हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. कई सड़कें टूट गई हैं. जिसकी वजह से बीते 70 घंटे से कुल्लू जिले का संपर्क अन्य जिलों से पूरी तरह से कट गया है. ऐसे में बाहरी राज्यों को सब्जी के सप्लाई नहीं हो पा रही है और न ही पेट्रोल डीजल के टैंकर कुल्लू पहुंच पा रहे हैं. इससे व्यापारियों और किसानों को लाखों का नुकसान हो चुका है. साथ ही जरूरी सामान कुल्लू मनाली नहीं पहुंच पा रहा है. अगर जल्द ही सड़क मार्ग बहाल नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में पेट्रोल डीजल के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना होगा. जिला कुल्लू को शेष जिलों से जोड़ने वाला पंडोह सड़क मार्ग भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है. वहीं, वाया कटोला बजौरा होते हुए भी सड़क मार्ग कन्नौज गांव के पास बुरी तरह से टूट गया है.