Agriculture News: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने हिमाचल को बताया सहकारिता के लिए एक आदर्श राज्य

क‍िसान तक Sep 14, 2025, Updated Sep 14, 2025, 7:05 PM IST

देश के कई राज्यों में जहां मॉनसून एक्टिव है और पहाड़ी राज्‍यों में जमकर बारिश हो रही है. मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-NCR में बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, लद्दाख, राजस्‍थान, गुजरात, महाराष्‍ट्र, दक्षिण भारत और नॉर्थ ईस्‍ट में इस बार अच्‍छी बारिश होगी. मौसम के अलावा आप यहां किसानों को मिलने वाली सरकारी स्कीम के फायदे और अन्य किसानों से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं.

Agriculture Live Blog

देश के कई राज्यों में जहां मॉनसून एक्टिव है और पहाड़ी राज्‍यों में जमकर बारिश हो रही है. मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-NCR में बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, लद्दाख, राजस्‍थान, गुजरात, महाराष्‍ट्र, दक्षिण भारत और नॉर्थ ईस्‍ट में इस बार अच्‍छी बारिश होगी. मौसम के अलावा आप यहां किसानों को मिलने वाली सरकारी स्कीम के फायदे और अन्य किसानों से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं.

Sep 14, 2025, 7:01 PM (7 महीने पहले)

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने हिमाचल को बताया सहकारिता के लिए एक आदर्श राज्य

Posted by :- Sandeep kumar

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को हिमाचल प्रदेश को सहकारिता के लिए एक आदर्श राज्य बताया।

सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से केंद्र द्वारा प्रायोजित विभिन्न पहलों की समीक्षा के लिए रविवार को हिमाचल प्रदेश सहकारिता विभाग की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे विविधतापूर्ण राज्य में इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं.
 

Sep 14, 2025, 6:33 PM (7 महीने पहले)

असम के उदलगुरी में आया भूकंप, 5.8 रही तीव्रता

Posted by :- Sandeep kumar

असम के उदलगुरी में आज 16.41 IST पर 5.8 तीव्रता का भूकंप आया: राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र

Sep 14, 2025, 6:13 PM (7 महीने पहले)

चंबा में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन के कारण कई घरों को भारी क्षति

Posted by :- Sandeep kumar

जिला चंबा के भटियात क्षेत्र के चिलामा पंचायत और घटासनी पंचायत में भारी बरसात से भारी भूस्खलन होने के कारण दोनों पंचायत के काफी लोगों के घरों और सड़को पर आसमानी आफत की तस्वीरें

 

चंबा के भटियात क्षेत्र में बारिश ने कहर बरपाया है. आधा सितंबर माह बीतने को है लेकिन बारिश अभी भी तबाही मचा रही है. भटियात के ग्राम पंचायत घटासनी में भारी बारिश के कारण लैंड स्लाइड से और फ्लैश फ्लड आने से गांव के 16 परिवरों के घरों को भारी क्षति पहुंची है.  

Sep 14, 2025, 4:56 PM (7 महीने पहले)

हिमाचल प्रदेश के खैरी में भारी बारिश ने कहर, 3 मकाने हुईं क्षतिग्रस्त

Posted by :- Sandeep kumar

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के उपमंडल सुजानपुर की ग्राम पंचायत खैरी में रविवार करीब 3 बजे सुबह भारी बारिश ने कहर बरपाया. अचानक उफान पर आए नाले की जद में तीन मकान आ गए. इनमें से किशोरी लाल पुत्र दंजु राम का मकान सबसे अधिक प्रभावित हुआ, जहां रात को नाले का मलबा सीधे घर में घुस गया. हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते परिवार सुरक्षित स्थान पर चला गया और कोई जनहानि नहीं हुई. ग्रामीणों ने बताया कि तेज शोर सुनते ही लोग नींद से जागे और बाहर निकल आए. मकान के भीतर रखा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया. 

