Agriculture News Live Updates: शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में MP के सीहोर से देशव्यापी दलहन क्रांति का आगाज़

क‍िसान तक Feb 7, 2026, Updated Feb 7, 2026, 4:45 PM IST

देश के उत्तर और मध्य हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है, क्योंकि दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. इसके असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दोबारा 9 से 11 फरवरी के बीच कहीं-कहीं से लेकर कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में 7 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में कोहरे की स्थिति 7 फरवरी तक बनी रह सकती है, इसके बाद धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद है.

देश के उत्तर और मध्य हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है क्योंकि दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. इसके असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दोबारा 9 से 11 फरवरी के बीच कहीं-कहीं से लेकर कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में 7 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में कोहरे की स्थिति 7 फरवरी तक बनी रह सकती है, इसके बाद धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद है.

Feb 7, 2026, 4:45 PM (5 घंटे में)

 शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में MP के सीहोर से देशव्यापी दलहन क्रांति का आगाज़ 

Posted by :- Sandeep kumar

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में म.प्र. के सीहोर जिले के अमलाहा से देशव्यापी दलहन क्रांति का आगाज़ 

दालें आयात करना हमारे लिए शर्म की बात, अब भारत दालों का निर्यातक बनेगा– शिवराज सिंह चौहान

“बीज से बाज़ार तक”– दलहन मिशन में पूरी वैल्यू चेन पर सरकार की नज़र-शिवराज सिंह चौहान.

क्लस्टर मॉडल, बीज ग्राम और 1,000 दाल मिलें– दलहन आत्मनिर्भरता के लिए शिवराज सिंह ने बताई रूपरेखा

समझौतों के बावजूद भारत के किसान के हितों पर ज़रा सी भी आंच नहीं आने दी जाएगी- शिवराज सिंह

शिवराज सिंह चौहान ने किया शोध से लेकर किसान तक की कड़ी को जोड़ने वाले अत्याधुनिक FLRP कैंपस का उद्‍घाटन

राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन पर संवाद में केंद्र और राज्यों के कृषि मंत्री, म.प्र. के मुख्यमंत्री और वैज्ञानिक एवं किसान भी हुए शामिल

अमलाहा में दिनभर चला मंथन, प्रगतिशील किसानों, FPO, बीज कंपनियों और मिलर्स की सीधी भागीदारी, दाल से प्रोटीन वैल्यू एडिशन तक पर फोकस

Feb 7, 2026, 4:20 PM (5 घंटे में)

मसूर, चना, उड़द, बटरा और मूंग जैसी दलहनों की उत्पादकता बढ़ाना हमारा संकल्प- शिवराज सिंह चौहान

Posted by :- Sandeep kumar

हमारा संकल्प है कि मसूर, चना, उड़द, बटरा और मूंग जैसी दलहनों की उत्पादकता बढ़ाई जाए 

इसके लिए हम ऐसे प्रयास कर रहे हैं कि बोने पर किसानों को अधिक उत्पादन मिले 

इसी दिशा में उन्नत और बेहतर बीज लगातार विकसित किए जा रहे हैं

- शिवराज सिंह चौहान

Feb 7, 2026, 4:00 PM (4 घंटे में)

अब खेती पर चर्चा दिल्ली के कमरों में नहीं, सीधे गांव में होगी- शिवराज सिंह चौहान

Posted by :- Sandeep kumar

अक्सर कृषि मंत्रालय की बैठक दिल्ली में ही होती है.

इसलिए हमने तय किया कि अब खेती पर चर्चा दिल्ली के कमरों में नहीं, सीधे गांव में होगी.

खेत से दूर बैठकर खेती को समझा नहीं जा सकता, खेती तो खेत में ही समझी जाती है.

इसी सोच के साथ पहली बार कृषि मंत्रालय को दिल्ली से बाहर निकालकर गाँव में लाया गया है.

- शिवराज सिंह चौहान

Feb 7, 2026, 3:37 PM (4 घंटे में)

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता में किसानों के हितों को पूरी तरह रखा गया है सुरक्षित: कृषि मंत्री

Posted by :- Sandeep kumar

किसान बहनों और भाइयों, हमारे देश में अपोजिशन बहुत हल्ला मचा रहा था कि देश बेच दिया, किसान बेच दिए, किसान बर्बाद हो जाएंगे.

लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो समझौता हुआ है, मैं आपको बताना चाहता हूं, हमारी सारी फसलें सुरक्षित हैं. अमेरिका से ना तो मक्का आएगा, ना गेहूं आएगा, ना चावल आएगा, ना सोया आएगा, ना पोल्ट्री उत्पाद आएगा, ना दूध आएगा, ना पनीर आएगा, ना इथेनॉल आएगा, ना ईंधन, ना तंबाकू आएगा.

