
1 अक्टूबर को कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. उत्तराखंड में 2 अक्टूबर तक और 5 अक्टूबर को, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 2 से 5 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 सितंबर तक बारिश के आसार हैं. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश जारी रह सकती है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर: त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने चीनी के स्टॉक रखने के नियमों में बदलाव किया है. नए नियमों के तहत चीनी डीलरों के लिए स्टॉक रखने की अवधि घटाकर 15 दिन कर दी गई है, जबकि स्टॉक की अधिकतम सीमा 1,000 क्विंटल तय की गई है. सरकार के ये संशोधित प्रावधान 15 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक लागू रहेंगे.
इस साल मॉनसून पर अल नीनो का असर रहने के कारण विदर्भ में बारिश का पूरा गणित बिगड़ गया है. मौसम विभाग ने मॉनसून की शुरुआत में ही इस साल सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया था.
इसके मुताबिक, 1 जून से 30 सितंबर के बीच पूरे विदर्भ में सामान्य की तुलना में करीब 27 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है. कुछ जिलों में यह कमी 40 फीसदी से भी अधिक है. नागपुर जिले में भी सामान्य से 34 फीसदी कम बारिश हुई है. इस कम बारिश ने खेती,किसानों के साथ साथ सामान्य लोगों की भी चिंता बढ़ा दी है.
कर्ज और फसल बर्बादी से तंग आकर 35 वर्षीय युवा किसान ने की आत्महत्या, बीड जिल्हे में आठ दिनों में तीन किसानों की आत्महत्या
9 महिने में बीड़ में सबसे ज्यादा 168 किसान की मौतें
बेतिया के बैरिया प्रखंड में बाढ़ प्रभावित इलाके के दौरे के दौरान सांसद डॉ. संजय जायसवाल को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. राहत शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने राहत व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जताई. इस दौरान स्थानीय विधायक को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए और ‘विधायक गायब’ के नारे लगाए.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने के बाद पीएम श्री राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय, बथना में बनाए गए राहत शिविर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री के सामने ही कुछ ग्रामीणों ने सांसद और विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.
मुख्यमंत्री के वहां से जाने के बाद भी ग्रामीणों की नाराजगी बनी रही. स्थिति को देखते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल को काफी देर तक स्कूल परिसर में ही रुकना पड़ा. पुलिस ने सांसद की सुरक्षा बढ़ा दी और उन्हें भीड़ के बीच से निकालने की तैयारी की.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में ICFRE, FRI कैंपस में 'वन्यजीव सप्ताह 2026' के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया
UP मे महोबा जिले के चरखारी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है. फसलों के साथ-साथ हजारों कच्चे मकान ढह जाने से कई परिवार बेघर हो चुके हैं. प्रभावितों की मदद के लिए विधायक बृजभूषण राजपूत के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि उदित राजपूत, भाजपा कार्यकर्ताओं और मंडल अध्यक्षों के साथ नवागंतुक डीएम से मिले. प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सर्वे फॉर्म और ज्ञापन सौंपकर पीड़ितों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की.
बिहार: पटना में फिर बढ़ा गंगा का जलस्तर, खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदी
नर्मदापुरम में सभी नेशनल पार्क आज से सैलानियों के लिए खुल गए हैं. इसी के साथ नर्मदापुरम स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में भी 3 माह बाद आज सुबह से ही सैलानियों की चहलकदमी शुरू हो गई और सैलानियों के स्वागत के साथ पर्यटन वर्ष की भी शुरुआत हुई. आज सुबह सतपुड़ा की मढ़ई, चूरना रेंज के गेट प्रबंधन द्वारा खोले गए. पार्क ओपन होते ही टाइगर और अन्य वन्यप्राणियों का दीदार करने बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे. पहले दिन एसटीआर पहुंचे पर्यटकों का मढ़ई और चूरना में फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया. सैलानियों में एसटीआर को लेकर खासा आकर्षण है जानकारी के अनुसार जिप्सी और होटल की बुकिंग फुल है.
