
देश के बड़े हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तेजी से सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले दो दिनों में मॉनसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के अन्य इलाकों तक आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. वहीं, मध्य भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
ईटानगर: अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को अरुणाचल प्रदेश में मौसम साफ़ होने के साथ ही बाढ़ की स्थिति में काफ़ी सुधार हुआ है. पिछले 24 घंटों में किसी नई जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है. स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में केयी पैन्योर ज़िले से बाढ़ की केवल एक नई घटना की सूचना मिली. इसमें किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं है और न ही सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को कोई नया नुकसान पहुंचा है. केयी पैन्योर में राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों को आश्रय दिया जा रहा है और राहत कार्य जारी हैं. (पीटीआई)
मुंबई: महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने शनिवार को किसानों से अपील की कि वे प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम से होने वाले नुकसान से बचने के लिए 31 जुलाई तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में रजिस्ट्रेशन कराएं. सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार, संशोधित बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं, बेमौसम बारिश, सूखे और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण फसल के नुकसान के खिलाफ वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती है. इसमें कहा गया है कि इस योजना के तहत, अगर किसी अधिसूचित राजस्व क्षेत्र में अधिसूचित फसल की औसत पैदावार तय सीमा (थ्रेशोल्ड यील्ड) से कम हो जाती है, तो किसान बीमा मुआवजे के हकदार होंगे. (पीटीआई)
ठाणे/पालघर: शनिवार को मुंबई के पड़ोसी ज़िलों ठाणे और पालघर में ज़ोरदार बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर पानी भर गया और पेड़ व दीवारें गिरने की कई घटनाएं हुईं, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा. अधिकारियों ने बताया कि पालघर के मांडवी इलाके में बाढ़ के पानी से 19 लोगों को बचाया गया. ठाणे शहर में सुबह 8.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे के बीच 65.79 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे इस मौसम में कुल बारिश 829.84 मिमी हो गई, जबकि इसी दौरान पालघर ज़िले में 97.70 मिमी बारिश हुई, जिससे वहां मौसम की कुल बारिश 643.10 मिमी तक पहुंच गई. (पीटीआई)
योगी सरकार द्वारा तीन दिवसीय “उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026” के दूसरे दिन शनिवार को जन भवन, लखनऊ में 'मैंगो बायर-सेलर मीट' का आयोजन किया गया.
जिसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहें.
इस मीट में आम निर्यातकों और उत्पादकों के बीच अनुबंध (MoU) हुए, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के किसानों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जोड़कर आमों को वैश्विक बाजार और सही मूल्य दिलाना था.
सरकार ने मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए प्याज की खरीद मूल्य में 13 प्रतिशत की वृद्धि की है, जो 1,875 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 2,125 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है. संशोधित खरीद मूल्य 4 जुलाई 2026 से प्रभावी है. सरकार के मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए एनएएफईडी और एनसीसीएफ के माध्यम से प्याज की खरीद जारी है. संशोधित खरीद मूल्य से प्याज किसानों को बेहतर लाभ मिलेगा और साथ ही बफर खरीद प्रयासों को भी समर्थन मिलेगा.
एमपी के सीहोर जिले के आष्टा में तेज बारिश के चलते नदी नाले उफान पर आ गए हैं. नदी नालों में उफान के चलते कई ग्रामों का सड़क संपर्क कटा पड़ा है. वहीं नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार आष्टा क्षेत्र में तेज बारिश के चलते नदी नालों में उफान आ गया है. आष्टा क्षेत्र के ढाकनी मुगली पुल पर पानी आ गया है. गोलू खेड़ी मार्ग पर भी पुल के ऊपर से पानी बह रहा है. पापनास नदी, पार्वती नदी, अजनाल नदी भी अपने उफान पर हैं. नदी नालों का पानी कई ग्रामों में भी घुस गया है. नदी नालों में उफान के चलते कई ग्रामों का सड़क संपर्क कटा पड़ा है.
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई.
बालोतरा ज़िले के पचपदरा में सबसे ज़्यादा 8 सेमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद डूंगरपुर में 7 सेमी बारिश हुई. डूंगरपुर के धंबोला और बालोतरा में 6-6 सेमी बारिश हुई.
बांसवाड़ा, पिंडवाड़ा (सिरोही), अर्नोद (प्रतापगढ़), वल्लभनगर (उदयपुर), आबू रोड (सिरोही), सिवाना (बाड़मेर) और भीनमाल (जालोर) में 5-6 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि घाटोल (बांसवाड़ा) और माउंट आबू में 4 सेमी बारिश हुई. विभाग ने बताया कि अन्य जगहों पर बारिश 4 सेमी से कम रही.
फतेहगढ़ साहिब बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से शनिवार को श्री फतेहगढ़ साहिब के माधोपुर में रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया गया. सुबह से ही विभिन्न पंथक, सामाजिक और किसान संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में एकत्र हुए. इसके बाद सभी ने एक मार्च के रूप में माधोपुर चौक की ओर कूच किया और अंबाला-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया. आंदोलन के तहत सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रेलवे ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है.