विपक्ष हाय-तौबा मचा रहा था कि, भारत का किसान बर्बाद हो जाएगा, तबाह हो जाएगा, आज वो देख लें कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो समझौता हुआ है, किसानों के हितों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है. 

इसलिए आज हम सब मंच से एक साथ आगे आकर, हाथ में हाथ पकड़कर प्रधानमंत्री को धन्यवाद देंगे और जनता और किसान नीचे बैठे हैं, किसान भी खड़े होकर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर प्रधानमंत्री को धन्यवाद देंगे कि किसान के हितों को पूरी तरह से सुरक्षित रखा है.

- शिवराज सिंह चौहान

Feb 7, 2026, 3:16 PM (4 घंटे में)

केरल में प्याज से भरे ट्रक से विस्फोटक ज़ब्त, पुलिस ने ट्रक मालिक को हिरासत में लिया

Posted by :- Sandeep kumar

केरल में प्याज से भरे ट्रक से विस्फोटक ज़ब्त

पुलिस ने बताया कि शनिवार को चेम्माड में प्याज ले जा रहे एक ट्रक से 10,500 से ज़्यादा जिलेटिन स्टिक और डेटोनेटर ज़ब्त किए गए.

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने ट्रक की मालिक एक महिला को हिरासत में लिया है.

पुलिस के अनुसार, एक ईंट बनाने वाली यूनिट में खड़े ट्रक से लगभग 245 बक्से बरामद किए गए, जिनमें 10,500 से ज़्यादा जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर और तार थे. 

Feb 7, 2026, 2:17 PM (3 घंटे में)

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता महाराष्ट्र के किसानों के हितों के लिए नुकसानदायक है: कांग्रेस नेता

Posted by :- Sandeep kumar

सीनियर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शनिवार को कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से महाराष्ट्र के किसानों के हितों पर बुरा असर पड़ेगा क्योंकि एग्रीकल्चर इंपोर्ट पर ज़ीरो परसेंट ड्यूटी लगेगी.

भारत और अमेरिका ने घोषणा की है कि वे एक अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमत हो गए हैं, जिसके तहत नई दिल्ली पर टैरिफ घटाकर 18 परसेंट कर दिया जाएगा.

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता ने पत्रकारों से कहा, "अमेरिका के साथ समझौते से किसानों पर तब बुरा असर पड़ेगा जब नई फसलें कटाई के लिए तैयार होंगी. अमेरिका को भारतीय एक्सपोर्ट पर ड्यूटी 18 परसेंट होगी, लेकिन अमेरिका से भारत में एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट पर ड्यूटी ज़ीरो परसेंट होगी."

वडेट्टीवार ने कहा कि इस डील का मतलब होगा कि भारतीय सोयाबीन, गेहूं, कपास और मक्का के लिए कोई बाज़ार नहीं रहेगा. 

Feb 7, 2026, 1:52 PM (2 घंटे में)

देश की जनता, भाजपा से कह रही है कि हमें मालूम है ‘डील’ एक तरफ़ा नहीं होता: अखिलेश यादव

Posted by :- Sandeep kumar

हमारे देश की जनता, भाजपा से कह रही है कि जहाँ तक हमें मालूम है ‘डील’ एक तरफ़ा नहीं होती है.

जनता भाजपा से ये पूछ रही है कि ‘ज़ीरो (0) बड़ा या अठारह (18)’?

क्या भाजपा की समझौता-गणित में 18=0 होता है?

देश के किसानों, दुकानों, उद्योगों को बचाने के लिए, खोखले शब्दों के अलावा भाजपा के पास कोई और सुरक्षा-कवच या संरक्षण-योजना है?

भारत के हितों के आत्मसमर्पण की मजबूरी के पीछे छिपा गहरा राज़ क्या है?

क्या ये ‘बनी वहाँ, पहुँची यहाँ’ जैसा कोई एक पक्षीय मामला है?

क्या डील के नाम पर भाजपा सरकार ‘डॉटेड लाइन’ पर केवल हस्ताक्षर करने के लिए बाध्य है?

