Agriculture News: सीकर में 3 घंटे में 62 मिली मीटर बरसात दर्ज, खेतों में कटी और खड़ी फसल तबाह

क‍िसान तक Sep 30, 2025, Updated Sep 30, 2025, 7:12 PM IST

मॉनसून की विदाई के साथ ही अब उत्तर भारत में सर्दियों का मौसम शुरू होने को है. लेकिन उससे पहले उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. दिल्‍ली से लेकर हिमाचल प्रदेश तक तापमान में इजाफा जारी है. वहीं महाराष्‍ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और कुछ और राज्‍यों में भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने इस बार भीषण सर्दी को लेकर अलर्ट किया  है. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि मॉनसून के बाद अब देश के उत्तरी राज्‍य इस साल पड़ने वाली भीषण सर्दी के लिए खुद को तैयार कर लें.  मौसम अपडेट्स के साथ-साथ आप यहां किसानों के लिए सरकारी योजनाओं के फायदे और कृषि से जुड़ी अहम खबरें भी पढ़ सकते हैं.  

Agriculture Live Blog

मॉनसून की विदाई के साथ ही अब उत्तर भारत में सर्दियों का मौसम शुरू होने को है. लेकिन उससे पहले उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. दिल्‍ली से लेकर हिमाचल प्रदेश तक तापमान में इजाफा जारी है. वहीं महाराष्‍ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और कुछ और राज्‍यों में भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने इस बार भीषण सर्दी को लेकर अलर्ट किया  है. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि मॉनसून के बाद अब देश के उत्तरी राज्‍य इस साल पड़ने वाली भीषण सर्दी के लिए खुद को तैयार कर लें.  मौसम अपडेट्स के साथ-साथ आप यहां किसानों के लिए सरकारी योजनाओं के फायदे और कृषि से जुड़ी अहम खबरें भी पढ़ सकते हैं.  

Sep 30, 2025, 7:07 PM (6 महीने पहले)

सीकर में 3 घंटे में 62 मिली मीटर बरसात दर्ज, खेतों में कटी और खड़ी फसल तबाह

Posted by :- Prateek

सीकर सितंबर महीने के आखिरी दिन क्षेत्र में 3 घंटे तक जमकर बरसात हुई. रात्रि 2:00 बजे बाद क्षेत्र में शुरू हुई बरसात रुक-रुक कर सुबह 6:00 तक जारी रही. कृषि अनुसंधान केंद्र में 3 घंटे से अधिक हुई बरसात के बाद 62 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई तो वहीं न्यूनतम तापमान भी 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अच्छी बरसात के बाद शहर के एक दर्जन से अधिक निचले इलाके क्षत्रिया बस स्टैंड, पुराने सिनेमा हॉल, नवलगढ़ अंडरपास, मंडावा अंडरपास, मंडावा रोड ,साइ बाजार, अंबेडकर नगर सहित अन्य इलाकों में 4 फीट तक पानी जमा हो गया, जिसके कारण आम राहगीरों और वाहन चालको को अपनी मंजिल रास्ता बदलकर पार करनी पड़ी.

किसानों की फसलों को हुआ नुकसान

किसान रिधाराम महिचा ने बताया कि खेतों में खड़ी फसल का कटाई का काम चल रहा था कुछ अनाज को छोड़ दे तो अभी भी किसान फसल कटाई और अनाज निकालने का कार्य कर रहे थे, लेकिन इस बरसात से किसानों के खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. इस बरसात से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ है.

