
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है जहां उत्तर-पश्चिम भारत में गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की स्थिति बनी हुई है. वहीं दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात और पश्चिम मध्य प्रदेश में अगले 4-5 दिनों तक कुछ इलाकों में लू चलने की स्थिति बनी रहेगी. इसके अलावा दक्षिण भारत में मौसम और अधिक सक्रिय होने जा रहा है जहां 15 से 17 मई के बीच केरल और माहे में और 15 से16 मई को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
PMK नेता डॉ. अंबुमणि रामदास ने शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार से धान की खरीद कीमत बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रति क्विंटल करने का आग्रह किया.
केंद्र सरकार ने पूरे देश में सरकारी एजेंसियों द्वारा खरीदे जाने वाले धान की खरीद कीमत में 72 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का निर्देश दिया है. रामदास ने एक बयान में कहा, "इस बढ़ोतरी के साथ, सामान्य किस्म के धान की खरीद कीमत बढ़कर 2,441 रुपये प्रति क्विंटल हो जाएगी. हालांकि, किसान 3,500 रुपये प्रति क्विंटल की खरीद कीमत की मांग कर रहे हैं और यह बढ़ोतरी अपर्याप्त है."
NCP (SP) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार से अपील की है कि वह प्याज उगाने वाले किसानों को 2,000 रुपये प्रति क्विंटल की गारंटीशुदा कीमत और किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए 1,500 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी देकर मदद करे.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे एक पत्र में, पाटिल ने कहा कि नासिक, पुणे, सोलापुर और छत्रपति संभाजीनगर जैसे प्याज़ उत्पादक जिलों में लाखों किसान, प्याज़ की कीमतों में भारी गिरावट और बाज़ारों में अनिश्चितता के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि मौजूदा बाज़ार कीमतें उत्पादन लागत से काफी कम हैं, जो बीज, खाद, कीटनाशकों और मज़दूरी पर ज़्यादा खर्च के कारण तेज़ी से बढ़ी है.
उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर पीड़ितों को मुआवजा देने का निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया है. उन्होंने कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए.
यूपी में अति वर्षा, आंधी और आकाशीय बिजली से जनहानि, पशुहानि और आर्थिकहानि पर सीएम योगी ने संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की. उन्होंने सभी जिलों के जिलाधिकारियों समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है. उन्होंने कहा कि इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
नागपुर जिले के भिलगांव में आकाशीय बिजली गिरने से दसवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया. इस हादसे में उज्ज्वल भेलावे के ऊपर बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवांश पारधी नामक युवक घायल हो गया.
करीब छह बजे हस्तिनापुर रोड स्थित नीम के पेड़ पर बिजली गिरी. बारिश से बचने के लिए दोनों बच्चे पेड़ के नीचे खड़े थे. घटना की जानकारी मिलते ही यशोधरा पुलिस मौके पर पहुंची.
एमसीबी जिले के केल्हारी क्षेत्र में पेट्रोल को लेकर अफरा-तफरी जैसे हालात देखने को मिले. इलाके के पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जहां लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. हालात इतने बिगड़ गए कि कई लोगों को बिना पेट्रोल भरवाए ही वापस लौटना पड़ा. पेट्रोल की कमी और सीमित सप्लाई की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पंपों के बाहर अव्यवस्था की स्थिति बन गई.
उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों तेज आंधी और बारिश देखने को मिली. कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जबकि कुछ इलाकों में तूफान की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा रही. इसके बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी कम नहीं हुई और तापमान लगातार बढ़ता रहा.
बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम फिर से शुष्क रहने वाला है, जिसके कारण प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में दोबारा लू चलने की संभावना बन गई है.
15 मई की सुबह-सुबह आम जनता को बड़ा झटका लगा है. पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं, वहीं सीएनजी भी महंगा हो गया है. दिल्ली में सीएनजी की कीमत 2 रुपए प्रति किलो बढ़ गई है. इसी के साथ अब सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपए प्रति किलो हो गई है
उत्तर प्रदेश में आंधी, अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि और फसल नुकसान के बीच योगी सरकार ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है. सीएम योगी ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने और हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश में आंधी, तेज बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है. राज्य के कई जिलों में आए भीषण तूफान और खराब मौसम के कारण अब तक कम से कम 111 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 72 लोग घायल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा 170 पशुओं की मौत और 227 घरों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है.
ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग का असर अब सीधे-सीधे भारत पर पड़ता नजर आ रहा है. सुबह-सुबह भारतीयों को बड़ा झटका लगा है. दरअसल पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपए की बढ़ोतरी हो गई है.
दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गया है, वहीं डीजल की कीमत अब 99.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है. मिडिल-ईस्ट जंग की शुरुआत के बाद से ये पहली बार है जब भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है.
बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से फ्यूल बचाने की अपील की थी.