जालना जिले के सभी आठ तहसीलों में ‘ट्रिगर-1’ यानी प्रथम चरण का सूखा घोषित किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने पशुधन और किसानों को राहत देने के लिए दो अहम फैसले लिए हैं. जिले में उपलब्ध चारा बाहर जाने से रोकने के लिए हरे चारे से लेकर सूखे चारे और पशु आहार की दूसरे जिलों और राज्य के बाहर बिक्री तथा परिवहन पर प्रतिबंध लगाया गया है. वहीं, सूखे से प्रभावित किसानों के फसल नुकसान के पंचनामे भी तत्काल पूरा करने के निर्देश जिलाधिकारी आशिमा मित्तल ने दिए हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, सूखे की स्थिति को देखते हुए जिले में उपलब्ध चारा दूसरे जिलों या सीमावर्ती क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में बिक्री के लिए बाहर भेजे जाने की संभावना है. इससे जालना जिले में पशुधन के लिए चारे की उपलब्धता कम होकर चारा संकट पैदा हो सकता है. इसी को देखते हुए जिलाधिकारी आशिमा मित्तल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत चारा परिवहन और बिक्री पर प्रतिबंध का आदेश जारी किया है. यह आदेश 30 सितंबर 2026 की रात 12 बजकर 1 मिनट से अगले आदेश तक लागू रहेगा.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को घोषणा की कि बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए 'घटल मास्टर प्लान' के तहत चालू वित्त वर्ष में 1,200 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे.
अधिकारी ने यह भी कहा कि मेदिनीपुर इलाके में नदी के कटाव और बाढ़ की पुरानी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए कदम उठाए जा रहे हैं. सरकार का लक्ष्य है कि अगले साल जून तक 'घटल मास्टर प्लान' का एक बड़ा हिस्सा पूरा कर लिया जाए.
"हम इस वित्त वर्ष में 'घटल मास्टर प्लान' के लिए 1,200 करोड़ रुपये आवंटित करेंगे. केंद्र सरकार 50 प्रतिशत फंड देगी और बाकी खर्च राज्य सरकार उठाएगी.
"हमें मास्टर प्लान के लिए ज़मीन खरीदने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग से कुछ फंड मिलेगा. हमने स्थानीय विधायकों से मास्टर प्लान पर काम में तेज़ी लाने को कहा है," अधिकारी ने कहा
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच बाढ़ का संकट गहरा गया है. पारू प्रखंड के जयमल डुमरी इलाके में नारायणी गंडक नदी का तटबंध टूट गया है. तटबंध टूटने के बाद बाढ़ का पानी तेजी से आसपास के गांवों में फैल रहा है. कई जगहों पर घरों और सड़कों पर पानी पहुंच गया है, जिसके बाद ग्रामीण सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ तटबंध पर लगातार दबाव बना हुआ था. कई जगहों पर पानी तटबंध के ऊपर से बहने लगा था. इसी दौरान जयमल डुमरी में तटबंध टूट गया और देखते ही देखते आसपास के इलाकों में पानी फैलने लगा.
सरदार सरोवर नर्मदा डैम में पानी का लेवल बढ़ते पानी के बहाव की वजह से 138.68 मीटर तक पहुंच गया है. डैम में अभी 5737.46 MCM लाइव स्टोरेज है, जबकि ऊपर से 43,659 क्यूसेक पानी मिल रहा है. आज राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मां नर्मदा नदी की पूजा की है. नर्मदा डैम के पूरी तरह भर जाने के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और मंत्री ईश्वर पटेल सांसद विधायक ने नर्मदा नदी में फूल और चुनरि चढ़ाई है नर्मदा का भरपूर पानी का स्टोरेज आने वाले समय में गुजरात में सिंचाई और पीने के पानी की जरूरतों को पूरा करने में अहम फायदे देगा.
इन्दौर दूध विक्रेता संघ ने बैठक में लिया फैसल अब ₹68/लीटर मिलेगा दूध मौजूदा कीमत से ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरीयानी त्योहारों से पहले आम लोगों की जेब पर एक और असर
अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई. भूकंप सुबह 6:59 बजे आया. फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की तत्काल जानकारी सामने नहीं आई है.