Agriculture News: हिमाचल में बल्क मिल्क कूलर चलाएंगे लोकल दूध उत्पादक, मिलेगा कमीशन: CM सुक्‍खू

क‍िसान तक Aug 26, 2025, Updated Aug 26, 2025, 7:08 PM IST

देश के कई राज्यों में जहां मॉनसून एक्टिव है और पहाड़ी राज्‍यों में जमकर बारिश हो रही है. मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-NCR में बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, लद्दाख, राजस्‍थान, गुजरात, महाराष्‍ट्र, दक्षिण भारत और नॉर्थ ईस्‍ट में इस बार अच्‍छी बारिश होगी. मौसम के अलावा आप यहां किसानों को मिलने वाली सरकारी स्कीम के फायदे और अन्य किसानों से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं. 

Agriculture Live Blog

देश के कई राज्यों में जहां मॉनसून एक्टिव है और पहाड़ी राज्‍यों में जमकर बारिश हो रही है. मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-NCR में बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, लद्दाख, राजस्‍थान, गुजरात, महाराष्‍ट्र, दक्षिण भारत और नॉर्थ ईस्‍ट में इस बार अच्‍छी बारिश होगी. मौसम के अलावा आप यहां किसानों को मिलने वाली सरकारी स्कीम के फायदे और अन्य किसानों से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं.  

Aug 26, 2025, 6:59 PM (7 महीने पहले)

हिमाचल में बल्क मिल्क कूलर चलाएंगे लोकल दूध उत्पादक, मिलेगा कमीशन: CM सुक्‍खू

Posted by :- Prateek

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में बताया कि राज्य में स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को बल्क मिल्क कूलर चलाने का काम सौंपा जाएगा और इसके लिए सरकार उन्हें कमीशन देगी. वह आनी से भाजपा विधायक लोकेंद्र कुमार द्वारा उनके निर्वाचन क्षेत्र में "दूध शीतलन संयंत्र में तकनीकी खराबी के कारण हजारों लीटर दूध की बर्बादी" के बारे में उठाए गए मामले में हस्तक्षेप कर रहे थे. प्रश्न के मूल उत्तर में, कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि मिल्क कूलर में अचानक तकनीकी खराबी की जानकारी मिली थी, लेकिन बाद में पता चला कि कोई खराबी नहीं थी. (पीटीआई)

Aug 26, 2025, 6:41 PM (7 महीने पहले)

पर्याप्त आपूर्ति के बीच ग्वारसीड वायदा कीमतों में गिरावट, 5,257 रुपये हुआ भाव

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: पर्याप्त आपूर्ति के बीच मंगलवार को वायदा कारोबार में ग्वारसीड की कीमत 7 रुपये की गिरावट के साथ 5,257 रुपये प्रति क्विंटल रह गई. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज में, सितंबर डिलीवरी वाले ग्वारसीड अनुबंध की कीमत 7 रुपये या 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,257 रुपये प्रति क्विंटल रह गई, जिसमें 57,305 लॉट के लिए कारोबार हुआ. बाजार सूत्रों ने ग्वारसीड की कीमतों में गिरावट का कारण उत्पादक क्षेत्रों से बढ़ती आपूर्ति को बताया. (पीटीआई)

Aug 26, 2025, 6:29 PM (7 महीने पहले)

गेहूं और जौ उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत घटाना भी जरूरी- शिवराज सिंह चौहान

Posted by :- Prateek

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारत आज गेहूं और चावल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है, लेकिन आगे उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत घटाना भी उतना ही जरूरी है, ताकि हमारे किसान भाइयों-बहनों के लिए खेती पूरी तरह से लाभकारी बन सके. शिवराज सिंह आज ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित '64वीं अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान कार्यकर्ता गोष्ठी' को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे.

केंद्रीय मंत्री चौहान ने किसानों की मेहनत को नमन करते हुए कहा कि किसानों के परिश्रम और वैज्ञानिकों के शोध के बल पर भारत आज वैश्विक स्तर पर मजबूत कृषि राष्ट्र के रूप में खड़ा है. बीते 10-11 वर्षों में गेहूं का उत्पादन 86.5 मिलियन टन से बढ़कर 117.5 मिलियन टन हो गया है, जो लगभग 44 प्रतिशत की वृद्धि है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उल्लेखनीय है, लेकिन अभी भी हमें प्रति हेक्टेयर उत्पादन को वैश्विक औसत के बराबर लाने की दिशा में काम करना होगा.