Sep 30, 2025, 6:39 PM (6 महीने पहले)

अक्टूबर में सामान्य से 15% ज्यादा बारिश की उम्मीद, आईएमडी का पूर्वानुमान

Posted by :- Prateek

देश में इस साल भरपूर मॉनसून के बाद अब अक्टूबर में भी सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि अक्टूबर महीने में औसत से 15 प्रतिशत ज्यादा वर्षा होने की उम्मीद है. आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि अक्टूबर में देश के पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है. वहीं देश के अन्य इलाकों में सामान्य से कम या सामान्य तापमान दर्ज हो सकता है. महापात्र ने कहा कि अक्टूबर से दिसंबर के पोस्ट-मॉनसून सीजन में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होगी. हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में वर्षा सामान्य से कम या सामान्य स्तर की रहने की संभावना है. (पीटीआई)
 

Sep 30, 2025, 6:25 PM (6 महीने पहले)

पंजाब में किसान संगठनों ने पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ कार्रवाई की आलोचना की

Posted by :- Prateek

चंडीगढ़: पंजाब के किसान संगठनों ने मंगलवार को पराली जलाने पर धान उगाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई की आलोचना की और फसल अवशेष प्रबंधन के लिए नकद प्रोत्साहन की मांग की. फसल अवशेष जलाने पर प्रतिबंध होने के बावजूद, कई किसान अगली गेहूं की फसल बोने के लिए खेतों को साफ करने के लिए यह करते रहते हैं. पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने को अक्सर अक्टूबर और नवंबर में धान की फसल की कटाई के बाद दिल्ली में वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी का कारण बताया जाता है. (पीटीआई)

Sep 30, 2025, 5:59 PM (6 महीने पहले)

गन्ने की खेती पर रिसर्च के लिए आईसीएआर में बनेगी अलग टीम- शिवराज सिंह

Posted by :- Prateek

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के पूसा परिसर में आयोजित "गन्ना अर्थव्यवस्था पर राष्ट्रीय परामर्श सत्र" को भोपाल से वर्चुअल संबोधित किया. इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि देश में गन्ने पर रिसर्च के लिए आईसीएआर में अलग टीम बनाई जाएगी. यह टीम देखेगी कि गन्ने की पॉलिसी कैसी होना चाहिए. मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि गन्ने की 238 वैरायटी में चीनी की मात्रा अच्छी निकली है, लेकिन इसमें रेड रॉट की समस्या आ रही है.

Sep 30, 2025, 5:27 PM (6 महीने पहले)

हरियाणा की मंडियों में 2.78 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई, देखें ताजा आंकड़ें

Posted by :- Prateek

खरीफ खरीद सीजन-2025 के दौरान हरियाणा की मंडियों से  279502.86 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है. इसमें से 48838.72 मीट्रिक टन धान का उठान भी मंडियों/खरीद केंद्रों से हो चुका है. हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि अब तक राज्य भर के लगभग 28599 किसानों से धान की खरीद की गई है. यह सभी किसान 'मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल' पर पंजीकृत हैं. प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा की विभिन्न मंडियों में इस बार अब तक कुल 408182.41 मीट्रिक टन धान की आवक हुई है.

 

Sep 30, 2025, 4:56 PM (6 महीने पहले)

दूध उत्‍पादकों की आय पर बोले अखिलेश, कहा - 2027 में सरकार बनेगी तब...

Posted by :- Prateek

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में पीडीए सरकार आने पर हम इस दूध उत्‍पादकों की आमदनी बढ़ाने के लिए, इस प्लांट को चलाकर व इसी तरह के काउ मिल्क प्लांट पूरे प्रदेश में खोलकर दूध के अलावा अच्छी सेहत, शारीरिक शक्ति व याददाश्त बढ़ाने के लिए काउ मिल्क के परंपरागत उत्पाद दही, छाछ, मट्ठा, लस्सी, घी व मक्खन के साथ-साथ लो फैट मिल्क, स्किम्ड मिल्क, लैक्टोस फ़्री मिल्क, साल्ट फ्री व्हाइट बटर, न्यूट्रिशियस मिल्क सॉलिड्स खोया-मावा, काउ मिल्क स्वीट्स-डेसर्ट; काउ मिल्क चॉकलेट, प्रोटीन वेफर बार, योगर्ट, फ्लेवर्ड योगर्ट, ग्रीक योगर्ट, स्काई योगर्ट, स्मूदी, पनीर; चेडर चीज़, मोज्जेरेला चीज़, फेटा-स्टाइल काउ मिल्क चीज़, लैक्टोस फ़्री चीज़, प्रोबायोटिक चीज़, सेट पास्चराइज्ड चीज; स्कीअर चीज़, हेवी क्रीम, व्हिपिंग क्रीम, आइस क्रीम, व्हे प्रोटीन पाउडर, केसीन प्रोटीन पाउडर, मिल्क पाउडर, कंडेन्स्ड मिल्क, एवापोरेटेड मिल्क, इंफेंट फार्मूला भी बनाएंगे.

