Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें डिटेल

क‍िसान तक Aug 24, 2026, Updated Aug 24, 2026, 7:38 PM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 अगस्त को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. ओडिशा में 24 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. राज्य में 24 से 26 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर रहने की संभावना है.

Agriculture Live Blog

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 अगस्त को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. ओडिशा में 24 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. राज्य में 24 से 26 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर रहने की संभावना है.यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Aug 24, 2026, 7:26 PM (एक घंटा में)

भारत ने गेहूं, आटा और मैदा के निर्यात पर लगी रोक हटाई, DGFT ने जारी की नोटिफिकेशन

Posted by :- Prateek

केंद्र सरकार ने गेहूं के एक्सपोर्ट को लेकर बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने गेहूं और ड्यूरम गेहूं के विदेश भेजने पर लगी रोक हटा दी है. अब इनका निर्यात किया जा सकेगा. यह फैसला 24 अगस्त से तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड यानी डीजीएफटी ने सोमवार को जारी अधिसूचना में गेहूं की निर्यात नीति में बदलाव किया है. अब संबंधित श्रेणी के गेहूं को ‘प्रतिबंधित’ की जगह ‘मुक्त’ श्रेणी में रखा गया है. इसका मतलब है कि इन गेहूं उत्पादों को विदेश भेजने पर पहले जैसी रोक नहीं रहेगी. सरकार ने गेहूं के साथ आटा और मैदा के निर्यात पर भी लगी पाबंदी हटा दी है. डीजीएफटी ने गेहूं के आटे और उससे जुड़े उत्पादों की निर्यात नीति को भी ‘प्रतिबंधित’ से ‘मुक्त’ कर दिया है. यह फैसला भी तुरंत लागू हो गया है. इस फैसले के दायरे में आटा, मैदा, रवा, होलमील आटा और रिजल्टेंट आटा जैसे उत्पाद शामिल हैं. अब इन उत्पादों को भी विदेश भेजा जा सकेगा. (एएनआई)

Aug 24, 2026, 6:47 PM (एक घंटा में)

कोल्हापुर जिले के पोल्ट्री फ़ार्म में MD ड्रग्स की यूनिट का भंडाफोड़, ANTF ने लिया एक्‍शन

Posted by :- Prateek

पुणे: अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र एंटी-नारकोटिक्स टास्क फ़ोर्स (ANTF) ने रविवार को कोल्हापुर ज़िले के एक पोल्ट्री फ़ार्म में चल रही MD ड्रग्स बनाने वाली एक अवैध यूनिट का भंडाफोड़ किया और 1 करोड़ रुपये से ज़्यादा कीमत का सामान ज़ब्त किया. यह अवैध ड्रग्स बनाने वाली फ़ैक्ट्री पश्चिमी महाराष्ट्र के ज़िले की चंदगढ़ तहसील के एक गांव में चल रही थी. ANTF के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) के ठाणे ज़िले के मीरा-भायंदर इलाके में नयानगर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले से शुरू हुई थी. (पीटीआई)

Aug 24, 2026, 6:15 PM (18 मिनट में)

भारत खाने-पीने की चीजों के आयात पर निर्भर नहीं रह सकता, उप राष्ट्रपति ने आंध्र प्रदेश में दिया संदेश

Posted by :- Prateek

मुसुनुरु (आंध्र प्रदेश): उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाला भारत खाने-पीने की चीज़ों के आयात पर निर्भर नहीं रह सकता और उन्होंने खेती को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता देने का वादा किया. मुसुनुरु गांव में बीज लॉन्च करने के एक निजी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, "हम 140 करोड़ लोग हैं, हम ऑस्ट्रेलिया नहीं हैं. हमारी आबादी ऑस्ट्रेलिया से 70 गुना ज़्यादा है, इसलिए हम अपने खाने-पीने की चीज़ों के लिए आयात पर निर्भर नहीं रह सकते. खेती से जुड़े हितों का ध्यान रखा जाएगा और खेती को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता दी जाएगी." उप राष्ट्रपति के अनुसार, खेती के क्षेत्र में अपनाए गए नए इनोवेशन और आधुनिक तकनीकें देश में खेती को समृद्ध बनाएंगी. (पीटीआई)

Aug 24, 2026, 4:59 PM (एक घंटा पहले)

नाशिक मंडी में 40 रुपये पहुंचा प्याज का दाम, किसानों ने कहा- सरकार अब ना गिराए दाम

Posted by :- Sandeep kumar

नाशिक के मंडी में प्याज के दाम 40 रुपये तक पहुंच गया है, जिसके बाद प्याज उत्पादक किसान संघटन के अध्यक्ष भारत दिघोले और किसानों का कहना है कि सरकार अब दाम ना गिराए..

Aug 24, 2026, 3:59 PM (2 घंटे पहले)

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: बस्तर से रायगढ़ तक बाढ़ जैसे हालात

Posted by :- Sandeep kumar

छत्तीसगढ़ में कल शाम से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. बस्तर से लेकर बिलासपुर संभाग, गरियाबंद और रायगढ़ तक तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं. कई सड़कों और पुल-पुलियों पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है. कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है.
बस्तर में गोरियाबहार नाला उफान पर, कलचा मार्ग प्रभावित
बस्तर संभाग के जगदलपुर और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है. तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते कलचा को जगदलपुर से जोड़ने वाले मार्ग पर बाढ़ का पानी पहुंच गया. गोरियाबहार नाला तेज बारिश के बाद उफान पर आ गया.

Aug 24, 2026, 3:22 PM (3 घंटे पहले)

कांग्रेस ने आसमान छूती महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा, 'अच्छे दिन' के वादे पर तंज कसा

Posted by :- Sandeep kumar

नई दिल्ली, कांग्रेस ने सोमवार को आसमान छूती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला. पार्टी ने मोदी सरकार से- जो 'अच्छे दिन' लाने का दावा करती है. यह बताने को कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग अपना गुज़ारा कैसे करें.

कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने एक मीडिया रिपोर्ट शेयर की, जिसमें कहा गया है कि चीनी की तरह ही प्याज़ की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी हो रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, नासिक बाज़ार में प्याज़ की कीमतें सिर्फ़ एक महीने में लगभग 76 प्रतिशत बढ़ गई हैं और कुछ राज्यों में तो थोक कीमतें दोगुनी हो गई हैं.

Aug 24, 2026, 2:07 PM (4 घंटे पहले)

बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता, सभी लोगों तक राहत पहुंचेगी: MP CM

Posted by :- Sandeep kumar

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि लोगों, उनकी संपत्ति और मवेशियों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत और मदद का भरोसा दिलाया.

रीवा और शहडोल डिवीज़न में भारी बारिश से बने हालात और चल रहे राहत कार्यों का जायजा लेते हुए, यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित लोगों को तुरंत मदद पहुंचाएं और राहत कैंपों के सही ढंग से काम करने को सुनिश्चित करें. 

Aug 24, 2026, 1:38 PM (4 घंटे पहले)

दिल्ली में ज़ोरदार बारिश, IMD ने जारी किया बारिश के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

सोमवार को राजधानी के कई इलाकों में ज़ोरदार बारिश हुई, जिससे एक दिन पहले की उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर जलजमाव भी हो गया.

मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं. विभाग ने अगले कुछ घंटों में तेज़ से मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ़्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सुबह 8.30 बजे से 11.30 बजे के बीच दिल्ली में सबसे ज़्यादा बारिश छतरपुर में (28 मिमी) दर्ज की गई, इसके बाद लोदी रोड (24.6 मिमी) और पीतमपुरा (18.5 मिमी) का नंबर रहा. इस दौरान रिज में 5 मिमी, मयूर विहार में 1.5 मिमी, सफदरजंग में 1 मिमी और आयानगर में 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई.

Aug 24, 2026, 12:57 PM (5 घंटे पहले)

दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश, कई इलाकों में जलभराव

Posted by :- Sandeep kumar

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश हो रही है. लग रहा है कि सावन सूखा नहीं जाएगा. कई इलाकों में अगले दो घंटे मौसम अचानक बदल सकता है. गाजियाबाद, पूर्वी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज गरज सुनाई दे सकती है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

Aug 24, 2026, 12:00 PM (6 घंटे पहले)

मेरठ के सिविल लाइन थाना प्रभारी निलंबित, किसान नेता से मारपीट मामले में लगे थे आरोप

Posted by :- Sandeep kumar

मेरठ में किसान नेता दिग्विजय भाटी से मारपीट के मामले में सुर्खियों में आए तत्कालीन सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश गौड़ को निलंबित कर दिया गया है.

दिग्विजय भाटी ने तत्कालीन मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे और तत्कालीन सिविल लाइन थाना प्रभारी अखिलेश गौड़ पर एसएसपी कार्यालय और एसओजी कार्यालय में मारपीट करने के आरोप लगाए थे. मामले को लेकर दिग्विजय भाटी ने वीडियो जारी कर भी आरोप लगाए थे, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

पुलिस की ओर से जारी बयान में बताया गया कि निरीक्षक अखिलेश गौड़ द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही और उदासीनता बरतने तथा स्वेच्छाचारिता किए जाने के फलस्वरूप वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

हालांकि, दिग्विजय भाटी द्वारा लगाए गए तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडे पर मारपीट के आरोपों के संबंध में पुलिस की ओर से जारी बयान में कोई अलग कार्रवाई का उल्लेख नहीं किया गया है. 

Aug 24, 2026, 11:23 AM (7 घंटे पहले)

दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में झमाझम बारिश

Posted by :- Sandeep kumar

दिल्ली-NCR में 11 बजे अचानक मौसम ने करवट ले लिया है और कई हिस्सों में जोरदार बारिश शुरू हो गई. 

Aug 24, 2026, 10:51 AM (7 घंटे पहले)

मुजफ्फरनगर में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में पिछले दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर जबरदस्त बरसात ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है.

शहर से लेकर गांव तक इस बरसात की मार आम जनता को झेलनी पड़ रही है. शहरी इलाकों में बरसात के चलते लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर है तो वहीं ग्रामीण इलाकों में भी इस बरसात का बड़ा असर देखने को मिल रहा है.

बरसात के चलते किसानों की गन्ने की फसल जल मग्न हो गई है हालत ये है कि गांव के रास्तों पर पानी भरा है और खेत खलिहान बरसात के पानी में डूबे हैं. ज्यादातर तेज हवाओं से गन्ने की फसल गिर गई है और जो बची है उसे खेतों में भरा पानी नष्ट कर रहा है. किसानों का कहना है कि गन्ने की फसल को तो बड़ा नुकसान इस बरसात के चलते हो ही रहा है साथ ही सब्जी की फसल भी पूरी तरह नष्ट हो गई है.

Aug 24, 2026, 10:04 AM (8 घंटे पहले)

हिमाचल में कांग्रेस पर भाजपा का हमला, किसानों के कर्ज को लेकर साधा निशाना

Posted by :- Sandeep kumar

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा ने आर्थिक स्थिति, चुनावी वादों और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के मुद्दे को लेकर मोर्चा खोल दिया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला कांगड़ा सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा. अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये, युवाओं को रोजगार, किसानों और दूध उत्पादकों के हित में कदम उठाने और 300 यूनिट मुफ्त बिजली सहित कई वादे किए थे. उन्होंने दावा किया कि इनमें से कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं. 

Aug 24, 2026, 9:28 AM (8 घंटे पहले)

हरदोई में चीनी के बढ़े दाम पर अरविंद राजभर का अखिलेश को न्योता

Posted by :- Sandeep kumar

देश भर में चीनी के बढ़ते दाम को लेकर सुभासपा ने हरदोई में विपक्ष को आंदोलन का न्योता दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से आवाहन करते हुए कहा कि चीनी के बढ़े दाम के खिलाफ आंदोलन करिए, सुभासपा आपके साथ खड़ी होगी. उन्होंने गन्ने के मूल्य में और बढ़ोतरी की जरूरत बताते हुए कहा कि जनता का अहित होगा तो सुभासपा सबसे पहले आवाज उठाएगी. वहीं गठबंधन की अटकलों पर उन्होंने साफ किया कि सुभासपा एनडीए के साथ रहकर पीडीए को धूल चटाने की रणनीति पर काम कर रही है. हरदोई में 13 सितंबर को होने वाली सामाजिक समरसता महारैली को लेकर भी उन्होंने तैयारियों की जानकारी दी. 

Aug 24, 2026, 8:51 AM (9 घंटे पहले)

गंगा का बढ़ा जलस्तर, सम्राट चौधरी ने की फरक्का बराज के गेट खोलने की मांग

Posted by :- Sandeep kumar

बिहार में बढ़ते गंगा के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की. उन्होंने फरक्का बराज के सभी गेट खोलने का आग्रह किया.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. फरक्का बराज के सभी गेट खोलने से गंगा का पानी आसानी से आगे निकल सकेगा और बिहार में बाढ़ की स्थिति को कम करने में मदद मिल सकती है.

वहीं, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले में जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया है.

Aug 24, 2026, 8:19 AM (10 घंटे पहले)

दिल्ली, यूपी, MP समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

लगातार सक्रिय मॉनसूनी गतिविधियों के बीच मौसम विभाग (IMD) ने 24 अगस्त को लेकर कई राज्यों में बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र, उत्तर और मध्य भारत में फैला मॉनसून ट्रफ और ऊपरी हवाओं में कई तरह की हलचल मिलकर मौसम को अस्थिर बना रहे हैं. इसकी वजह से देश के 17 राज्यों में 24 अगस्त को तेज बारिश का पूर्वानुमान है. कुछ राज्यों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.