Aug 26, 2025, 5:59 PM (7 महीने पहले)

चक्की नदी में मिट्टी कटाव और बाढ़ के चलते 18 ट्रेनें रद्द

Posted by :- Prateek

भारी बारिश के चलते चक्की नदी में अचानक आई बाढ़ और मिट्टी धंसने से पथानकोट कैंट-कंदरोरी डाउन लाइन पर रेल यातायात ठप हो गया है. वहीं जम्मू तवी-सांबां, जम्मू तवी-कटरा रूट पर भी ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. हालात को देखते हुए 18 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और 4 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है. रेलवे ने स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखी है.

 

Aug 26, 2025, 5:34 PM (7 महीने पहले)

केंद्र सरकार ने गेहूं की स्‍टॉक लिमिट घटाई, जानें अब कितनी रहेगी

Posted by :- Prateek

भारत सरकार ने गेहूं की जमाखोरी रोकने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में गेहूं पर नया स्टॉक लिमिट आदेश लागू किया है. ट्रेडर्स, रिटेलर्स, बिग चेन रिटेलर्स और प्रोसेसर के स्टॉक लिमिट में कमी की गई है. निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक रखने वालों को 15 दिन में कम करना होगा, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी. सरकार ने कहा है कि देश में गेहूं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और कीमतों पर नजर रखी जा रही है. 

नई स्टॉक लिमिट की जानकारी (31 मार्च 2026 तक लागू)

ट्रेडर/होलसेलर: 2000 MT (पहले 3000 MT)

रिटेलर: प्रति रिटेल आउटलेट 8 MT (पहले 10 MT)

बिग चेन रिटेलर: प्रति आउटलेट 8 MT, अधिकतम (8 × कुल आउटलेट) MT (पहले 10 MT)

प्रोसेसर: मासिक इंस्टॉल्ड कैपेसिटी (MIC) × शेष महीनों का 60% (पहले 70%)

Aug 26, 2025, 5:05 PM (7 महीने पहले)

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बीच सभी कंपनियों की कॉल और मोबाइल इंटरनेट सेवा बाधित

Posted by :- Prateek

श्रीनगर: अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच कई जगहों पर ऑप्टिकल फाइबर क्षतिग्रस्त होने के कारण मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में सभी सेवा प्रदाताओं के नेटवर्क बाधित हो गए. उन्होंने बताया कि तकनीकी टीमों को खराबी का पता लगाने और उसे ठीक करने के लिए भेजा गया है. अधिकारियों ने बताया कि "कई जगहों पर फाइबर कट" होने के कारण सभी नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के कॉल नहीं हो पा रहे हैं और मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद हो गई है. (पीटीआई)

Aug 26, 2025, 4:54 PM (7 महीने पहले)

अशोक गहलोेत ने राजस्‍थान सरकार पर बोला हमला, यूरिया की किल्‍लत का उठाया मुद्दा

Posted by :- Prateek

राजस्थान के पूर्व सीएम और दिग्‍गज कांग्रेस नेता अशाेक गहलोत ने राज्‍य की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्‍होंने अपने एक्‍स हैंडल पर लिखा- राजस्‍थान में डबल इंजन सरकार पूरी तरह फेल हो गई है. पूरे प्रदेश के किसान यूरिया एवं DAP की कमी से परेशान हैं परन्तु सरकार का ध्यान इस ओर बिल्कुल नहीं है. मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में 8-8 घंटे तक किसान लाइन में लग रहे हैं पर यूरिया नहीं मिल रहा है. बाकी जिलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. जो भाजपा किसानों को आवश्यकता के समय बिजली, पानी, उर्वरक नहीं दे सकती है, वो चुनाव के समय किसान हितैषी होने का ढोंग करती है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को वर्तमान समय में किसानों की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए.

Aug 26, 2025, 4:22 PM (7 महीने पहले)

जम्‍मू-कश्‍मीर में भारी बारिश से हाल बेहाल, कल से मिल सकती है राहत 

Posted by :- Bajpai

जम्मू के कई इलाकों में अगले 4 से 5 घंटों तक भारी बारिश जारी रह सकती है. ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सरकारी आदेशों का पालन करने की सलाह दी गई है. मौस‍म विभाग के अनुसार आज देर शाम से मौसम में सुधार होगा, बारिश की तीव्रता कम होगी, कल से और सुधार आने की उम्मीद है.  किश्तवाड़, डोडा और दक्षिण कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भारी बारिश की वजह से अचानक बाढ़ आ गई है जिससे ऊपरी इलाकों में नुकसान हो रहा है. वहीं जम्मू में ज्‍यादातर नदियां और नाले खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं क्योंकि कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई है. कठुआ में पिछले 12 घंटों से 250 मिमी बारिश हुई है और अभी भी जारी है. 