इसके अतिरिक्त कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स, मॉइश्चराइजर, स्किन क्रीम व तरह-तरह के काउ मिल्क फ़ार्मास्यूटिकल प्रोडक्ट्स और भविष्य में एआई रिसर्च पर आधारित नये काउ मिल्क डेयरी व अन्य प्रोडक्ट्स भी बनाएंगे. इनसे पशु पालक समाज की आय बढ़ेगी और स्वस्थ समाज का निर्माण भी होगा.

Sep 30, 2025, 4:37 PM (6 महीने पहले)

दिल्‍ली मेें भारी बारिश ने बढ़ाई मुश्किल, जलभराव और ट्रै‍फिक जाम में उलझे लोग

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: मंगलवार को राजधानी दिल्ली में भारी बारिश हुई, जिससे ट्रैफिक जाम हो गया, अंडरपास में पानी भर गया और दिल्ली के मुख्य रास्तों पर हजारों यात्री फंस गए. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया और चेतावनी दी कि तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है. आईएमडी के कलर-कोडेड सिस्टम के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि शहर को 'तैयार रहने' का अलर्ट दिया गया है. यह बारिश 24 सितंबर को दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मानसून के औपचारिक रूप से वापस लौटने के एक सप्ताह के अंदर हुई, जो सामान्य समय से एक दिन पहले था. यह 2002 के बाद राजधानी से मानसून के सबसे पहले वापस लौटने का मामला था, जब यह 20 सितंबर को वापस लौटा था. (पीटीआई)

Sep 30, 2025, 4:22 PM (6 महीने पहले)

मंगलवार से राजस्थान में बारिश की संभावना

Posted by :- Bajpai

जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि मंगलवार से राजस्थान के कई हिस्सों में एक नए मौसम तंत्र के आने से बारिश होने की संभावना है. अधिकारियों के अनुसार, कच्छ क्षेत्र के ऊपर एक सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है, जबकि वायुमंडल के निचले स्तरों पर उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक द्रोणिका रेखा सक्रिय है. इसके प्रभाव से, मंगलवार को शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जबकि शेखावाटी और आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. इसके अलावा, अगले 24 घंटों के भीतर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया निम्न दाब तंत्र विकसित होने की संभावना है. 5 से 8 अक्टूबर के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने की संभावना है, जिससे इस दौरान पूरे राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि नागौर और झुंझुनू जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई. अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक बारिश नावा (नागौर) में हुई, जहां 102 मिमी बारिश दर्ज की गई. 

Sep 30, 2025, 3:45 PM (6 महीने पहले)

कृषि मंत्री बोले, हर राज्‍य का कृषि रोडमैप होगा अलग 

Posted by :- Bajpai

मंगलवार को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने NASC कॉम्प्लेक्स, पूसा, नई दिल्ली में वर्चुअल संबोधन दिया. इस दौरान उन्होंने कहा, ' हमने तय किया है कि कृषि का रोड मैप राज्यवार बनायेंगे क्योंकि हरेक राज्य की एग्रोलाइमेटिक कंडीशन अलग है. इस रोड मैप निर्माण हेतु राज्य मैं रहने वाले किसान, इंडस्ट्री के लोग, कृषि क्षेत्र से जुड़े अधिकारीगण तथा हमारे ICAR की टीम व KVKs शामिल होंगे. शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय कृषि मंत्री, टिकाऊ गणना अर्थव्यवस्था पर राष्ट्रीय परामर्श के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. 