गुजरात के मोरबी में चल रहे किसान आंदोलन खत्म होने के कोई आसार नही दिख रहे. कल राज्य सरकार ने एक प्रेस वार्ता कर किसानों के खेतो में लगाई जा रहे विजली के खंभे के बदले किसानों को कितना मुआवजा मिलेगा और किस तरीके से मिलेगा इस के बारे में जानकारी राज्य के कृषि मंत्री ने दी थी. आज किसान आंदोलन समिति ने एक प्रेस वार्ता कर के यह कहा कि हमे अभी तक कोई जीआर के सर्क्युलर नही मिला है। जब तक हमारे पास सेक्युलर नही आएगा तब तक हम इस के बारे में कुछ नही बोल सकते.
चंडीगढ़: पुलिस ने बताया कि शनिवार को हरियाणा के करनाल में एक एग्रोकेमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. सदर पुलिस स्टेशन के SHO इंस्पेक्टर तरसेम ने बताया कि जब आग लगी तो नगला चौक के पास फैक्ट्री के गोदाम में कोई मौजूद नहीं था. पुलिस ने बताया कि आग लगने से आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा. (पीटीआई)
जोशीमठ के पगनो गांव में एक बार फिर से भारी बारिश के चलते मलवा आवासीय क्षेत्र में आने से गांव के दो बुजुर्ग सतेश्वर प्रसाद व सीता देवी अपने आवासीय घर मे मलवे में फस गये जिसके बाद ग्रामीणो ने दोनो को मलवे से निकाला, मॉनसून शुरू होते ही यहां एक बार फिर आफत शुरू हो गई है. पगनो गांवों पिछले कुछ वर्षों से बरसात में लगातार भूस्खलन का दौर झेल रहा है. वही, यहां अब तक दर्जन से अधिक मकान भूस्खलन की जद में आ गए हैं.
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार मुंबई शहर और उपनगरों में आज भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को आसमान बादलों से घिरा रहेगा. मौसम विभाग के अलर्ट के बावजूद, पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि लोकल ट्रेन सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही हैं. मुंबई सबअर्बन के चर्चगेट से दहानू रोड रूट पर और हार्बर लाइन में माहिम से गोरेगांव तक सभी ट्रेनें बिना किसी रुकावट के अपनी समय-सारणी के अनुसार दौड़ रही हैं.
गुजरात के आणंद जिले के खंभात शहर में मानसून ने धमाकेदार एंट्री मारी है, जिस खंभात के लोग पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से बेहाल थे, वहां मेघराजा ने ऐसी कृपा बरसाई है कि पूरा शहर पानी-पानी हो गया है. खंभात में इस सीजन की यह पहली ही बारिश है. खंभात में महज़ कुछ ही घंटों की बारिश में तकरीबन 2 इंच पानी बरस गया.
सतारा जिले में मॉनसून ने जोरदार एंट्री की है और पश्चिमी क्षेत्र में प्रकृति पूरी तरह खिल उठी है. कोयनानगर इलाके का प्रसिद्ध ओझर्डे झरना अब पूरे शबाब पर बहने लगा है, वहीं ठोसेघर झरना भी फुल फ्लो में नजर आ रहा है. घने कोहरे, हरियाली से ढके पहाड़ और ऊंचाई से गिरते झरनों का नजारा देखने के लिए महाराष्ट्रभर से बड़ी संख्या में पर्यटक सातारा पहुंच रहे हैं. दूसरी ओर, कोयना डैम के जलसंग्रह में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे किसानों में संतोष का माहौल है.
कोयनानगर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है. इसी वजह से प्रसिद्ध ओझर्डे झरना अब पूरी क्षमता के साथ बहने लगा है. करीब 800 से 900 फीट की ऊंचाई से गिरता यह झरना पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. झरने का तेज बहाव, उड़ती पानी की फुहारें और पूरे इलाके में फैला घना कोहरा इस जगह को बेहद खूबसूरत बना रहा है.
अमरेली जिले में एक हफ़्ते से लगातार बारिश हो रही है, वहीं आज लाठी, दामनगर और वाडिया इलाकों में भारी बारिश से शहरों की सड़कों पर पानी भर गया. गांव के गांवों में 3 इंच बारिश हुई और गांवों की गलियों में नदियां समान के डरावने दृश्य सामने आए. नदियां और नहरें उफान पर थीं और शहर में भारी बारिश से गाड़ी चलाने वालों को परेशानी हुई और खेत पानी में डूब गए.
देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत तक इसके पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है. इसके साथ ही कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. IMD के अनुसार, मॉनसून अब उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों और राजस्थान-हरियाणा के कुछ और भागों तक पहुंच चुका है.
आने वाले 4–5 दिनों में यह पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है. साथ ही उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम और मजबूत होने की संभावना है, जिससे बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी.