
देश में इस समय कुछ इलाकों में भारी बारिश तो कहीं धूप और तेज गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. इस बी, उत्तर भारत में एक्टिव डिप्रेशन अब उत्तर झारखंड, दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए झारखंड, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर जाएगा और कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है. इसके असर से आज पूर्वी मध्य प्रदेश में कई जगह बारिश का दौर जारी रहने और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
हुबली, कर्नाटक: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि गन्ने की फसल में रेड रॉट बीमारी और अल नीनो की वजह से, भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में चीनी समेत कुल कृषि उत्पादन में कमी आई है... हम इसे लेकर बहुत चिंतित हैं, इसीलिए हमने तुरंत कई कदम उठाए हैं. भारत की ज़रूरत लगभग 280 लाख टन है, और आज की स्थिति के अनुसार... हमारे पास 20 से 25 लाख टन से ज़्यादा सरप्लस (अतिरिक्त स्टॉक) है... त्योहारों का मौसम आ रहा है और कई बड़े त्योहार हैं, इसलिए आयात से जुड़े कदम उठाए जा रहे हैं... हमने पहले ही कई उपाय किए हैं, जिनमें अस्थायी उपाय के तौर पर कच्ची चीनी का आयात भी शामिल है." (पीटीआई)
चेन्नई: AIADMK प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने रविवार को TVK के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से मांग की कि वे उन किसानों को तुरंत 30,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवज़ा दें, जिनकी धान की फ़सलें डेल्टा ज़िलों में अचानक हुई भारी बारिश के कारण पानी में डूब गई हैं. एक बयान में, पलानीस्वामी ने बताया कि पिछले दो दिनों में हुई अप्रत्याशित बारिश के कारण तिरुवरुर और नागपट्टिनम समेत कई ज़िलों में लगभग 2,000 एकड़ में लगी 'कुरुवई' धान की फ़सलें जलमग्न हो गई हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन किसानों ने 12 जून को मेट्टूर बांध से पानी न छोड़े जाने के बाद भूजल और कर्ज़ पर निर्भर होकर खेती की थी, वे अब निराशा में हैं क्योंकि उनकी कटाई के लिए तैयार फ़सलें पानी में डूबी हुई हैं. (पीटीआई)
तंजावुर (तमिलनाडु): तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने रविवार को सत्ताधारी TVK सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रशासनिक रूप से विफल रही है और कावेरी डेल्टा के किसानों की अनदेखी की है, जो मेट्टूर बांध से पानी न छोड़े जाने के कारण सूखे जैसे हालात का सामना कर रहे हैं. एक शादी समारोह में बोलते हुए, उदयनिधि ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार महिलाओं के लिए मासिक आर्थिक सहायता, सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर और बेरोजगारी भत्ते जैसे प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है. तंजावुर में किसानों की मांगों के समर्थन में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान अपनी हालिया गिरफ्तारी का ज़िक्र करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने "अचानक से सेंगीपट्टी स्टेशन का रास्ता बदल दिया" और उनकी हिरासत के बारे में अदालत में विरोधाभासी बातें कहीं. (PTI)
हरियाणा कांग्रेस प्रमुख राव नरेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि हाल के महीनों में चीनी और गुड़ की कीमतों में तेज़ी से हुई बढ़ोतरी आम लोगों के लिए चिंता का गंभीर विषय है.
उन्होंने दावा किया कि चीनी की कीमतें लगभग 40 प्रतिशत बढ़कर करीब 67 रुपये प्रति किलोग्राम और गुड़ की कीमतें लगभग 24 प्रतिशत बढ़कर करीब 65 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को देश को इस बढ़ोतरी के कारण स्पष्ट रूप से बताने चाहिए.
एक बयान में सिंह ने कहा कि मक्का और चावल जैसे कृषि उत्पादों के साथ-साथ इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने की बढ़ती मांग भी खाद्य बाज़ार को प्रभावित कर सकती है. उन्होंने कहा, "जब कृषि उपज का एक बड़ा हिस्सा ईंधन उत्पादन की ओर मोड़ दिया जाता है, तो खाद्य खपत के लिए उपलब्धता पर दबाव पड़ सकता है, जिससे स्वाभाविक रूप से कीमतें प्रभावित होती हैं."
कर्नाटक: वन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि एक तेंदुए के फंदे में फंसने के बाद उसकी लाश जलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान नारायणप्पा, जी डी शिवकुमार और चंद्रशेखर के तौर पर हुई है.
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना गौरागोन्दनहल्ली में एक खेत के पास हुई.
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, नारायणप्पा, जिसका उस इलाके में पहाड़ी की तलहटी में एक खेत है, ने कथित तौर पर जंगली जानवरों को अपनी फ़सल से दूर रखने के लिए फंदे लगाए थे.