Sep 30, 2025, 2:42 PM (6 महीने पहले)

यूपी में 1 अक्‍टूबर से मोटे अनाजों की खरीद, 31 दिसंबर तक चलेगी प्रक्रिया

Posted by :- Bajpai

यूपी में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 'श्रीअन्न'  (मोटे अनाज) की पहली अक्टूबर से खरीद होगी,  जो 31 दिसंबर तक चलेगी. 'मोटे अनाज' में शामिल मक्का, बाजरा व ज्वार की खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण व नवीनीकरण चल रहा है. खाद्य व रसद विभाग के मुताबिक इसके लिए किसानों को fcs.up.gov.in या ऐप UP KISAN MITRA पर पंजीकरण/नवीनीकरण कराना अनिवार्य है. खरीद पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी. सरकार ने ज्वार (मालदांडी) का 3749, ज्वार (हाईब्रिड) का 3699 रुपये, बाजरा का 2775  और मक्का का 2400 रुपये प्रति कुंतल न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है. योगी सरकार ने 48 घंटे में किसानों को भुगतान कराने का निर्देश दिया है. 

Sep 30, 2025, 2:30 PM (6 महीने पहले)

पश्चिमी यूपी में 1 अक्टूबर से धान खरीद शुरू, 24 घंटे के अंदर होगा भुगतान

Posted by :- Bajpai

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी. इस वर्ष साढ़े 23 हजार से अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में धान की खरीद 1 नवंबर से की जाएगी.  लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिलों में भी बुधवार से धान की खरीद शुरू होगी. इस वर्ष धान (कॉमन) के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2369 रुपये प्रति कुंतल और ग्रेड ए के लिए 2389 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान की खरीद 31 जनवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी 2026 तक चलेगी. योगी सरकार ने 3,300 क्रय केंद्रों के माध्यम से 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है. इसके साथ ही सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान कर दिया जाए.

Sep 30, 2025, 1:27 PM (6 महीने पहले)

केवीके शिमला में आयोजित किया किसान मेला, 215 किसानों ने लिया भाग

Posted by :- Bajpai

डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) शिमला में हिमालयन फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एच.एफ.आर.आई.), शिमला के सहयोग से किसान मेले का आयोजन किया गया.  मेले के मुख्य अतिथि रोहड़ू के विधायक मोहन लाल बरागटा और विशिष्ट अतिथि पद्मश्री पुरस्कार विजेता नेक राम शर्मा रहे. इस मेले का मकसद किसानों को औषधीय एवं वानिकी पौधों की खेती के बारे में जागरूक करना था, जो पर्यावरण, स्वास्थ्य और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत लाभकारी हैं. शिमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 215 से अधिक किसानों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया. निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. इंदर देव ने अपने स्वागत भाषण विश्वविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र की विस्तार गतिविधियों की जानकारी दी और किसानों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए प्रेरित किया. मुख्य अतिथि मोहन लाल बरागटा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती अब विकल्प नहीं बल्कि समय की आवश्यकता है.  उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती की उपज को उचित मूल्य प्रदान कर रही है ताकि किसान बड़े स्तर पर इसे अपना सकें. उन्होंने किसानों को विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न फसलों के लिए दी गई सिफारिशों पर अमल करने का सुझाव दिया ताकि फसलों को होने वाले नुकसान को कम से कम किया जा सके. विशिष्ट अतिथि पद्मश्री नेक राम शर्मा ने प्राकृतिक खेती और श्रीअन्न (मिलेट्स) के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने दैनिक आहार में मिलेट्स के सेवन से मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में बताया और किसानों से अपनी भावी पीढ़ी को प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया. 
 

Sep 30, 2025, 12:15 PM (6 महीने पहले)

बहराइच में फिर आदमखोर का आतंक, वृद्ध दंपति की हमले में मौत

Posted by :- Bajpai

बहराइच में मझारा तौकली में आदमखोर के हमले में वृद्ध दंपति की मौत.आदमखोर ने फिर दो लोगों को बनाया निवाला, प्यारेपुरवा गांव में सो रहे वृद्ध पति-पत्नी को भेड़िये ने बुरी तरह चबाया. हाथ पैर नोच कर खा गया भेड़िया. 

Sep 30, 2025, 11:34 AM (6 महीने पहले)

दिल्‍ली-एनसीआर में अचानक बारिश और हवाओं से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत

Posted by :- Bajpai

दिल्‍ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं से मौसम अचानक बदल गया है. मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए राष्‍ट्रीय राजधानी में सामान्यत तौर पर  बादल छाए रहने और हल्की बारिश या छींटे पड़ने की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक है. मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में इस सितंबर में असाधारण तौर पर ज्‍यादा तापमान दर्ज किया गया है. वहीं अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. उत्तर भारत से मॉनसून ने विदा लेनी शुरू कर दी है. इसके कारण पिछले कुछ दिनों से दिल्ली एनसीआर समेत कई राज्यों में उमस भरी गर्मी देखने को मिल रही थी। मगर, आज कई जगहों पर मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, खंभात की खाड़ी पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। ऐसे में आज गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में तेज बरसात होने की संभावना है. वहीं, 2 अक्टूबर से पूर्वी भारत में भारी बारिश हो सकती है. 
 

Sep 30, 2025, 11:09 AM (6 महीने पहले)

पंजाब के बाढ़ प्रभावि‍त किसानों को बड़ी राहत, दिवाली से पहले मिलेगा मुआवजे का चेक

Posted by :- Prateek

चंडीगढ़ (पंजाब): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को आश्वासन दिया कि दिवाली से पहले सरकार फसल नुकसान, पशु हानि और घर के नुकसान के लिए प्रभावित लोगों, जिनमें किसान और निवासी शामिल हैं, को चेक बांटना शुरू कर देगी. इस पहल का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित लोगों को समय पर राहत देना है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मान ने मुआवजे की जानकारी दी: फसल नुकसान के लिए प्रति एकड़ 20,000 रुपये, पशु हानि के लिए 37,500 रुपये और मिट्टी हटाने के काम के लिए प्रति एकड़ 7,200 रुपये. फजिल्का और फिरोजपुर इलाकों से पानी निकालने के लिए 4.5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. "फसल नुकसान के लिए प्रति एकड़ 20,000 रुपये दिए जाएंगे, पशु हानि के लिए 37,500 रुपये..." (एएनआई)

Sep 30, 2025, 10:51 AM (6 महीने पहले)

जामनगर में कृषि भूमि की बिक्री के नाम पर हुई धोखाधड़ी

Posted by :- Bajpai

जामनगर जिले के कालावड़ तालुका के नानावडाला गांव में कृषि भूमि की बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. कालावड़ पुलिस स्टेशन में राजकोट के दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है. आरोपियों ने किसान को कॉन्‍ट्रैक्‍ट के तौर पर दी जाने वाली राशि में से 65 लाख रुपये हड़प लिए हैं. उन्होंने जमीन खरीदने वाले पक्ष से शिकायतकर्ता के नाम पर 70 लाख रुपये हासिल किए. उन्होंने जमीन खरीदने वाले पक्ष से यह कहकर 70 लाख रुपये हड़प लिए कि जमीन का असली मालिक अस्पताल में है. 1.35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का यह मामला पुलिस स्टेशन पहुंचा है. किसान वालजीभाई नागजीभाई खुंट ने राजकोट निवासी गोपाल पुनाभाई कोटडिया और मोहन भारवाड़ नामक आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. 