Sep 14, 2025, 4:33 PM (7 महीने पहले)

जम्मू में राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले 18 दिन से ठप, किसानों ने PM से खुलवाने के लिए लगाई गुहार

Posted by :- Sandeep kumar

श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले 18 दिन से यातायात के लिए ठप पड़ी है इस बीच कश्मीर के किसानों ने आप प्रधानमंत्री से गुहार लगायी है. 

Sep 14, 2025, 4:15 PM (7 महीने पहले)

हिमाचल प्रदेश के चंबा में भारी बारिश और भूस्‍खलन से भारी तबाही

Posted by :- Bajpai

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के भटियात क्षेत्र के चिलामा पंचायत और घटासनी पंचायत में भारी बरसात से भारी भूस्खलन होने के कारण दोनों पंचायत के काफी लोगों के घरों और सड़कों पर आसमानी आफत आई है. चंबा पठानकोट नेशनल हाइवे पर बैली में सड़क धसने से चलता हुआ ट्रक और दो बाइक खाई में जा गिरी. इस घटना में किसी तरह के कोई जानी नुकसान की खबर नहीं है. क्षेत्र में बारिश ने कहर बरपाया है और आधा सितंबर माह बीतने को है लेकिन बारिश अभी भी तबाही मचा रही है. भटियात के ग्राम पंचायत घटासनी में भारी बारिश के कारण लैंड स्लाइड से और फ्लैश फ्लड आने से गांव के 16 परिवरों के घरों को भारी क्षति पहुंची है पूरे घरों में मलबा आ गया लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई है और जो मलबे में फंस गये थे गांव के युवाओं ने मिल कर सही सलामत बाहर निकाल लिया. वहीं कई गौशाला भी मलबे की चपेट में आई हैं जिसमें कई पशु दब गए हैं. भारी बारिश के चलते शनिवार रात को चंबा पठानकोट नेशनल हाइवे पर बैली में सड़क धसने से चलता हुआ ट्रक और दो बाइक खाई में जा गिरी. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ.  

Sep 14, 2025, 3:44 PM (7 महीने पहले)

राजस्‍थान से हुई मॉनसून की विदाई, पंजाब और गुजरात में भी जल्‍द कहेगा अलविदा

Posted by :- Bajpai

मौस‍म विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज, 14 सितंबर 2025 को राजस्थान के कुछ हिस्सों से वापस चला गया है. अगले 2-3 दिनों के दौरान राजस्थान के कुछ और हिस्सों और पंजाब और गुजरात के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं. आपको बता दें कि ये दोनों ही राज्‍य इस बार मॉनसून में अति बारिश से खासा परेशान रहे हैं.  

Sep 14, 2025, 3:05 PM (7 महीने पहले)

केंद्रीय मंत्री एस मुरुगन ने किया पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा

Posted by :- Bajpai

केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने शनिवार को पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और जमीनी हालात की गहन समीक्षा की. उन्होंने शाहपुर बेला, हरिवाल, भानु पाली, बेला ध्यानी और नांगल समेत कई गांवों का दौरा किया और किसानों, स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे बातचीत की. बाढ़ के कारण कृषि, परिवहन, जल निकासी और दैनिक जीवन पर पड़े प्रभाव को देखते हुए, उन्होंने जलभराव वाले इलाकों का दौरा किया, ट्रैक्टर और नाव से यात्रा की और प्रभावित परिवारों की शिकायतें सुनीं. 

