महाराष्ट्र के लातूर में किसान ने खेत में फांसी लगाकर दी जान, नींबू के पेड़ पर लटकता मिला शव

महाराष्ट्र के लातूर में किसान ने खेत में फांसी लगाकर दी जान, नींबू के पेड़ पर लटकता मिला शव

महाराष्ट्र के लातूर जिले में 37 वर्षीय किसान गजानन नागोराव डेमगुंडे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. शनिवार सुबह खांडाली में जोडवाड़ी रोड के पास एक कृषि खेत में उनका शव नींबू के पेड़ से लटका मिला. किनगांव पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है.

farmer suicidefarmer suicide
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Oct 11, 2026,
  • Updated Oct 11, 2026, 2:08 PM IST

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में सूखे और फसल नुकसान के बीच लातूर जिले में 37 वर्षीय किसान गजानन नागोराव डेमगुंडे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह उनका शव खांडाली में जोडवाड़ी रोड के पास एक कृषि खेत में नींबू के पेड़ की शाखा से लटका मिला. इस मामले में पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है.

खेत में नींबू के पेड़ से लटका मिला किसान का शव

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गजानन नागोराव डेमगुंडे के रूप में हुई है. शनिवार सुबह खांडाली इलाके में जोडवाड़ी रोड के पास स्थित एक कृषि खेत में उन्होंने कथित तौर पर फांसी लगा ली. किनगांव पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि मामले में आकस्मिक मौत का केस दर्ज कर लिया गया है. घटना के पीछे की वजह को लेकर पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है.

सूखे और फसल नुकसान से जूझ रहा है महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के कई तालुकाओं में सूखे की स्थिति के बीच किसानों को फसलों के नुकसान और खेती से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच राज्य के लोक निर्माण मंत्री और लातूर के पालक मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने शनिवार को जिले के विभिन्न प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने किसानों से निराश नहीं होने और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठाने की अपील की.

हर प्रभावित किसान को मिलेगी मदद: मंत्री

मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी प्रभावित किसान को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार हर प्रभावित किसान की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और किसी को भी मदद से वंचित नहीं रहने देगी.

मुख्यमंत्री खुद कर रहे सूखे की स्थिति की निगरानी

भोसले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सूखे की स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं. वह मराठवाड़ा और विदर्भ का दौरा कर किसानों की समस्याओं को समझ चुके हैं. मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को भी प्रभावित इलाकों में जाकर किसानों की समस्याएं सुनने और संकट के दौरान उनका सहयोग करने के निर्देश दिए हैं.

सोयाबीन फसल नुकसान का लिया जायजा

लातूर जिले के दौरे के दौरान भोसले ने उदगीर तहसील के शेकापुर में सोयाबीन की फसल को हुए नुकसान का निरीक्षण किया. इसके अलावा उन्होंने अहमदपुर के महादेववाड़ी, चाकुर के आष्टा मोड़, जालकोट के बेलसांगवी, कोलपा और महाराणा प्रताप नगर का भी दौरा किया. इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया.

केंद्रीय टीम कर रही सूखे का आकलन

मंत्री भोसले ने बताया कि महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम दौरा कर रही है. टीम पिछले दो दिनों में मराठवाड़ा के कई स्थानों का निरीक्षण कर चुकी है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय टीम और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच बैठक होगी और जल्द ही सहायता की घोषणा होने की उम्मीद है.

मंत्री ने कहा कि प्रभावित इलाकों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बोरवेल और कुओं की मरम्मत तथा पानी के वैकल्पिक स्रोतों की पहचान की जा रही है. इसके साथ ही पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था करने की भी तैयारी है. उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग पशुधन की जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!