Feb 7, 2026, 1:23 PM (2 घंटे में)

पेड़ काटने के विवाद को लेकर कुल्हाड़ी से चचेरे भाई की हत्या, मौके से भागा आरोपी

Posted by :- Sandeep kumar

अलवर जिले के बगड़ तिराया थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई. जब पेड़ काटने को लेकर हुए आपसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. गांव बेरे में चचेरे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने ही भाई को मौत के घाट उतार दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और जांच में जुट गई है. हमले में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय बली को परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन सिर से अत्यधिक खून बहने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है. हमले में मृतक का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं. 

Feb 7, 2026, 12:40 PM (एक घंटा में)

महोबा के सीजहर गांव पहुंचा ‘किसान तक’ का किसान कारवां, 75 जिलों की कवरेज में यह 21वां पड़ाव रहा

Posted by :- Sandeep kumar

आल्हा-ऊदल की वीरभूमि महोबा के सीजहर गांव में ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा. उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया टुडे ग्रुप के साझा प्रयास से चल रहे इस किसान कारवां की 75 जिलों की व्यापक कवरेज के तहत यह 21वां पड़ाव रहा. 

Feb 7, 2026, 12:02 PM (27 मिनट में)

अमेरिका-भारत संयुक्त बयान पर बोले जयराम रमेश, कहा- दोस्त, दोस्त न रहा!

Posted by :- Sandeep kumar

अभी जारी किए गए अमेरिका-भारत संयुक्त बयान में डिटेल्स पर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा गया है. लेकिन जो बातें अब तक सामने आई हैं, उनसे यह साफ़ होता है कि:

1. भारत अब रूस से तेल आयात नहीं करेगा. अलग से, अमेरिका ने यह भी घोषणा की है कि यदि भारत प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूस से तेल खरीदता है, तो 25 प्रतिशत का दंड दोबारा लगाया जा सकता है.

2. भारतीय किसानों की कीमत पर अमेरिकी किसानों की मदद के लिए भारत आयात शुल्कों (import duties) में भारी कटौती करेगा.

3. अमेरिका से भारत का वार्षिक आयात तीन गुना हो जाएगा, जिससे वस्तुओं के व्यापार में हमारा लंबे समय से चला आ रहा सरप्लस समाप्त हो जाएगा.

4. अमेरिका को भारत के आईटी और अन्य सेवाओं के निर्यात को लेकर अनिश्चितता बनी रहेगी.

5. भारत के वस्तु निर्यात को अमेरिका में पहले की तुलना में अधिक शुल्कों (duties) का सामना करना पड़ेगा. 

इतनी झप्पियों और फोटो-ऑप्स का कोई खास नतीजा नहीं निकला.

नमस्ते ट्रंप, हाउडी मोदी पर भारी पड़ गया.

दोस्त, दोस्त न रहा!

Feb 7, 2026, 11:24 AM (11 मिनट पहले)

कई सेक्टर्स को मज़बूत करेगा भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता: हिमंता

Posted by :- Sandeep kumar

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क बनने से देश के कई अलग-अलग सेक्टर्स मज़बूत होंगे. 

उन्होंने कहा कि इससे इनोवेशन, टेक पार्टनरशिप, मज़बूत सप्लाई चेन और ग्लोबल ग्रोथ को भी बढ़ावा मिलेगा.

सरमा ने X पर एक पोस्ट में कहा, "भारत के लिए बड़ी जीत! आदरणीय @narendramodi जी के नेतृत्व में, भारत ने USA के साथ एक अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क हासिल किया है."

उन्होंने कहा कि यह डील 'मेक इन इंडिया' को बढ़ावा देगी, जिससे एंटरप्रेन्योर्स, MSMEs, स्टार्टअप्स, मछुआरों, महिलाओं और युवाओं को रोज़गार और अवसर मिलेंगे. 

Feb 7, 2026, 11:05 AM (30 मिनट पहले)

PM मोदी ने देश से झूठ बोला, करोड़ों किसानों के साथ धोखा किया: संजय सिंह

Posted by :- Sandeep kumar

मोदी ने देश से झूठ बोला, करोड़ों किसानों के साथ धोखा किया. अमेरिका के लिए 0% टैक्स पर भारत का कृषि बाज़ार खोल दिया. उनके सस्ते अनाज और फल देश के बाज़ार में बिकेंगे और हमारा किसान बर्बाद हो जाएगा. भारत रूस से सस्ता तेल लेने के बजाय अमेरिका से महंगा तेल लेगा, जिसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ेगा और 80,000 करोड़ का भार देश के आम लोगों पर पड़ेगा. 
#EpsteinFiles में मोदी का नाम और अडानी को अमेरिका से मिले सम्मन के कारण मोदी ने देश के हितों को नीलाम कर दिया

Feb 7, 2026, 9:53 AM (2 घंटे पहले)

अमेरिका के साथ व्यापार समझौता मेक इन इंडिया को मज़बूत करेगा, रोज़गार पैदा करेगा: PM मोदी

Posted by :- Sandeep kumar

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौता किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसर खोलकर 'मेक इन इंडिया' को मज़बूत करेगा, और महिलाओं और युवाओं के लिए रोज़गार पैदा करेगा.