Sep 14, 2025, 2:31 PM (7 महीने पहले)

प्रधानमंत्री ने असम में 6,300 करोड़ रुपये के प्रॉजेक्‍ट्स किए लॉन्‍च

Posted by :- Bajpai

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दरंग जिले के मंगलदोई में 6,300 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी. उन्होंने दरंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के साथ-साथ एक नर्सिंग कॉलेज और एक जीएनएम स्कूल के निर्माण का शुभारंभ किया. अधिकारियों ने बताया कि इन स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं में कुल मिलाकर 570 करोड़ रुपये का निवेश होगा. प्रधानमंत्री ने 1,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले 2.9 किलोमीटर लंबे नरेंगी-कुरुवा पुल और असम के कामरूप और दरंग जिलों और मेघालय के री भोई को जोड़ने वाली 118.5 किलोमीटर लंबी गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की भी आधारशिला रखी. रिंग रोड परियोजना की अनुमानित लागत 4,530 करोड़ रुपये है. प्रधानमंत्री बाद में गोलाघाट ज़िले की नुमालीगढ़ रिफाइनरी में 5000 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की लागत से नवनिर्मित बांस-आधारित इथेनॉल संयंत्र और 7,230 करोड़ रुपये की लागत से पेट्रो फ्लुइडाइज्‍ड कैटेलिटिक क्रैकर इकाई का उद्घाटन करेंगे. मोदी शनिवार शाम असम पहुंचे थे और भारत रत्न से सम्मानित भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह में शामिल हुए थे. 

Sep 14, 2025, 1:26 PM (7 महीने पहले)

मणिपुर के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन

Posted by :- Bajpai

अधिकारियों ने रविवार को कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश के बाद मणिपुर के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन की खबरें मिली हैं. उन्होंने कहा कि इंफाल पूर्व में यिंगांगपोकपी, शांतिखोंगबल और सबुंगखोक खुनौ और इंफाल पश्चिम में काकवा और सागोलबंद के कई इलाके मूसलाधार बारिश के कारण जलमग्न हो गए हैं. इन इलाकों में कुछ घर और आवासीय परिसर भी जलमग्न हो गए हैं. अधिकारियों ने कहा कि नोनी जिले के अवांगखुल के साथ-साथ सेनापति और कामजोंग के पहाड़ी जिलों से भूस्खलन की खबरें आईं. उन्होंने कहा कि इंफाल नदी, नंबुल और इरिल सहित प्रमुख नदियों का जल स्तर काफी बढ़ गया है, लेकिन अभी तक खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है. वॉटर रिसोर्स डिपार्टमेंट स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है. उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है. 

 

Sep 14, 2025, 12:19 PM (7 महीने पहले)

नोएडा में तेज बारिश तो दिल्‍ली में छाई बदली, जानें क्‍या है IMD के अलर्ट में

Posted by :- Bajpai

रविवार सुबह नोएडा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई और दिन में बाद में गरज के साथ और भी बूंदाबांदी भी हुई. वहीं दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहे. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, नोएडा में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. साथ ही हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. यह अलर्ट दोपहर 1:30 बजे तक लागू रहेगा. IMD ने रविवार को गाजियाबाद के लिए एक येलो अलर्ट जारी किया, जिसमें निवासियों को गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना के बारे में आगाह किया गया. हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने लोगों को अचानक बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए, सुबह 11:30 बजे तक के लिए चेतावनी जारी की है. 

Sep 14, 2025, 11:34 AM (7 महीने पहले)

सोलापुर में बादल फटने जैसी बारिश, गन्ने समेत खेत बह जाने से भारी नुकसान

Posted by :- Sandeep kumar

सोलापुर के अक्कलकोट तहसील के सांगोगी और आसपास के क्षेत्रों में हुई बादल फटने जैसी बारिश ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है. कई लोगों के घर तबाह हो गए हैं और किसान वर्ग पूरी तरह से हताश हो गया है.

कड़ी मेहनत से तैयार किया गया गन्ना बारिश के तेज बहाव में बह जाने से एक किसान महिला की आंखों से आंसू छलक पड़े. सांगोगी के एक किसान की पूरे दो एकड़ गन्ने की फसल के साथ खेत की उपजाऊ मिट्टी भी बह गई. वहीं बोरी नदी किनारे की पूरी खेती जमीनदोज हो गई है.