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मूसलाधार वर्षा के कारण क्षेत्र के कई जंगली नाले उफान पर आ गए हैं, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन ठप हो गया. बस्ती-बगरा मुख्य मार्ग पर स्थित कलेवा नाला के अचानक उफनने से पुल पर पानी का तेज बहाव बना रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. इस दौरान कई लोग जान जोखिम में डालकर बहते पानी के बीच पुल पार करते दिखे, तो वहीं अनेक यात्री घंटों इंतजार करने को मजबूर रहे. इसके अलावा कोटमी खुर्द-उमरखोही कच्चा मार्ग भी जलमग्न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हालांकि, बारिश का जोर कम होने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका.
फर्रुखाबाद में गंगा और रामगंगा दोनों नदियां उफान पर हैं. गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ते हुए खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है, जबकि रामगंगा का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है. पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार भारी बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है. गंगा चेतावनी बिंदु को पार कर चुकी है, जिससे नदी किनारे बसे दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. बाढ़ के पानी से ग्रामीणों के आशियाने लगातार पानी मे समा रहे है.
जम्मू: अधिकारियों ने बताया कि रविवार को जम्मू और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश के कारण शहर के शहीद चौक पर एक खाली पड़ा घर गिर गया. बारिश से आम ज़िंदगी पर असर पड़ा और शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया.
शहर के बीचों-बीच शहीद चौक पर गिरा यह घर रजनी सलोत्रा का था. पुरानी इमारत में दरारें आने के बाद वह कुछ महीने पहले ही अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहने चली गई थीं.
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच सुबह करीब 7.30 बजे यह इमारत गिर गई, जिससे घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया.
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में बीते रोज से जारी के बीच एक बार तबाही की तस्वीरें भी आना शुरू हो गई हैं, जिला में मुसलाधार बारिश से सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग का बड़ा हिस्सा लैंडस्लाइड की चपेट में आग गया है, जिससे इस हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही ठप्प हो गई है और इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है. मंडी पठानकोट नेशनल हाईवे पर उरला के चमड़ा नाला के समीप यह लैंडस्लाइड़ हुआ है. हालांकि स्थानीय प्रशासन ने बारिश का दौर थमते ही जेसीबी की मदद से पहाड़ी को काटकर चौड़ीकरण का कार्य शुरू भी किया, लेकिन बड़ी चट्टान होने से चौड़ीकरण का कार्य सीरे चढ़ न सका.
पलवल में अपराध का ग्राफ एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगा है. बीती रात खेतों में काम कर रहे एक किसान की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कई संदिग्धों से पूछताछ की है था कई को हिरासत में भी लिया है.
बेगूसराय में गंगा खतरे के निशान से ऊपर हो गया है. लगातार गंगा जलस्तर बढ़ने से दियारा क्षेत्र में जहां सड़कों पर दो फीट तक पानी लग गया है. वहीं, से हजारों बीघा में लगी फसल गंगा के पानी में डूब गई है. दियारा क्षेत्र में सड़कों पर पानी लगने की वजह से लोग पानी के बीच से आने जाने को मजबूर हैं. वहीं कई जगहों पर निचले इलाके में लोग नाव का सहारा लेना शुरू कर दिया है. सड़कों के बीच पानी में आते जाते लोग यह बछवारा प्रखंड के चमथा दियारा के लोग हैं, जहां पिछले कुछ दिनों से गंगा में बढ़ते जल स्तर की वजह से जहां सैकड़ो बीघा में लगी फसल डूब गई है वही सड़कों पर 2 फीट पानी लग गया है.
यह इलाका लंबे समय से तेंदुओं के लिए एक उपयुक्त आवास रहा है. हालांकि, अधिकारियों को लगभग दो साल पहले असामान्य रूप से बड़े पंजों के निशान और शिकार करने के एक खास तरीके के संकेत मिलने के बाद किसी बड़े जानवर की मौजूदगी का शक हुआ था.
खबरों के मुताबिक, अक्टूबर और दिसंबर 2025 में भी इस जानवर की गतिविधियां रिकॉर्ड की गई थीं. हाल ही में ब्रह्मगांव में एक बड़े पालतू जानवर के मारे जाने के बाद, वन विभाग ने 19 अगस्त को इलाके में कैमरा ट्रैप लगाए.
जब 20 अगस्त को फुटेज की जांच की गई, तो उसमें एक बाघ साफ तौर पर दिखाई दिया.
आष्टी वन रेंज अधिकारी अमोल मुंडे ने स्थानीय किसानों से खेतों में जाते समय सावधानी बरतने की अपील की.
केंद्रीय उर्वरक और रसायन मंत्री जे पी नड्डा ने उर्वरक विभाग के सचिव एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जारी खरीफ तथा आगामी रबी सीजन के लिए विभाग की तैयारियों की समीक्षा की.
उर्वरकों की उपलब्धता की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है. किसानों को उर्वरकों की निरंतर एवं निर्बाध आपूर्ति तथा समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है. इस बीच IMD ने दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
रविवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए एक खुशनुमा और राहत भरी सुबह साबित हुई. सुबह-सुबह दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद से लेकर गुरुग्राम तक मौसम ने अचानक करवट ली और काले बादलों के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई.
'रेनी संडे' की इस बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.