प्रधानमंत्री ने भारत और अमेरिका के बीच मज़बूत संबंधों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके व्यक्तिगत समर्पण के लिए धन्यवाद भी दिया.

मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "भारत और अमेरिका के लिए बहुत अच्छी खबर! हमने अपने दोनों महान देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति जताई है."

उन्होंने कहा कि यह फ्रेमवर्क भारत-अमेरिका साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है. 

Feb 7, 2026, 9:23 AM (2 घंटे पहले)

3 साल से अटकी फाइल, 10 हजार की डिमांड, तहसीलदार के "घूस वाले बाबू" गिरफ्तार

Posted by :- Sandeep kumar

बागपत जिले की बड़ौत तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार के दफ्तर में तैनात एक प्राइवेट पेशकार बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान प्रमोद के रूप में हुई है, जो नायब तहसीलदार अतुल रघुवंशी के साथ बतौर प्राइवेट बाबू काम कर रहा था. दरअसल, मामला जीवाना गुलियान गांव निवासी किसान सोनू सोलंकी से जुड़ा है. सोनू ने तीन साल पहले 4 बीघा जमीन खरीदी थी, लेकिन उसकी दाखिल-खारिज की फाइल नायब तहसीलदार की कोर्ट में पिछले तीन साल से धूल फांक रही थी.

Feb 7, 2026, 8:46 AM (3 घंटे पहले)

साबरकांठा में ज़हरीले केमिकल से दूध बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़

Posted by :- Sandeep kumar

साबरकांठा प्रांतीज के सलाल इलाके में ज़हरीले केमिकल से दूध बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने सलाल में रेलवे क्रॉसिंग के पास श्री सत्या डेयरी प्रोडक्ट्स नाम की फैक्ट्री से 71 लाख रुपये के सामान के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. यह फैक्ट्री यूरिया खाद और डिटर्जेंट समेत ज़हरीले केमिकल से दूध बनाती थी. साथ ही, पुलिस ने मासूम लोगों को भी इस जानलेवा दूध से बचाने में कामयाबी हासिल की है. 

Feb 7, 2026, 8:28 AM (3 घंटे पहले)

बरनाला पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे करीब 53 किसानों को किया गिरफ्तार, तपा मंडी में विरोध जारी

Posted by :- Sandeep kumar

इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां संगठन के जिला बरनाला अध्यक्ष चमकौर सिंह नैनेवाल ने बताया कि बठिंडा जिले के गांव जियोन्द में सरदारों की करीब 700 एकड़ जमीन के मामले में किसान यूनियन एकता उगराहां संगठन लगातार किसानों को न्याय दिलाने के लिए लड़ रहा था, जिसके तहत भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां संगठन के नेता लगातार किसानों को परेशान कर रहे थे, जिसके तहत रामपुरा पुलिस ने गांव जींद निवासी किसान सगनदीप सिंह और गांव चाउके निवासी किसान बलदेव सिंह के खिलाफ बठिंडा जिले के रामपुरा थाने में झूठा केस दर्ज किया था. जिसमें सरनदीप सिंह को जेल भेज दिया गया और उसकी मां की मौत के बाद भी उसे रिहा नहीं किया गया. संगठनों के नेताओं ने कहा कि जब तक किसानों के खिलाफ केस खारिज नहीं हो जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा. इस विरोध प्रदर्शन में जहां किसानों की पुलिस से लड़ाई खत्म हो गई है, वहीं बरनाला पुलिस ने करीब 53 किसानों को गिरफ्तार भी किया है. 

Feb 7, 2026, 8:02 AM (4 घंटे पहले)

पश्चिम हिमालय क्षेत्र में एक बार फिर बारिश और बर्फ़बारी के आसार

Posted by :- Sandeep kumar

पश्चिम हिमालय क्षेत्र में एक बार फिर बारिश और बर्फ़बारी का दौर लौटने वाला है. आज एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और इसके बाद 9 फ़रवरी 11 फ़रवरी के दौरान एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते फ़रवरी के दूसरे सप्ताह में भी हिमालय के क्षेत्र में बारिश और बर्फ़बारी की संभावना जतायी गई है.