इस आपदा का असर केवल खेती तक सीमित नहीं रहा, बल्कि किसानों ने फसल का सामान रखने के लिए बनाए गए मकान और पशुओं के बाड़े भी बारिश के पानी से नष्ट हो गए. अक्कलकोट तहसील के कई नागरिकों के घर ढह गए हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

बादल फटने जैसी बारिश ने अक्कलकोट तहसील के किसानों का करोड़ों का नुकसान कर दिया है. आंखों में आंसू लिए किसान और नागरिक सरकार से तत्काल मदद की गुहार लगा रहे हैं.

Sep 14, 2025, 11:21 AM (7 महीने पहले)

झांसी में खाद संकट गहराया, सप्लाई की कमी को लेकर किसानों का हंगामा

Posted by :- Sandeep kumar

झांसी के किसान इस समय दोहरी मार झेल रहे हैं. प्राकृतिक आपदाओं से पहले से परेशान किसानों पर अब खाद मिलने में देरी की संकट ने भी चोट कर दी है. लंबी कतारों, सीमित सप्लाई और कर्मचारियों की मनमानी ने किसानों का सब्र तोड़ दिया है. हालात ऐसे बने कि रानीपुर में खाद वितरण केंद्र पर महिलाओं के बीच मारपीट हो गई और पुलिस को मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराना पड़ा. 

Sep 14, 2025, 10:59 AM (7 महीने पहले)

शामली के आदर्श मंडी थाना पुलिस पर किसानों का फूटा गुस्सा, SHO के निलंबन की मांग

Posted by :- Sandeep kumar

शामली के आदर्श मंडी थाना प्रभारी की कार्यशैली से नाराज़ भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को थाने पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान किसानों ने थाने का घेराव करते हुए पुलिस पर किसानों का उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए.

भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि थाना पुलिस न तो पीड़ितों के फोन उठाती है और न ही उन्हें न्याय दिलाने के लिए कोई ठोस कदम उठाती है. उनका आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और तानाशाही से किसानों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है.

Sep 14, 2025, 10:33 AM (7 महीने पहले)

पश्चिम सिक्किम में भूस्खलन से पंचायत अध्यक्ष और पांच गायों की मौत

Posted by :- Bajpai

सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के सरदुंग लामा गांव में हुए एक दुखद भूस्खलन में स्थानीय नेता राजेन गुरुंग और उनकी पांच गायों की मौत हो गई. 47 साल के गुरुंग, जो सरदुंग लुन्जिक ग्राम पंचायत इकाई (GPU) के पंचायत अध्यक्ष थे, शनिवार रात भूस्खलन में फंस गए. यह घटना तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के बीच हुई, जिसके कारण पश्चिम और पूर्वी सिक्किम में कई भूस्खलन हुए हैं. स्थानीय निवासियों के अनुसार, गुरुंग अपने खेत में अपने पशुओं की जांच करने गए थे, तभी भूस्खलन हुआ. वह और उनकी पांच गायें मलबे में दब गईं. स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई की और गुरुंग को कीचड़ और मलबे से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह मृत पाए गए.यह त्रासदी खराब मौसम के कारण हुई कई घातक घटनाओं में ताजा घटना है. दो दिन पहले ही, पश्चिम सिक्किम के ही रामबी में हुए भूस्खलन में एक घर दब गया था, जिससे चार लोगों की मौत हो गई थी. हालांकि, उस घटना में एक छह साल के बच्चे को जिंदा बचा लिया गया था. इस क्षेत्र की मुश्किलें और बढ़ गई हैं, क्योंकि तीस्ता नदी अब सड़क के कुछ हिस्सों पर बह रही है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और यात्रियों को परेशानी हो रही है. भारी बारिश जारी रहने की आशंका के चलते अधिकारी स्थिति पर नज़र रख रहे हैं. 

