
मॉनसून की विदाई के साथ ही अब उत्तर भारत में सर्दियों का मौसम शुरू होने को है. लेकिन उससे पहले उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और कुछ और राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने इस बार भीषण सर्दी को लेकर अलर्ट किया है. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि मॉनसून के बाद अब देश के उत्तरी राज्य इस साल पड़ने वाली भीषण सर्दी के लिए खुद को तैयार कर लें. मौसम अपडेट्स के साथ-साथ आप यहां किसानों के लिए सरकारी योजनाओं के फायदे और कृषि से जुड़ी अहम खबरें भी पढ़ सकते हैं.
भाजपा की बिहार इकाई चुनावी घोषणापत्र को अंतिम रूप देने के लिए रविवार से 'सुझाव यात्रा' शुरू करेगी
बिहार भाजपा की घोषणापत्र समिति ने रविवार से 'सुझाव यात्रा' शुरू करने की घोषणा की है, जो आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के एजेंडे को अंतिम रूप देने की नींव रखेगी.
शनिवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए, मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि पार्टी 5 से 20 अक्टूबर तक राज्य के हर जिले में यह यात्रा आयोजित करेगी.
कुमार ने कहा, "भाजपा का 'घर-घर जन संपर्क अभियान' किसानों, छात्रों और महिलाओं सहित अन्य लोगों से प्रतिक्रिया प्राप्त करेगा ताकि लोगों की समस्याओं से परिचित हुआ जा सके."
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के 14 करोड़ लोगों से जुड़ने का यह "व्यापक अभियान" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प के अनुरूप है.
भाजपा प्रवक्ता सुरेश रंगुता ने कहा कि यात्रा रविवार शाम को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की उपस्थिति में शुरू होगी.
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पटना में आयोजित कृषि सलाहकार संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया. यहां उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि सलाहकारों की जरूरत और मूल्य दोनों को पहचाना और उनके सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
कार्यक्रम में, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय था, जब भारत अमेरिका से पी.एल.–480 लाल गेहूं आयात करता था, किंतु आज की स्थिति यह है कि देश के भंडार गेहूं और चावल से भरे हुए हैं और भारत अन्य देशों को भी अनाज निर्यात कर रहा है. इसमें किसानों की कड़ी मेहनत और कृषि सलाहकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
कुलगाम, जम्मू-कश्मीर: आबकारी विभाग ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर ड्रग्स के खतरे को खत्म करने के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में मादक पदार्थ विरोधी (भांग विनाश) अभियान शुरू किया है.
हरियाणा में खरीफ खरीद सीजन 2025 - 26 के दौरान किसानों के खातों में अब तक 543.66 करोड़ की अदायगी उनके बैंक खातों में सीधे स्थानांतरित की जा चुकी है. इस तरह सरकार ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान सुनिश्चित किया है.
'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से धान की खरीद की जा रही है. राज्य में अब तक 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल' पर पंजीकृत 63356 किसानों से धान की खरीद की गई है.
24 घंटे से मूसलाधार बारिश से पूरा रक्सौल जलमग्न हो गया है. मेन रोड से लेकर , सब्जी मंडी, बैंक रॉड, मड़वाडी गली, मौजे, कोइरिया टोला , डंकन रॉड, गांधी नगर सभी जगह एक से दो फीट पानी भर गया है. लोगों के दुकान और घरों में पानी घुस गया है.
मध्य प्रदेश: उज्जैन में रात भर हुई भारी बारिश से शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. रामघाट से तस्वीरें, जहां उफनती नदी में फँसे छह श्रद्धालुओं को बचाया गया.
रोहतास सासाराम मूसलाधार बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर भी चढ़ा पानी. रेलवे ने रेल ट्रैक से पानी हटाने की कवायद किया शुरू. ट्रेनों को चलाया जा रहा है धीमी गति से सासाराम के आसपास रेलवे ट्रैक पर जमा हो गया है बारिश का पानी.
खबर रोहतास जिला के डेहरी इलाके से है, जहां डेहरी के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के बाद हुए बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाई गई है. खासकर जमुहार के नारायण मेडिकल कॉलेज के आसपास का इलाके में पूरा बाढ़ का नजारा हो गया है. ऐसे में अस्पताल के आसपास के भवन में फंसे कई डाक्टरो तथा स्वास्थ्य कर्मियों और छात्रों और मरीजों को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर निकाला है. यह लोग रात से ही अपने-अपने आवास में फंसे हुए थे. इन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि एक सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र सोमवार सुबह तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश लाएगा. दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए, विभाग ने कहा कि इन जिलों में एक या दो स्थानों पर रविवार सुबह तक अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है, जो अलीपुरद्वार में सोमवार सुबह तक जारी रहेगी. आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि सोमवार सुबह तक इन जिलों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा, 'पश्चिमी झारखंड और दक्षिण बिहार, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास के इलाकों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बिहार की ओर बढ़ने और शनिवार शाम तक धीरे-धीरे कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है.' दक्षिण बंगाल के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि मुर्शिदाबाद, बीरभूम और नादिया जिलों में सोमवार सुबह तक भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में शनिवार सुबह 8.30 बजे तक पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें बांकुरा में सबसे अधिक 65.8 मिमी बारिश दर्ज की गई.
बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का कभी भी ऐलान हो सकता है. वहीं, इस बार चुनाव में कृषि क्षेत्र से जुड़ा एक प्रमुख मुद्दा मखाना बनता नजर आ रहा है. सरकार की ओर से किसानों को जोड़ने के प्रयास के तहत राजधानी पटना के ज्ञान भवन में शनिवार को मखाना महोत्सव का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिरकत की. कृषि मंत्री ने कहा कि मखाना उत्पादन बढ़ाना अब अनिवार्य हो गया है. उन्होंने बताया कि वैज्ञानिकों की मदद से अब ऐसे बीज विकसित किए जा रहे हैं, जो तीन फीट गहरे पानी में भी आसानी से उगाए जा सकें. इसके अलावा, ऐसी मशीनें विकसित की जा रही हैं जिससे किसानों और मजदूरों को पानी में डूबकर मखाना निकालने की जरूरत न पड़े. भारत सरकार ने मखाना और अन्य कृषि कार्यों के लिए 500 करोड़ रुपये का आवंटन किया है. कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि मखाना का बेहतर ग्रेड तैयार करने के लिए नई मशीनों का विकास किया जा रहा है, जिससे एकसमान और उच्च गुणवत्ता वाला मखाना तैयार हो सके. साथ ही, एग्रीकल्चर स्टार्टअप्स के ज़रिए बिहार के कृषि को आगे बढ़ाने की ज़रूरत पर बल दिया गया. सरकार इन स्टार्टअप्स को प्रशिक्षण से लेकर आर्थिक सहायता तक हर स्तर पर मदद देगी.मखाना और इससे जुड़े अन्य उत्पादों की प्रोसेसिंग यूनिट्स पर काम करने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. मंत्री ने कहा कि सरकार मखाना उत्पादन और इससे जुड़ी पूरी वैल्यू चेन के विकास में युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'बिहार में युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों का सशक्तिकरण देखकर विपक्ष कुंठित है, परिवारवाद यहां कुर्सीवाद में उलझ गया है. मैं, पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि इस बार बिहार में रिकॉर्डतोड़ बहुमत के साथ NDA की सरकार बनने जा रही है. राहुल गांधी की कुंठा देश में नहीं, विदेश में निकल रही है, वो विदेशों में जाकर देश को बदनाम करने का पाप कर रहे हैं. जो अपने देश को दुनिया में बदनाम करते हैं, जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करती.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 62,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न युवा-केंद्रित पहलों का अनावरण किया, जिसमें चुनावी राज्य बिहार पर विशेष जोर दिया गया. मोदी ने 60,000 करोड़ रुपये के निवेश वाली केंद्र प्रायोजित योजना पीएम-सेतु (उन्नत आईटीआई के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार परिवर्तन) का शुभारंभ किया. इसमें 200 हब आईटीआई और 800 स्पोक आईटीआई वाले हब-एंड-स्पोक मॉडल में 1,000 सरकारी आईटीआई के उन्नयन की परिकल्पना की गई है. पीएमओ के एक बयान में पहले कहा गया था, 'सामूहिक रूप से, पीएम-सेतु भारत के आईटीआई पारिस्थितिकी तंत्र को फिर से परिभाषित करेगा, इसे सरकारी स्वामित्व वाला लेकिन उद्योग-प्रबंधित बनाएगा, जिसमें विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक से वैश्विक सह-वित्तपोषण सहायता होगी.' योजना के कार्यान्वयन के पहले चरण में, बिहार के पटना और दरभंगा में आईटीआई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. बयान में कहा गया है कि इस कार्यक्रम का विशेष जोर बिहार में परिवर्तनकारी परियोजनाओं पर होगा, जो राज्य की समृद्ध विरासत और युवा जनसांख्यिकी को दर्शाती हैं. मोदी ने बिहार की पुनर्गठित 'मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना' का शुभारंभ किया, जिसके तहत लगभग पांच लाख स्नातकों को दो साल तक 1,000 रुपये मासिक भत्ता और मुफ्त कौशल प्रशिक्षण मिलेगा. उन्होंने पुनर्निर्धारित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का भी शुभारंभ किया, जो 4 लाख रुपये तक के ब्याज-मुक्त शिक्षा ऋण प्रदान करेगी, जिससे उच्च शिक्षा का वित्तीय बोझ काफी कम होगा.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को बिहार में थे. यहां पर उन्होंने कहा,'आज बिहार में महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों का सशक्तिकरण हो रहा है, जिसे देखकर विपक्ष कुंठित हो रहा है. विपक्ष परिवारवाद और कुर्सीवाद में उलझा हुआ है. परिवारवाद कुर्सीवाद में उलझ गया है किडनी देने वाली बेटी का भी तिरस्कार हो रहा है कौन होगा इसी पर विवाद है एक यहा है एक वाह है (राहुल गाँधी विदेश में है) सूत ना कपास दुलाहो में लठम लट्ठा राहुल गाँधी जी कुंठा विदेश में निकल रही है देश को बदमान करने का पाप किया है.'