Sep 30, 2025, 9:37 AM (6 महीने पहले)

मिजोरम के कोलासिब में अफ्रीकी स्वाइन फीवर से जंगली सूअरों की मौत

Posted by :- Bajpai

मिजोरम के कोलासिब जिले में अफ्रीकी स्वाइन फीवर (एएसएफ) के कारण जंगली सूअरों की मौत हो गई. पशुपालन और पशु चिकित्सा विभाग की उप निदेशक एस्तेर लालजोलियानी ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में सैपुम गांव के पास जंगल में स्थानीय लोगों ने जंगली सूअरों के बहुत ज्‍यादा सड़े हुए शव देखे थे. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने विभाग को सूचित किया, जिसने नमूने एकत्र करने के लिए गांव में एक टीम भेजी. एस्तेर ने बताया कि विभाग ने जंगली सूअरों के बोनमैरो का परीक्षण किया, और वे एएसएफ के लिए सकारात्मक पाए गए. इसके सैंपल सेलेसिह स्थित पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुपालन कॉलेज को भी भेजे गए, जिसने भी पुष्टि की कि जंगली सूअरों की मौत एएसएफ के कारण हुई. स्थानीय लोगों ने कहा कि शव 7 सितंबर और 18 सितंबर को मिले थे. सैपुम ग्राम परिषद- I के अध्यक्ष लालनुनसंगा पुलमटे ने कहा कि उन्होंने जंगली जानवरों का शिकार करने और उनके अवशेषों को गांव में लाने पर प्रतिबंध लगा दिया है. कोलासिब के उपायुक्त रॉबर्ट सी लालहमंगइहा ने सोमवार को एक आदेश जारी किया, जिसमें सैपुम में सूअरों की मौत के बाद जिले में किसी भी जंगली जानवर के ताजे मांस या सूखे मांस के शिकार और बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया. 

Sep 30, 2025, 9:16 AM (6 महीने पहले)

मणिपुर में 16 कुकी गांवों के प्रधानों ने म्यांमार बॉर्डर पर बाड़ लगाने का किया विरोध

Posted by :- Bajpai

मणिपुर-म्यांमार बॉर्डर पर रहने वाले 16 कुकी गांवों के प्रमुखों ने भारत-म्यांमार बॉर्डर पर चल रहे फेंसिंग कार्य के खिलाफ पूर्ण असहयोग की घोषणा कर दी है. उन्होंने भूमि मुआवजा स्वीकार करने और किसी भी बातचीत में भाग लेने से इनकार कर दिया है, जब तक कि कुकी-जो समुदाय की राजनीतिक मांगें पूरी न हों और राज्य में शांति न लौट आए. गांव प्रमुखों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि सीमा फेंसिंग और फ्री मूवमेंट रेजीम (FMR) को समाप्त करने के प्रस्ताव के खिलाफ पहले ही रैलियां आयोजित की गई हैं और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं. बयान में कहा गया, 'कुकी-जो लोगों के हित में, हम असहयोग की घोषणा करते हैं. हम भूमि मुआवजा नहीं लेंगे और न ही बातचीत करेंगे, जब तक हमारी राजनीतिक मांगें पूरी न हों और राज्य में सामान्य स्थिति बहाल न हो.'

Sep 30, 2025, 8:51 AM (6 महीने पहले)

पंजाब भाजपा ने बाढ़ से निपटने में आप सरकार की 'विफलता' के खिलाफ प्रस्ताव पास किया

Posted by :- Bajpai

पंजाब भाजपा ने सोमवार को राज्य में हाल ही में आई बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर जनता की विधानसभा आयोजित की. पार्टी ने इस दौरान आप सरकार पर बेहतर प्रबंधन के उपाय करने में 'विफल' रहने का आरोप लगाया. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 'नकली सत्र' के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उसके दो विधायक राज्य विधानसभा सत्र के अंतिम दिन उपस्थित नहीं हुए. मान ने सदन में कहा, 'भाजपा के निर्वाचित सदस्य वास्तविक सत्र में मौजूद नहीं हैं और नकली विधानसभा में भाग ले रहे हैं.' वहीं 'जनता की विधानसभा' में, भाजपा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की 'बाढ़ से पहले, उसके दौरान और बाद की विफलताओं' के लिए निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया. एक और सर्वसम्मत प्रस्ताव में पंजाब सरकार की ओर से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के कोष से 12,000 करोड़ रुपये के 'गबन' की सीबीआई जांच की मांग की गई.  इसके अतिरिक्त, बाढ़ के लिए जिम्मेदार 'दोषी मंत्रियों' और अधिकारियों की पहचान करने के लिए उच्च न्यायालय के न्यायाधीश द्वारा जांच और बाढ़ के कारण अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग करते हुए प्रस्ताव पास किए गए. पूर्व स्पीकर और भाजपा नेता चरणजीत सिंह अटवाल ने 'जनता की विधानसभा' सत्र की शुरुआत की. 