Aug 26, 2025, 3:48 PM (7 महीने पहले)

जम्मू में भारी बारिश से तबाही, तवी नदी में आई बाढ़ 

Posted by :- Bajpai

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है. बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई है. बारिश की वजह से जम्मू-कश्मीर की ज्‍यादातर नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है. प्रशासन की तरफ से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं. लोगों को नदियों और नालों के पास न जाने की सलाह दी गई है. 
 

Aug 26, 2025, 3:35 PM (7 महीने पहले)

उत्तर गुजरात में खोले गए बांध के गेट, अहमदाबाद में बढ़ा साबरमती का जलस्‍तर 

Posted by :- Bajpai

उत्तर गुजरात में स्थित धरोई बांध और संत सरोवर में से पानी छोड़े जाने पर साबरमती नदी का जल स्तर बढ़ गया है. अहमदाबाद स्थित साबरमती रिवरफ्रंट का वॉक वे पानी में डूब गया है. वॉक वे की वह जगह जहां पर लोग साइकिलिंग और मॉर्निंग वॉक के लिए आते थे उस हिस्से में 4 फीट तक पानी भर गया है, नदी और वॉक वे समेत रिवरफ्रंट की सीढ़ियों पर कई सांप तैरते हुए नजर आ रहे हैं. साबरमती नदी के जलस्‍तर में इजाफे के साथ ही अहमदाबाद स्थित वासणा बैराज के 27 गेट खोल दिए गए हैं. इसके अलावा अहमदाबाद के वटवा, वेजलपुर, दसक्रोई और धोलका क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन ने अलर्ट किया.

Aug 26, 2025, 3:06 PM (7 महीने पहले)

अगले दो घंटे में इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना

Posted by :- Ravi Singh

दिल्ली (नरेला, बवाना, कंझावला, मुंडाका, जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, पालम, आईजीआई एयरपोर्ट, वसंत विहार, वसंत कुंज, आयानगर, डेरामंडी), एनसीआर (बहादुरगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर) कैथल, नरवाना, असंध, सफीदों, बरवाला, जिंद, पानीपत, गोहाना में हल्की आंधी और बिजली (20-30 किमी/घंटा तेज हवाएं) के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. गन्नौर, महम, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, भिवानी, चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, फारुखनगर, कोसली, सोहाना, रेवारी, पलवल, नारनौल, बावल, नूंह, औरंगाबाद, होडल (हरियाणा) बड़ौत, नंदगांव (यूपी) भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, अलवर, विराटनगर, लक्ष्मणगढ़, राजगढ़, महवा, महंदीपुर बालाजी (राजस्थान) और दिल्ली (अलीपुर, सफदरजंग, लोदी रोड) में अगले 2 घंटों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है. गढ़मुक्तेश्वर, पिलखुआ, हापुड़, गुलौटी, सियाना, सिकंदराबाद, बुलन्दशहर, जट्टारी, बरसाना, राया, मथुरा, आगरा (यूपी) कोटपूतली, डीग, नदबई, भरतपुर, बयाना (राजस्थान) में हल्की बारिश हो सकती है.

Aug 26, 2025, 2:01 PM (7 महीने पहले)

हकृवि के सात विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट, स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन में चयन

Posted by :- Bajpai

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशालय की काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के अंतर्गत हरियाणा स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन में 7 विद्यार्थियों का यंग प्रोफेशनल के पद पर चयन कैंपस प्लेसमेंट के तहत हुआ है. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है. उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों तथा उनके परिवार को जाता है. छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एस. के. पाहुजा ने बताया कि विद्यार्थियों का चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर किया गया है. चयनित विद्यार्थियों को यंग प्रोफेशनल पॉलिसी के तहत 3 लाख 60 हजार रुपए वार्षिक पैकेज दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि हरियाणा स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन में चयनित हुए विद्यार्थियों में तान्या वर्मा, गुरपाल सिंह, नमन यादव, सचिन चौधरी, कोमल यादव, स्वाति देसवाल व सोनल शर्मा शामिल हैं. सह-निदेशक छात्र कल्याण (काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट) डॉ. अतुल ढींगड़ा ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी. डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय में छात्रों की प्लेसमेंट के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को बुलाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे. 