Sep 14, 2025, 10:15 AM (7 महीने पहले)

पंजाब भर में बिजली लाइनों को अपग्रेड किया जाएगा

Posted by :- Bajpai

पंजाब के बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने शनिवार को राज्य भर में बिजली लाइनों के अपग्रेडेशन के लिए एक बड़े बदलाव की घोषणा की. अरोड़ा ने कहा कि कई चुनावी सभाओं के दौरान, जनता की पहली मांग बिजली के बुनियादी ढांचे में सुधार की थी. पंजाब राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने 13 प्रमुख नगर निगमों में बिजली लाइनों के अपग्रेडेशन के लिए एक विशेष पहल शुरू की है, जो कुल 87 उप-विभागों को कवर करती है. इस कोशिश का मकसद जन सुरक्षा में सुधार, बिजली कटौती को कम करना और शहरी क्षेत्रों की सुंदरता को बढ़ाना है. इस प्रोजेक्‍ट का एक प्रमुख तत्‍व पीएसपीसीएल के बिजली के खंभों से गैर-बिजली के तारों को हटाना है. अरोड़ा ने बताया, 'जन सुरक्षा बढ़ाने और तेज, अधिक सटीक दृश्य निरीक्षण और खराबी का पता लगाने में सक्षम बनाने के लिए सभी डिश केबल, इंटरनेट फाइबर और अन्य गैर-पीएसपीसीएल तारों को पीएसपीसीएल के खंभों से हटा दिया जाएगा.' मंत्री ने बताया कि दुर्घटनाओं, खासकर बड़े वाहनों से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली के तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर उठाया जाएगा. इसके अतिरिक्त, मौसम की क्षति और छेड़छाड़ से बचाने के लिए मीटर बॉक्स को सुरक्षित रूप से बंद और सील किया जाएगा, जिससे समग्र जन सुरक्षा में वृद्धि होगी.  

Sep 14, 2025, 9:23 AM (7 महीने पहले)

श्रीलंका में हुआ अंतरराष्‍ट्रीय किसान सम्‍मेलन, 101 देशों के संगठन हुए शामिल

Posted by :- Bajpai

श्रीलंका में चल रहे अंतरराष्ट्रीय किसान सम्मेलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों व समस्त सम्मेलन में अपना सहयोग करने वाले अधिकारियों को किसान यूनियन का पटका पहनाकर सम्मानित किया. 
सभी देशों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से निम्नांकित मसौदे को संयुक्त रूप से पारित किया. कैडी घोषणा 2025, श्रीलंका में आयोजित तीसरे न्येलेनी ग्लोबल फोरम में 101 से अधिक देशों के सामािजक आंदोलनों,संगठनों और समूहों की सामूिहक आवाज है. इसमें किसान, भूमिहीन श्रमिक, मछुआरे, आदिवासी, वनवासी, महिलाएं, युवा, श्रमिक, प्रवासी और विविध पहचान वाले लोग शामिल हुए घोषणा में कहा गया कि ये समुदाय दुनिया को भोजन उपलब्ध कराते हैं, जीवन को पोषित करते हैं और धरती मां और क्षेत्रों की रक्षा करते हैं. दस्तावेज में पूंजीवाद और साम्राज्यवाद को प्रमुख संकट बताया गया है, जो भूमि, जल, बीज और संसाधनों को निजी लाभ के लिए वस्तु बना रहे हैं जलवायु और जैव विविधता संकट, खनन, युद्ध, नरसंहार, दमन और विस्थापन को बढ़ते खतरों के रूप में चिन्हित किया गया है. कॉपार्रेट मीडिया और तकनीक को झूठ, दमन और नियंत्रण के औजार कहा गया है. घोषणा में खाद्य संप्रभुता, जाति, नस्ल, वर्ग और लिंग भेदभाव के अंत, नारीवादी अर्थव्यवस्था, युवाओं की नेतृत्वकारी भूमिका और अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता पर बल दिया गया आगे की कार्य योजना में वैश्विक सक्रियता दिवस, वार्षिक न्येलेनी दिवस, राजनीतिक प्रशिक्षण, अंतर्राष्ट्रीय संवाद, न्छ प्रणाली में परिवर्तन, स्वास्थ्य व सामािजक सुरक्षा की रक्षा और संसाधनों पर कब्ज़े के खिलाफ अभियान शामिल हैं. घोषणा का संदेश है: 'हम सब साथ हैं-प्रणालीगत रूपांतरण, अब और हमेशा.' 

Sep 14, 2025, 9:02 AM (7 महीने पहले)

यूपी के इन जिलों में भारी बारिश की संभावना 

Posted by :- Bajpai

वहीं उत्तर प्रदेश में फिर से तेज बारिश की आशंका है और कई जिलों बादलों का डेरा है. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना है, खासकर पूर्वी यूपी में इसका असर देखने को मिलेगा.लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र की ओर से बताया गया है कि 14 सितंबर को यूपी में पूर्वी यूपी में बादलों की आवाजाही दिखाई देगी. हालांकि पश्चिमी यूपी में इसका असर कम होगा. अनुमान है रविवार को गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, बस्ती, मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, कौशाम्बी, चित्रकूट, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी सहित आस पास के जिलों में मध्यम से हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 15 सितंबर को इनमें से कई जिलों में भारी बारिश की भी संभावना बनी हुई है. 
 

Sep 14, 2025, 8:15 AM (7 महीने पहले)

जम्‍मू कश्‍मीर में येलो अलर्ट, 19 सितंबर तक भारी बारिश की आशंका

Posted by :- Bajpai

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर में गरज और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम एजेंसी ने 19 सितंबर तक केंद्र शासित प्रदेश में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. IMD ने रविवार, 14 सितंबर के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा, 'जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर गरज/बिजली गिरने की संभावना है... कुछ स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.' जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुई रिकॉर्ड बारिश के बाद, जिसमें 110 से ज्‍यादा लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य लापता हो गए, राजगढ़ के पहाड़ी इलाकों में बादल फटने के कारण अचानक बाढ़ आने की खबर है. 

Sep 14, 2025, 7:51 AM (7 महीने पहले)

इस साल नॉर्थ ईस्‍ट में हुई कम बारिश, असम में 34 फीसदी कम रहा आंकड़ा

Posted by :- Bajpai

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, गुवाहाटी के उप निदेशक डॉ. संजय ओ'नील शॉ ने शुक्रवार को बताया कि इस साल 1 जून से 11 सितंबर तक पूर्वोत्तर क्षेत्र के कई राज्यों में सामान्य से कम बारिश हुई है. डॉ. संजय ओ'नील शॉ ने एएनआई को बताया कि 1 जून से 11 सितंबर तक मेघालय में सामान्य से 45 प्रतिशत कम और असम में सामान्य से 34 प्रतिशत कम बारिश हुई. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक ने न्‍यूज एजेंसी एएनआई से कहा, 'इस दौरान अरुणाचल प्रदेश में 40 प्रतिशत, मणिपुर में 13 प्रतिशत, मिजोरम में 9 प्रतिशत और सिक्किम में 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है.' डॉ. संजय ओ'नील शॉ ने यह भी बताया कि इस अवधि के दौरान नागालैंड में त्रिपुरा की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है. भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, असम में सामान्य वर्षा 1307.7 मिमी होती है, लेकिन इस वर्ष 1 जून से 11 सितंबर तक राज्य में 865.7 मिमी वर्षा हुई है. आईएमडी की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 14 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड के अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है. 
 

Sep 14, 2025, 7:40 AM (7 महीने पहले)