Sep 30, 2025, 8:12 AM (6 महीने पहले)

सौराष्‍ट्र और कच्‍छ में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

Posted by :- Bajpai

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कल सौराष्‍ट्र और कच्छ के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भी भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है. IMD के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. 

Sep 30, 2025, 7:50 AM (6 महीने पहले)

मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट 

Posted by :- Bajpai

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. ठाणे जिला कलेक्टर श्रीकृष्ण पांचाल ने कहा कि जिले के 42 नदी किनारे के गांवों के लिए पुनर्वास योजनाएं तैयार हैं.  रविवार को, उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि मराठवाड़ा क्षेत्र में जारी बाढ़ की स्थिति के बाद अधिकारी सतर्क हैं और भारी बारिश से निपटने के लिए तैयार हैं. 
 

Sep 30, 2025, 7:31 AM (6 महीने पहले)

बाढ़ के चलते महाराष्‍ट्र में 12वीं के परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख बढ़ाई गई 

Posted by :- Bajpai

महाराष्‍ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को राज्य में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित छात्रों के लिए राहत की घोषणा की. भीषण बाढ़ की स्थिति के कारण, कई छात्रों को अपने 12वीं कक्षा के परीक्षा फॉर्म भरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था क्योंकि अंतिम तिथि समाप्त होने वाली थी. शिंदे को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कई छात्रों और अभिभावकों के फोन आए, जिनमें उन्होंने अपनी दुर्दशा बताई. पत्रकारों से बात करते हुए, शिंदे ने कहा, 'मुझे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कई छात्रों और किसान अभिभावकों के फोन आ रहे थे. वे कह रहे थे कि बाढ़ की स्थिति के कारण, 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए परीक्षा फॉर्म भरना संभव नहीं है. कल 12वीं कक्षा के परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख है.' शिंदे ने हस्तक्षेप किया और शिक्षा मंत्री दादा भुसे से बात की, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई. उन्‍होंने कहा, 'मैंने स्थिति को समझा और शिक्षा मंत्री दादा भुसे से फोन पर बात की. अभिभावकों और छात्रों की कठिनाइयों को देखते हुए, 12वीं कक्षा के छात्रों की परीक्षा तिथि 20 अक्टूबर तक स्थगित कर दी गई. इससे कई छात्रों को राहत मिलेगी.' महाराष्‍ट्र में हाल ही में आई बाढ़ ने छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा देने की क्षमता को काफी प्रभावित किया है. कई छात्रों ने अपनी अध्ययन सामग्री, किताबें और नोट्स खो दिए हैं, जिससे उनकी स्थिति और भी खराब हो गई है. 
 

Sep 30, 2025, 7:21 AM (6 महीने पहले)

आईएमडी ने आज जताया हल्की बारिश का अनुमान 

Posted by :- Bajpai

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में इस सितंबर में असाधारण तौर पर ज्‍यादा तापमान दर्ज किया गया है. सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. रविवार को, राष्‍ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो वर्षों में सितंबर का सबसे गर्म दिन था. 5 सितंबर, 2023 को, शहर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. सोमवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 4.7 डिग्री अधिक था, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था. आईएमडी ने कहा कि सापेक्ष आर्द्रता 57 और 76 प्रतिशत के बीच रही. मंगलवार के लिए, मौसम विभाग ने हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है. तापमान 25 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 120 के साथ वायु गुणवत्ता "मध्यम" श्रेणी में रही.