. परेशान ग्रामीणों ने महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रतीकात्मक रूप से नल, पाइपलाइन, मिट्टी का हांडा और चूड़ियां भेंट कर अपना विरोध जताया. ग्रामीणों का आरोप है कि यह जल संकट अधिकारियों की लापरवाही और खराब व्यवस्था का नतीजा है. वहीं अधिकारियों ने जल्द सुधार का भरोसा दिया है, लेकिन ग्रामीण इसे सिर्फ कागजी दावा बता रहे हैं.

May 7, 2026, 8:05 AM (18 दिन पहले)

फलों के दम पर किसानों की कमाई बढ़ाने की तैयारी, फ्रूट होराइजन 2026 में बने बड़े प्लान

Posted by :- prachi

लखनऊ में आयोजित ‘फ्रूट होराइजन 2026’ कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने कहा कि भारत फलों के उत्पादन और गुणवत्ता में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है, लेकिन निर्यात बढ़ाने की अभी काफी जरूरत है. उन्होंने कहा कि फल और सब्जियों का निर्यात बढ़ने से किसानों की आय, रोजगार और विदेशी मुद्रा में बढ़ोतरी होगी. कार्यक्रम में किसान, एक्सपोर्टर, प्रोसेसर और APEDA, MIDH, ICAR जैसी संस्थाओं ने भाग लिया. इस दौरान फलों की शेल्फ लाइफ, कोल्ड स्टोरेज, पैक हाउस और ट्रांसपोर्ट जैसी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई.

May 7, 2026, 7:41 AM (18 दिन पहले)

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का रंग, बारिश-आंधी के बीच लू का भी असर

Posted by :- prachi

मई का महीना शुरू होते ही आमतौर पर लोग भीषण गर्मी और लू के लिए तैयार रहने लगते हैं, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है. वहीं कई राज्यों में बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक कई राज्यों में मौसम खराब बना रह सकता है. हालांकि राहत की बात यह है कि लोगों को फिलहाल तेज गर्मी और लू से थोड़ी राहत मिली है. लेकिन तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि अचानक नुकसान का कारण भी बन सकती हैं. ऐसे में यह बदलता मौसम जहां राहत दे रहा है, वहीं डर भी बढ़ा रहा है.