
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर रहने की चेतावनी दी है. विभाग के अनुसार 6 अप्रैल तक दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है. मौसम विभाग ने बताया कि 5 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिसमें अगले दो दिनों में ज्यादा असर दिखेगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं (40-60 किमी/घंटा) और बिजली गिरने की संभावना है. 4 अप्रैल यानी आज जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है.
अप्रैल में भी मौसम पल पल रंग बदल रहा है. केदारनाथ धाम में जमकर बर्फबारी हो रही है. बर्फ से रास्ते फिर ढक गए हैं. मंदिर परिसर भी पूरी तरह बर्फ से ढक गया है. मजदूरों की मेहनत पर मौसम ने पानी फेर दिया है. यात्रा तैयारियां भी प्रभावित हो गयी हैं, जिन रास्तों से बर्फ हटाई गयी थी, वो रास्ते फिर से बर्फ से ढक गए हैं.
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज आंधी, बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई. जयपुर ग्रामीण के आसलपुर, जोबनेर और कालवाड़ समेत कई गांवों में बारिश के साथ गिरे बड़े-बड़े ओलों ने खेतों को सफेद चादर से ढक दिया. खेतों में दूर तक बिछी यह बर्फ जैसी परत देखने में भले ही खूबसूरत लगी, लेकिन किसानों के लिए यह किसी तबाही से कम नहीं थी. ग्रामीण इलाकों में किसानों की सबसे ज्यादा चिंता उनकी फसलों को लेकर बढ़ गई है.
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को कश्मीर के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर ताज़ा बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई.
उन्होंने बताया कि कश्मीर के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर ताज़ा बर्फबारी हुई, जिनमें दक्षिण कश्मीर के शोपियां में मुगल रोड और उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में साधना टॉप शामिल हैं.
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर और घाटी के अन्य मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जो आखिरी रिपोर्ट मिलने तक कई जगहों पर जारी थी. वहीं, 10 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है.
श्री गंगानगर के सूरतगढ़ में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को मौसम का मिजाज खराब रहा. वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से पिछले 2 दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है. शुक्रवार दोपहर बाद करीब 20 मिनट तक हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. तापमान में गिरावट आने से शहरवासियों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं.
UP के महोबा जिले में एक किसान की मेहनत धू-धू कर जल गई. अज्ञात कारणों से लगी आग ने 7 बीघा गेहूं की फसल को राख के ढेर में बदल दिया. दमकल विभाग की देरी से नाराज ग्रामीणों और पीड़ित किसान ने अब प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है. पुलिस और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया है.
राजस्थान के रेतीले धोरों के बीच बसा बीकानेर जिला आज एक अलग ही रूप में नजर आया. मरुस्थल के समंदर कहे जाने वाले इन रेतीले टीलों पर जब कुदरत ने करवट बदली, तो नजारा बिल्कुल कश्मीर जैसा हो गया. बीकानेर के महाजन और अर्जुनसर इलाके में भारी ओलावृष्टि के चलते चारों तरफ सफेद चादर बिछ गई.
स्थानीय निवासियों के लिए यह नजारा जितना अद्भुत था, किसानों के लिए उतना ही डरावना.
दिल्ली एनसीआर में आज 4 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. बता दें कि मौसम विभाग ने पहले से ही 3 से 5 और 7 से 8 अप्रैल तक बारिश का अलर्ट जारी किया था. ऐसे में अब मौसम सुहावना रहने की संभावना है. साथ ही तापमान अधिकतम 29 डिग्री तो न्यूनतम 18 से 20 डिग्री रह सकता है.