भारी बारिश के कारण वैष्णो देवी यात्रा अगले आदेश तक फिर स्थगित

Posted by :- Bajpai

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार, जम्मू और कश्मीर के भवन में भारी बारिश के कारण, अस्थायी तौर पर स्थगित माता वैष्णो देवी यात्रा अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है. खराब मौसम और क्षेत्र में कई भूस्खलन के कारण माता वैष्णो देवी के पवित्र मंदिर की तीर्थयात्रा लगातार 14 दिनों के लिए स्थगित कर दी गई थी.सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, बोर्ड ने श्रद्धालुओं से आधिकारिक कम्‍युनिकेशन चैनलों के माध्यम से अपडेट रहने का अनुरोध किया. पोस्ट में लिखा था, 'भवन और ट्रैक पर लगातार बारिश के कारण, 14 सितंबर से शुरू होने वाली श्री माता वैष्णो देवी यात्रा अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है. श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे आधिकारिक संचार माध्यमों के माध्यम से अपडेट रहें.' इससे पहले, श्राइन बोर्ड ने यात्रा के अस्थायी निलंबन के दौरान श्रद्धालुओं के धैर्य और समझदारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया. 

Sep 14, 2025, 7:35 AM (7 महीने पहले)

क्‍लाइमेट साइंस को बढ़ावा देने के लिए IMD ने उठाया बड़ा कदम 

Posted by :- Bajpai

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने क्‍लाइमेट साइंस और मौसम पूर्वानुमान में रिसर्च और डेटा शेयरिंग को मजबूत करने के लिए अशोका यूनिवर्सिटी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं. अशोका विश्वविद्यालय के डेटा, लर्निंग और निर्णय विज्ञान के लिए सेफएक्सप्रेस केंद्र द्वारा आयोजित 'मौसम और जलवायु मॉडलिंग में एआई/एमएल विधियां' पर दूसरी वार्षिक कार्यशाला के दौरान इस समझौता ज्ञापन को औपचारिक रूप दिया गया. यह सहयोग चरम मौसम की घटनाओं की भविष्यवाणी करने, जलवायु जोखिमों का आकलन करने और आपदा तैयारियों का समर्थन करने के लिए उन्नत मॉडल विकसित करने पर केंद्रित होगा. एक बयान में कहा गया है कि यह साझेदारी IMD के विशाल डेटासेट को अशोका विश्वविद्यालय की विश्लेषणात्मक और मशीन लर्निंग विशेषज्ञता के साथ जोड़ेगी. यह स्टूडेंट्सय के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों और इंटर्नशिप के साथ-साथ मौसम विज्ञान, जल विज्ञान, कृषि-मौसम विज्ञान और पर्यावरणीय स्थिरता में संयुक्त अनुसंधान को भी बढ़ावा देगा. आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, 'इस साझेदारी से दोनों संस्थानों को लाभ होगा, क्योंकि विश्वविद्यालय को आईएमडी की ऑपरेशनल एक्‍सपर्टीज और डेटा रिसोर्सेज हासिल होंगे और हमें अशोका की विश्लेषणात्मक और शैक्षणिक क्षमताओं का लाभ मिलेगा.' 
 

Sep 14, 2025, 7:22 AM (7 महीने पहले)

आईएमडी ने दी अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी 

Posted by :- Bajpai

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार से अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. विभाग ने कहा है कि पापुम पारे, पूर्वी कामेंग, पश्चिमी कामेंग, नामसाई, लोहित, तिरप, लोंगडिंग और निचले सुबनसिरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है और निवासियों और अधिकारियों से संभावित जलभराव, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया है. विभाग ने कहा है कि सोमवार को ऊपरी सुबनसिरी, सियांग बेल्ट, पश्चिमी कामेंग, तवांग, लोहित, अंजॉ और निचली दिबांग घाटी के कुछ हिस्सों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है. आईएमडी ने इन जिलों के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया है जिसमें गरज और बिजली के साथ बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. अन्य जिले - पापुम पारे, पूर्वी कामेंग, नामसाई और चांगलांग - 'ऑरेंज' अलर्ट के तहत रहेंगे. मंगलवार को, बारिश की गतिविधि व्यापक रहेगी, हालाकि तीव्रता थोड़ी कम होगी. पूर्वी कामेंग, पश्चिमी कामेंग, पापुम पारे, पूर्वी सियांग, निचली दिबांग घाटी, चांगलांग और लोंगडिंग में भारी बारिश की संभावना है, जिसके लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है.