Aug 26, 2025, 1:47 PM (7 महीने पहले)

हिमाचल के मंडी में जारी भारी बारिश, ब्‍यास नदी का जलस्‍तर बढ़ा

Posted by :- Bajpai

हिमाचल प्रदेश के मंडी में लगातार बारिश जारी है. इस बारिश के बीच बढ़ा ब्यास नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया है. वहीं पंडोह डैम से 90 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. ब्‍यास नदी यहां के पंचवक्त्र महादेव मंदिर के प्रांगण तक पहुंच गई है. साथ ही हुनमान घाट में भवनों पर भी नदी का पानी आ गया है. शहर के बीचों बीच बहने वाली सुकेती खड्ड भी उफान पर है.
 

Aug 26, 2025, 1:29 PM (7 महीने पहले)

शरद पवार की NCP करेगी 14-15 सितंबर को किसान मोर्चा का आयोजन

Posted by :- Bajpai

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) 14 सितंबर को महाराष्ट्र के नासिक में कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए एक विशेष शिविर आयोजित करेगी. इसके बाद अगले दिन यानी 15 सितंबर को किसानों की समस्याओं और कर्ज माफी की मांग को लेकर एक 'मोर्चा' निकाला जाएगा. यह घोषणा सोमवार को की गई.  मुंबई में इन दोनों कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए, राकांपा (सपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बताया कि शिविर की अध्यक्षता पार्टी प्रमुख शरद पवार करेंगे. 

Aug 26, 2025, 12:58 PM (7 महीने पहले)

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटा​​​​, कई घरों को नुकसान

Posted by :- Bajpai

जम्‍मू कश्‍मीर के डोडा जिले में बादल फटने की खबरें हैं.बताया जा रहा है कि इस घटना में 10 से ज्‍यादा घरों को नुकसान पहुंचा है. बादल  डोडा जिले के थाथरी उप-मंडल में फटा है. सोमवार को ही स्‍थानीय मौसम विभाग (आईएमडी) की तरफ से कई जगहों पर बादल फटने की चेतावनी जारी की गई थी. 

Aug 26, 2025, 12:48 PM (7 महीने पहले)

उत्तराखंड में बारिश केे बीच जंगली जानवरों की भी मुश्किलें बढ़ीं

Posted by :- Bajpai

उत्तराखंड में बारिश के चलते आम जनता जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है तो वहीं जंगली जानवरों के लिए भी सड़क पर चलने में दिक्कत होने लगी है.ऐसा ही सड़क पर चलते हाथी का फिसल कर गिरते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जंगली हाथियों का आबादी में प्रवेश लगातार जारी है. आज सुबह जगजीतपुर में हाथियों का झुंड आ गया‌ है. जंगली हाथियों के झुंड से एक हाथी ओम साईं मोटर्स की वर्कशॉप में प्रवेश कर गया. मगर रास्ता नही मिलने और हाथी तेज गति से वापस लौटा तो फिसल कर नीचे गिर गया. हाथी तेजी से उठा और चलता बना.हाथी के फिसलकर गिरने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

Aug 26, 2025, 12:30 PM (7 महीने पहले)

कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा- कृषि मंत्री शिवराज सिंह

Posted by :- Bajpai

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषि में उत्पादन लगातार बढ़े, लागत घटे, उत्पादन का ठीक दाम मिले, प्राकृतिक आपदा में राहत मिले, कृषि का विविधीकरण हो और धरती आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अन्न उत्पादित करती रहे. इसका प्रयास हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि विभाग लगातार करता रहा है. गेहूं हमारी प्रमुख फसल है और जौ का भी अपना महत्व है. गेहूं अनेक तरह की कठिनाइयों का सामना कर रहा है. एक जमाना वह था, जब हम अमेरिका से PL480 लाल गेहूं आयात करके खाते थे, लेकिन आज मैं अपने किसानों को धन्यवाद दूंगा, वैज्ञानिकों को धन्यवाद दूंगा, विशेषकर हमारे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 साल में लगभग 44 फीसदी उत्पादन फसलों का बढ़ा है और गेहूं के उत्पादन में भी हमने नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं. लेकिन, आने वाले समय जो चुनौतियां हमारे सामने हैं, उनका मुकाबला करते हुए हम ऐसी किस्मों का विकास करें, जिससे गेहूं का उत्पादन घटे नहीं, लगातार बढ़ता रहे. गेहूं की नई किस्में हमारे वैज्ञानिकों ने विकसित की हैं. उनमें बायोफोर्टिफाइड फसलें भी हैं, जो पोषण के लिए बहुत उपयुक्त हैं. ग्लूटिन की मात्रा कैसे गेहूं में कम हो, इसका भी हम प्रयत्न कर रहे हैं. बढ़ते तापमान और कम पानी में भी कैसे गेहूं के उत्पादन को हम और बढ़ा पाएं, इसकी कोशिश भी हम कर रहे हैं. और आज इसीलिए वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों का चिंतन का कार्यक्रम ग्वालियर में आयोजित है, जिसमें देशभर के हमारे जाने-माने ख्यातिनाम वैज्ञानिक भी हैं, प्रगतिशील किसान भी हैं.

Aug 26, 2025, 11:53 AM (7 महीने पहले)

हिमाचल सरकार जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए उपकरणों पर सब्सिडी देने पर विचार करेगी: मुख्यमंत्री

Posted by :- Prateek

शिमला: (25 अगस्त) हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए उपकरणों पर सब्सिडी देने पर विचार करेगी, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा में यह जानकारी दी. पार्टी विधायक अनुराधा राणा के एक प्रश्न के उत्तर में, सुखू ने कहा कि जंगली जानवरों के कारण मनुष्यों और पालतू मवेशियों की मृत्यु या गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में मुआवजे का प्रावधान है, लेकिन सरकार जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए उपकरणों पर सब्सिडी देने पर विचार करेगी. भाजपा विधायक रीना कश्यप के एक अन्य प्रश्न के उत्तर में, सुखू ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और उनसे छैला-नेरीपुल-सनोरा सड़क को केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष में शामिल करने और एक वैकल्पिक सड़क बनाने का आग्रह किया, क्योंकि सेब सीजन के दौरान विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण मौजूदा सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है. (PTI)

Aug 26, 2025, 11:53 AM (7 महीने पहले)

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज ग्वालियर और दतिया के दौरे 

Posted by :- Bajpai

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज ग्वालियर और दतिया के दौरे पर रहेंगे. सुबह 11 बजे वे ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और गेहूं व जौ अनुसंधान संगोष्ठी में विशेषज्ञों व किसानों को संबोधित करेंगे. इसके बाद दोपहर 1 बजे ग्वालियर में प्रेस वार्ता करेंगे. वहीं, दोपहर 3.45 बजे मंत्री चौहान दतिया पहुंचेंगे, जहां रानी लक्ष्मीबाई सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (RLBCAU) के कॉलेज परिसर में पशु चिकित्सीय और आवासीय परिसर का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वे किसानों व छात्र-छात्राओं से संवाद भी करेंगे. 

Aug 26, 2025, 11:15 AM (7 महीने पहले)

हथिनीकुंड से छोड़ा गया पानी, यमुना का जलस्तर चेतावनी के निशान के पार

Posted by :- Bajpai

यमुना नदी मंगलवार सुबह पुराने रेलवे पुल पर 204.50 मीटर के चेतावनी निशान को पार कर गई. अधिकारियों ने बताया कि सुबह 9 बजे नदी का जलस्तर 204.58 मीटर था. स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों को बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है क्योंकि पूर्वानुमान के अनुसार जलस्तर में वृद्धि जारी रहेगी. केंद्रीय बाढ़ कक्ष के एक अधिकारी ने कहा, 'जलस्तर में वृद्धि का मुख्य कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराजों से हर घंटे छोड़े जा रहे भारी मात्रा में पानी का होना है. जलस्तर में और वृद्धि का अनुमान है, लेकिन आज शाम तक इसके खतरे के निशान से नीचे रहने की संभावना है.' बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज हर घंटे लगभग 36,658 क्यूसेक पानी छोड़ रहा है और वजीराबाद बैराज हर घंटे 35,640 क्यूसेक पानी छोड़ रहा है. पुराना रेलवे पुल नदी के बहाव और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने के लिए एक प्रमुख निगरानी बिंदु के तौर पर काम करता है. शहर के लिए चेतावनी का निशान 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है, और लोगों को 206 मीटर पर ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया जाता है. बैराजों से छोड़े गए पानी को दिल्ली पहुंचने में आमतौर पर 48 से 50 घंटे लगते हैं. ऊपरी इलाकों से कम पानी छोड़े जाने पर भी जलस्तर बढ़ रहा है और दिल्ली में यह चेतावनी के निशान के करीब पहुंच रहा है. 