बिहार में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विकास की ऐसी गंगा बहाई है, जो पूरे विश्व के लिए एक मिसाल है. हमें मखाना का उत्पादन बढ़ाना है और इसकी उत्पादन लागत कम करनी है. मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि इस बार बिहार में रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से एनडीए की सरकार फिर बनेगी.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'पिछले दो दशकों में बिहार सरकार ने 50 लाख युवाओं को बिहार में रोजगार से जोड़ा है. पिछले कुछ वर्षों में ही बिहार के युवाओं को लगभग 10 लाख स्थायी सरकारी नौकरियां दी गई हैं. उन्होंने कहा, 'एनडीए सरकार बिहार के युवाओं की क्षमता को और निखारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है. राजद-कांग्रेस शासन की तुलना में बिहार का शिक्षा बजट कई गुना बढ़ा दिया गया है.आज बिहार के लगभग हर गांव में एक स्कूल है. चाहे इंजीनियरिंग कॉलेज हों या मेडिकल कॉलेज, इनकी संख्या भी कई गुना बढ़ गई है. हाल ही में केंद्र सरकार ने बिहार के 19 जिलों के लिए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी दी है. एक समय था जब बिहार में खेलों से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बुनियादी ढांचा भी नहीं था. आज बिहार में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन हो रहे हैं.'
बेंगलुरु दक्षिण जिले के चेन्नापटना स्थित एक खेत में बिजली के तार के संपर्क में आने से लगभग 40 वर्षीय एक हाथी की करंट लगने से मौत हो गई. वन अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. उप वन संरक्षक रामकृष्णप्पा सागर के अनुसार, शुक्रवार को हाथी नारियल के पेड़ के पत्ते खाने की कोशिश कर रहा था, तभी वह ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से टकरा गया. उन्होंने कहा, 'हाथी की मौके पर ही करंट लगने से मौत हो गई.' वन अधिकारी मौके पर पहुँचे और प्रारंभिक जांच की. यह घटना चामराजनगर जिले के माले मदेश्वर हिल्स में एक बाघ के मृत पाए जाने के एक दिन बाद हुई है.
बिहार में मौसम विभाग ने आगामी 4 और 5 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 4 अक्टूबर को अरवल, बक्सर, भभुआ, भोजपुर, रोहतास, सारण और सिवान जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के लिए चेतावनी दी गई है, जबकि 5 अक्टूबर को एक दर्जन से अधिक जिलों में भारी बारिश और संभावित फ्लैश फ्लड की स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है.नागरिकों और स्थानीय प्रशासन से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और आवश्यक सतर्कता बरतें.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बिहार प्रवास पर
दोपहर 1 बजे पटना स्थित गांधी मैदान में आयोजित मखाना महोत्सव में शामिल होंगे
दोपहर 2:30 बजे बापू सभागार में कृषि सलाहकार संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे
बिहार में अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे शिवराज सिंह चौहान
मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.4 डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिन भर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 90 प्रतिशत थी.केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 114 के साथ वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई. सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है.
खबर रोहतास जिला के तिलौथू से है. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार मूसलाधार बारिश से सासाराम के प्रसिद्ध तुतला भवानी वॉटरफॉल में उफान आ गया है और पानी की रफ्तार काफी तेज हो गई है. तोतला भवानी वॉटरफॉल में अधिक पानी आ जाने के कारण इसका दृश्य मनमोहन होता है पर खतरे से भी खाली नहीं रह गया है. रोहतास जिला के डीएफओ मनीष कुमार वर्मा के द्वारा अगले आदेश तक वॉटरफॉल में जाने के लिए रोक लगा दी गई है, ताकि कोई दुर्घटना ना हो. प्रकृति का यह मनभावन दृश्य पर्यटकों को अपनी और आकर्षित कर रहा है. लेकिन पर्यटकों को तुतला भवानी वॉटरफॉल में जाने के लिए तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है.