
देश में कई राज्यों में बुधवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. दिल्ली-एनसीआर में भी कई घंटे तक हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई. अब भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 जुलाई के लिए भी कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों में मॉनसून सक्रिय बना रहेगा. साथ ही, अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने और पूरे देश को कवर करने की परिस्थितियां अनुकूल हैं. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
चंडीगढ़: शुक्रवार को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना रहा. चंडीगढ़ में भी दिन के दौरान हल्की मॉनसून बारिश हुई और यहां अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में अंबाला, हिसार, सिरसा, करनाल और सोनीपत में बारिश हुई, जबकि पंजाब में बठिंडा और अबोहर में भी बारिश हुई.
कोहिमा: नगालैंड के गवर्नर नंद किशोर यादव ने शुक्रवार को कोहिमा के पास 50-बिस्तर वाले आयुष अस्पताल के कामकाज की समीक्षा की और हेल्थकेयर सर्विस को बेहतर बनाने पर ज़ोर दिया. अस्पताल के दौरे के दौरान, गवर्नर ने कहा कि यह मेडिकल सेंटर नागालैंड के लोगों के लिए इलाज और उम्मीद की जगह बन गया है. उन्होंने बताया कि 4 मार्च, 2022 को शुरू हुआ यह संस्थान देश का तीसरा इंटीग्रेटेड आयुष अस्पताल है, जो समग्र और इंटीग्रेटेड हेल्थकेयर को बढ़ावा देने के सरकार के संकल्प को दिखाता है. यह जानकारी लोक भवन से जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई. गवर्नर ने कहा कि यह अस्पताल नागालैंड का पहला खास कोविड-19 अस्पताल था, जिसने राज्य के सबसे मुश्किल दौर में ज़रूरी हेल्थकेयर सेवाएं दी थीं. (पीटीआई)
नई दिल्ली: नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर को बंधवाड़ी लैंडफिल साइट से जुड़े कई मुद्दों पर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है. इन मुद्दों में कचरे को स्रोत पर अलग करने (source segregation) के लिए उठाए गए कदम और लीचेट (leachate) के बहाव को रोकने के उपाय शामिल हैं. ग्रीन बॉडी लैंडफिल साइट से पुराने कचरे (legacy waste) को हटाने के मामले की सुनवाई कर रही है. 7 जुलाई के एक आदेश में, NGT के चेयरपर्सन जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव और एक्सपर्ट मेंबर अफरोज अहमद की बेंच ने कहा कि अपने पिछले आदेश के पालन में, गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर ने जनवरी 2023 और 30 जून 2026 के बीच हटाए गए पुराने कचरे की स्थिति पर एक रिपोर्ट सौंपी थी. (पीटीआई)
लातूर: अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि लातूर ज़िले की एक महिला किसान को खेती के नए और अनोखे तरीकों के लिए महाराष्ट्र सरकार के प्रतिष्ठित 'जीजामाता कृषि भूषण अवॉर्ड 2024' से सम्मानित किया गया है. उन्होंने खेती में जैविक तरीकों, आधुनिक तकनीक और खेती से जुड़ी अन्य गतिविधियों को अपनाया है. यह अवॉर्ड चिंचोलीराव वाडी गाँव की संजीवनी अंगद नागमोडे को हाल ही में मुंबई के सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में आयोजित अवॉर्ड समारोह में गवर्नर जिष्णु देव वर्मा ने दिया. इस समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे और अन्य मंत्रियों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए. (पीटीआई)
भारत के इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, ऐसे में सरकार ने E20 फ्यूल, गाड़ियों पर इसके असर, कीमत और क्या भारत ने ज़्यादा इथेनॉल मिलाने की दिशा में बहुत तेज़ी से कदम उठाए हैं - इन सभी चिंताओं पर विस्तार से सफाई दी है.
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शुक्रवार को राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में मछली पालकों के योगदान की सराहना की और कहा कि उनकी सरकार मछली पालन क्षेत्र को एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और टिकाऊ उद्योग में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है.
'राष्ट्रीय मछली पालक दिवस' पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक संदेश में, तमांग ने मछली पालकों को "ग्रामीण आजीविका, खाद्य सुरक्षा और राज्य की आर्थिक समृद्धि का एक अहम स्तंभ" बताया और राज्य व देश भर के मछली पालकों और मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को बधाई दी.
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर चार वर्षीय कोर्स, बीएससी आनर्स एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट, मौलिक विज्ञान और मानविकी महाविद्यालय में बायो-केमिस्ट्री, केमिस्ट्री, इनवायरमेंटल साइंस, फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मैथेमेटिक्स, माइक्रो-बायोलॉजी, फिजिक्स, प्लांट फिजियोलोजी, सोशियोलॉजी, स्टेटिसटिक्स और जूलॉजी, कॉलेज ऑफ बायो-टेक्नोलॉजी में एग्रीकल्चरल बायोटेक्नोलॉजी, बायोइंफोरमेटिक्स, मोलेक्यूलर बायोलॉजी एंड बायो-टेक्नोलॉजी, बायो नैनोटेक्नोलोजी और इंडस्ट्रीयल बायोटेक्नोलोजी कोर्सिज के लिए 12 जुलाई को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं.
विपक्षी पार्टी NCP-SP के विधायक रोहित पवार ने गुरुवार को महाराष्ट्र सरकार की हाल ही में घोषित कर्जमाफी योजना की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि यह "कर्जमाफी नहीं, बल्कि वसूली की योजना" है और इससे लगभग 70 प्रतिशत किसानों को कोई फ़ायदा नहीं होगा.
विधानसभा में विपक्ष की ओर से लाए गए 'लास्ट वीक मोशन' (सत्र के अंतिम सप्ताह में होने वाली चर्चा) पर बातचीत शुरू करते हुए पवार ने दावा किया कि जून की शुरुआत में राज्य कैबिनेट द्वारा मंज़ूर की गई कर्जमाफी योजना में जुड़ी सख़्त शर्तों के कारण लगभग 70 प्रतिशत किसान इसके फ़ायदों से वंचित रह जाएंगे.
'लास्ट वीक मोशन' विपक्ष द्वारा लाया गया एक प्रस्ताव है, जिस पर विधायी सत्र के अंत में चर्चा की जाती है.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी दैनिक मॉनसून रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी मुंबई शहर और उपनगरों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. फिलहाल शहर में सड़क और रेल यातायात सामान्य रूप से जारी है.
हिमाचल में किन्नौर जिले की लिप्पा पंचायत में गुरुवार सुबह भारी बारिश के बाद पेजर नाले में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. सुबह करीब छह बजे आई बाढ़ के कारण तेती खड़ का बहाव रुक गया और लिप्पा गांव को जोड़ने वाला करीब 100 फुट लंबा लोहे का पुल जलमग्न होकर असुरक्षित हो गया. पुल पर आवाजाही रोक दी गई है, जिससे लिप्पा गांव का अन्य क्षेत्रों से संपर्क पूरी तरह कट गया है.
सीजन का मॉनसून आते ही उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बारिश का कहर बरपा हुआ है. ऐसा ही कुछ नजारा उधर सिंह नगर में देखने को मिला है. तीन दिन से लगतार बारिश के बाद जिले के कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं, जहा जसपुर क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. लगातार हुई बारिश के बाद शहर में मुख्यबजार में जलभराब हो गया लीगो के घरों तक पानी जा घुसा वहीं खेत और खलियान नदिओं में तब्दील हो गए हैं. पूरी तरह जलमग्न दिखाई दिए दूर-दूर तक ऐसा नजारा दिखाई दिया मानो खेत तालाब में तब्दील हो गए हों.
रुद्रप्रयाग जनपद में दो दिनों से बारिश का दौर जारी है. अब बारिश परेशानी का कारण बनती जा रही है. चारधाम यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों के भी बारिश कई प्रकार की परेशानी पैदा कर रही है.
पिछले 36 घंटों से जारी भारी मॉनसूनी बारिश ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कई हिस्सों में तबाही मचा दी है, जिसके चलते पांवटा प्रशासन ने शुक्रवार को शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है.
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिले के ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, लेकिन अभी तक किसी के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है. हालांकि, गुरुवार देर शाम शिलाई के पास एक गहरी खाई में फिसलकर एक बैल की मौत हो गई.
सिरमौर की मुख्य नदियां, टोंस, यमुना, बाटा, गिरी और मार्कंडा, और दर्जनों छोटी नदियां उफान पर हैं. प्रशासन ने लोगों को इन नदियों से दूर रहने की सलाह दी है.
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों, विशेषकर पूर्वी हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में बीती रात से हल्के से मध्यम स्तर की बारिश का दौर लगातार जारी है. वहीं, शिमला में भी वीरवार को भी पूरा दिन बारिश का दौर जारी रहा, पहाड़ों पर धुंध छाई रही और मौसम भी बेहद सुहावना नजर आया. ताजा बारिश के बाद तापमान में भी 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आगामी 12 से 18 घंटों के दौरान भी राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते कई जिलों में भूस्खलन और जलस्तर बढ़ने की चेतावनी दी गई है.
यूपी के बांदा में बीते 3 दिनों से रुक रुक हो रही बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है, आलम ये है कि ग्रामीण क्षेत्रो में नालियां नाले बन्द या दबंगों द्वारा नाला पर कब्जा किये जाने से पानी की निकासी न होने से ग्रामीण बेहद परेशान हैं, उसी क्रम में सदर तहसील से सटे कनवारा गांव के धांधू डेरा के दर्जनों ग्रामीण पूरा परिवार लेकर इस बारिश में देर रात डीएम आवास अपनी समस्या लेकर पहुंच गए, जहां उन्होंने डीएम से अपने घरों में पानी निकालने की मांग की, ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से परेशान हैं. घर मे रखा अनाज, गृहस्थी का सारा सामान पानी मे उतरा रहा है, सड़को में दो फिट से ज्यादा पानी भरा है, तालाब बन गयी हैं. पीड़ितों का कहना है कि हमने कई बार शिकायत की लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नही की, इसलिए आज डीएम से गुहार लगाने आये हैं. वही सरकारी सिस्टम की बात करें तो एकदम रामराज्य की तरह चल रहा है, बड़े साहब छोटे साहब को आदेश देकर अपनी जिम्मेदारी से भाग निकलते हैं, इन पीड़ितों का कोई सुननेवाला नही है.
नेपाल की पानी से भारत मे तबाही,तटबंध टूटने से खेतों में आया सैलाब
नेपाल से भारत में आने वाली महाव नदी का तटबंध टूटा,फसलें हुई जलमग्न
महाव नदी का पूर्वी तटबंध टूटने से खेतों में भरी सिल्ट,खड़ी फशल बर्बाद
सिचाई विभाग द्वारा कागजो में की गई फ्लड फाइटिंग हुई उजागर
महाव नाला पर सिचाई बिभाग ने करोड़ो रुपया किया था खर्च
अधिकारियो ने बेहतर मरम्मत का किया था दावा
नेपाल से आता है महाव नाला,हर साल मचाती है तबाही
उत्तर प्रदेश में मॉनसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है. लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में गुरुवार को कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. हालात को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने आज (10 जुलाई) भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
आईएमडी के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं में आज भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.