Agriculture News Live Updates: RBI ने रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाया, महंगाई का अनुमान बढ़ाकर 5.2 फीसदी किया

क‍िसान तक Oct 7, 2026, Updated Oct 7, 2026, 11:23 AM IST

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 अक्टूबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं. 8 अक्टूबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 अक्टूबर तथा केरल और माहे में 9 से 10 अक्टूबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

Agriculture Live Blog

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 अक्टूबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं. 8 अक्टूबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 अक्टूबर तथा केरल और माहे में 9 से 10 अक्टूबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Oct 7, 2026, 11:23 AM (5 घंटे में)

RBI ने रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाया, महंगाई का अनुमान बढ़ाकर 5.2 फीसदी किया

Posted by :- Prateek

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) ने 7 अक्टूबर को रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दिया. फरवरी 2023 के बाद यह पहली बढ़ोतरी है. RBI ने पॉलिसी रुख को 'Neutral' से बदलकर 'Calibrated Tightening' कर दिया है. RBI ने 2026-27 के लिए महंगाई का अनुमान 5.1 फीसदी से बढ़ाकर 5.2 फीसदी कर दिया है. वहीं, आर्थिक वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 7.1 फीसदी किया गया है. रेपो रेट बढ़ने से फ्लोटिंग रेट वाले होम लोन, कार लोन और अन्य कर्ज महंगे हो सकते हैं, जबकि FD पर ब्याज बढ़ने की संभावना है. RBI का यह फैसला बढ़ती महंगाई और वैश्विक अनिश्चितता के बीच लिया गया है. अब बाजार की नजर दिसंबर में होने वाली MPC बैठक पर रहेगी.

Oct 7, 2026, 10:47 AM (4 घंटे में)

महाराष्‍ट्र में फसल पंचनामे का 45 प्रतिशत काम पूरा, मंत्री ने दिवाली से पहले मदद की कही बात

Posted by :- Prateek

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार सूखे से प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले आर्थिक मदद देगी. राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित इलाकों में फसल के नुकसान का 45 प्रतिशत आकलन पूरा हो चुका है. मंगलवार को सूखे की समीक्षा बैठक के बाद, बावनकुले ने पत्रकारों को बताया कि सरकार पंचनामों की जांच कर रही है ताकि यह पक्का किया जा सके कि फसल के नुकसान का सही आकलन हुआ है. उन्होंने कहा, "फसल के नुकसान के 45 प्रतिशत पंचनामे पूरे हो चुके हैं. बाकी काम में तेज़ी लाई जानी चाहिए." (पीटीआई)

Oct 7, 2026, 10:20 AM (4 घंटे में)

फिरोजपुर में 11 लाख टन से ज्यादा पराली प्रबंधन की चुनौती, जीरो बर्निंग का लक्ष्य

Posted by :- Prateek

फिरोजपुर में इस साल करीब 1.86 लाख हेक्टेयर में धान की खेती हुई है, जिससे 11 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा पराली निकलने का अनुमान है. जिला प्रशासन ने पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए जीरो बर्निंग का लक्ष्य रखा है. एडीसी कृष्णा पाल राजपूत के मुताबिक जिले में पराली प्रबंधन की क्षमता करीब 6 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाई गई है और 130 से ज्यादा बैलर उपलब्ध कराए गए हैं. निगरानी के लिए 79 नोडल अधिकारियों और 550 से ज्यादा कर्मचारियों की तैनाती की गई है. जिले में अब तक पराली जलाने के 5 मामले सामने आए हैं, जिनमें करीब 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है. वहीं, सीपीसीबी की फ्लाइंग स्क्वॉड 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रैंडम चेकिंग करेगी. (इनपुट- अक्षय कुमार)

 

Oct 7, 2026, 9:42 AM (3 घंटे में)

त्योहार नजदीक आने पर FSSAI की राज्यों से अपील, खाद्य मिलावट रोकने के लिए निगरानी बढ़ाएं

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: फूड रेगुलेटर FSSAI ने राज्यों से कहा है कि वे आने वाले त्योहारों के मौसम में मिलावटी और नकली खाने-पीने की चीज़ों की बिक्री रोकने के लिए निगरानी बढ़ाएं, ताकि लोगों की सेहत की सुरक्षा की जा सके. 29 सितंबर को सभी राज्यों के फ़ूड कमिश्नरों को जारी एक एडवाइज़री में, फ़ूड सेफ़्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (FSSAI) ने संवेदनशील जगहों पर ध्यान देने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया. रेगुलेटर ने कहा कि नवरात्रि और दिवाली जैसे त्योहारों के आने के साथ ही मिठाइयों, नमकीन, ड्रिंक्स, खाने के तेल, दूध और दूध से बनी चीज़ों और खाने-पीने की दूसरी चीज़ों की मांग बढ़ जाती है. (पीटीआई)

Oct 7, 2026, 9:11 AM (3 घंटे में)

मोदी के 25 साल के नेतृत्व पर शिवराज ने दी बधाई, बोले- भारत के पुनर्निर्माण में जुटे

Posted by :- Prateek

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और सरकार के मुखिया के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि मोदी ने 25 वर्षों में बिना थके और बिना रुके देश की सेवा की और विकास की नई दिशा दी. चौहान ने मोदी के नेतृत्व, परिश्रम और निर्णायक फैसलों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना की.

Oct 7, 2026, 8:37 AM (2 घंटे में)

पश्चिमी हिमालय में बारिश-बर्फबारी, बंगाल से दक्षिण भारत तक भारी बारिश के आसार

Posted by :- Prateek

देश के कई हिस्सों में आज से मौसम करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. वहीं, 8 अक्टूबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि तमिलनाडु और केरल में 8 से 10 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की आशंंका है. पूरी खबर पढ़ें...