Aug 26, 2025, 10:15 AM (7 महीने पहले)

झांसी में सरकारी खाद बिक्री केंद्र पर जमकर हंगामा

Posted by :- Bajpai

झांसी में खाद बिक्री को लेकर अब मारामारी शुरू हो गई है. किसानों का आरोप है की उन्हें सुबह 4 बजे से खाद लेने के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है लेकिन 12 से 13, घंटे बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है. खाद की कमी के चलते झांसी के मऊरानीपुर पीसीएफ केंद्र पर खाद की बिक्री को लेकर जमकर हंगामा होने की खबरें हैं. किसानों का आरोप है कि वह 12 घंंटे लाइन ने खड़े होने के बाद भी उन्हें शाम 5 बजे तक भी खाद नहीं मिल रही है.वहीं बिक्री केंद्र के अधिकारी का कहना है कि खाद समय पर मिल रही है लेकिन लोग उपद्रव कर रहे हैं. 

Aug 26, 2025, 10:04 AM (7 महीने पहले)

जम्‍मू से लेकर दिल्‍ली और हरियाणा में तेज बारिश का रेड अलर्ट

Posted by :- Bajpai

मौसम विभाग (आईएमडी) ने जम्मू, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में मध्यम से तेज बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. आपको बता दें कि इन राज्‍यों में पहले से ही बारिश जारी है. राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को भी बादल छाए हुए हैं और तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हो रही है. आईएमडी के अनुसार पिछले 24 घंटों में शहर में लगभग 13 मिमी बारिश दर्ज की. मौसम विभाग ने मंगलवार को भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है.

Aug 26, 2025, 9:56 AM (7 महीने पहले)

पंजाब जारी बारिश, जालंधर में 28 अगस्‍त तक बंद रहेंगे स्‍कूल

Posted by :- Bajpai

पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जालंधर में भी जिला प्रशासन का बड़ा फैसला लिया है. मौसम विभाग की तरफ से दी गई चेतावनी के बाद जालंधर में भी स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी हो गए हैं. जारी आदेशों के अनुसार डीसी ने कहा है कि पूरे पंजाब में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है और आने वाले समय में भी भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है. यह ध्यान में आया है कि भारी बारिश के कारण कई स्कूलों तक जाने वाले रास्तों में पानी भर गया है, जिससे स्कूलों में तैनात स्टाफ और बच्चों का स्कूल आना-जाना बहुत मुश्किल हो गया है. इसलिए उक्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला जालंधर के सभी सरकारी/प्राइवेट स्कूलों में दिनांक 26.8.2025 को छुट्टी की घोषणा का ऐलान किया जा रहा है. इन आदेशों को जिला जालंधर में पूर्ण रूप से लागू कराने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा/एलिमेंट्री शिक्षा) को जिम्मेदार बनाया जाता है. बता दें कि इससे पहले होशियारपुर, अमृतसर, फाजिल्का व पठानकोट जिले के स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया था, लेकिन देर रात अब जालंधर के स्कूलों में भी छुट्टी की घोषणा कर दी गई है. आदेश के बाद 26 अगस्त को सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे. 

Aug 26, 2025, 8:56 AM (7 महीने पहले)

हिमाचल में मानसून का कहर, अब तक हुई 306 लोगों की मौत 

Posted by :- Bajpai

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने बताया है कि 20 जून से 25 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश में मानसून संबंधी घटनाओं में 306 लोगों की जान चली गई है. सोमवार को जारी संचयी नुकसान रिपोर्ट के अनुसार, कुल मौतों में से 156 मौतें भूस्खलन, अचानक बाढ़ और बिजली गिरने जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुईं, जबकि 150 मौतें सड़क दुर्घटनाओं के कारण हुईं. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस अवधि के दौरान हिमाचल प्रदेश को कुल 2,39,428.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. मानव हताहतों के साथ-साथ 25,755 मुर्गी और 1,843 अन्य जानवर भी मारे गए. निजी संपत्ति को 3,372.05 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, जिसमें 2,819 पूरी तरह से क्षतिग्रस्त और 1,641 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घर शामिल हैं. फसलों का नुकसान 2,743.47 लाख रुपये आंका गया है. 
 

Aug 26, 2025, 8:28 AM (7 महीने पहले)

ओडिशा में स्वर्णरेखा और बैतरणी नदियां खतरे के निशान से ऊपर 

Posted by :- Bajpai

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि स्वर्णरेखा और बैतरणी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. इससे उत्तरी ओडिशा के बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों में 160 से ज्‍यादा गांव पानी में डूब गए हैं और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं. बालासोर जिले के तीन ब्लॉकों बलियापाल, भोगराई और जेलेश्वर के अंतर्गत आने वाले 114 गांव स्वर्णरेखा नदी के पानी में डूब गए हैं, जबकि बैतरणी नदी के पानी ने भद्रक और जाजपु जिलों के लोगों को प्रभावित किया है. क्योंझर और सुंदरगढ़ जिलों से भी बाढ़ के पानी से मानव बस्तियों के जलमग्न होने की खबरें आई हैं. राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया, 'बैतरणी नदी की सहायक नदी कानी के तटबंध में दरार आने के कारण इस बार जाजपुर सबसे ज्‍यादा प्रभावित हुआ है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने पहले ही बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया है. 

Aug 26, 2025, 7:42 AM (7 महीने पहले)

जम्मू में खराब मौसम के कारण स्कूल बंद, कई जगहों पर बाढ़ के हालात

Posted by :- Bajpai

सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण जम्मू संभाग के सभी स्कूल 26 अगस्त को बंद रहेंगे. बंद करने का यह आदेश जम्मू संभाग के सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा.
'खराब मौसम को देखते हुए, यह आदेश दिया जाता है कि जम्मू डिविजन के सभी सरकारी और निजी स्कूल कल यानी 26.08.2025 तक बंद रहेंगे,' स्कूल शिक्षा निदेशालय, जम्मू द्वारा जारी आदेश में कहा गया है. इससे पहले, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को जम्मू के राजभवन में अधिकारियों के साथ बैठक की और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया. इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे. 

 

Aug 26, 2025, 7:28 AM (7 महीने पहले)

हिमाचल में भारी बारिश, सीएम ने की लोगों से निर्देशों का पालन करने की अपील 

Posted by :- Bajpai

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुखू ने सोमवार को चंबा जिले में मणिमहेश तीर्थयात्रा के दौरान दो लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में हर संभव सहायता प्रदान करेगी. बयान में कहा गया है कि प्रतिकूल मौसम के कारण मणिमहेश यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है और जम्मू-कश्मीर के पठानकोट और डोडा के जिला आयुक्तों से अनुरोध किया गया है कि वे मौसम में सुधार होने तक तीर्थयात्रियों को अपने जिलों में ही रोके रखें.  मुख्यमंत्री ने लोगों से किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए नदियों और नालों के पास न जाने की अपील की, क्योंकि मौसम विभाग ने राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि लोगों को समय-समय पर जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई सलाह का पालन करना चाहिए. 

Aug 26, 2025, 7:20 AM (7 महीने पहले)

राजस्थान में भारी बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी, कई जिलों में स्कूल बंद  

Posted by :- Bajpai

राजस्थान के कई हिस्सों में सोमवार के बाद मंगलवार को भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना के मद्देनजर, राज्य सरकार ने एहतियात के तौर पर जयपुर और अन्य जिलों के स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है. जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिलों में सोमवार को अत्यधिक भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जबकि लगभग एक दर्जन जिलों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. विभाग ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों तक यह तीव्र दौर जारी रहने की संभावना है. सोमवार सुबह तक 24 घंटों में, नागौर, चूरू, जालौर, उदयपुर और सिरोही में अत्यधिक भारी बारिश हुई, जबकि सीकर, हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर, धौलपुर और अजमेर में भारी बारिश हुई. इस दौरान नागौर में सबसे ज़्यादा 173 मिमी बारिश दर्ज की गई. पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश ने राज्य भर में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, कोटा, बूंदी और सवाई माधोपुर ज़िलों के कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. इन कस्बों के बड़े हिस्से जलमग्न हो गए हैं, जिससे निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है.