Agriculture News Live Updates: पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश से कई जगह हुआ भूस्खलन

क‍िसान तक Jul 18, 2026, Updated Jul 18, 2026, 12:10 PM IST

बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बने सशक्त निम्न दबाव क्षेत्र के असर से अगले सात दिनों तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है. वहीं, पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले सात दिनों तक तथा उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक बारिश अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है.

Agriculture Live Blog

बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बने सशक्त निम्न दबाव क्षेत्र के असर से अगले सात दिनों तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है. वहीं, पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले सात दिनों तक तथा उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक बारिश अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Jul 18, 2026, 12:09 PM (5 घंटे में)

पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश से कई जगह हुआ भूस्खलन

Posted by :- Sandeep kumar

पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच धारचूला के गर्वाधार के पास पहाड़ी से भारी चट्टान और मलबा गिरने से कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है. सड़क पर बोल्डर आने से यात्रा प्रभावित हुई है. सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीमें मार्ग खोलने में जुट गई हैं. प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से मार्ग खुलने तक आवाजाही से बचने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि मलबा हटने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा. आपको बता दे आजकल इस सड़क से कैलाश मानसरोवर यात्रा संचालित हो रही है. यात्रा के चौथे दल को आज इस सड़क से होते हुए धारचूला से गूंजी जाना था. ऐसे में सड़क बंद होने के बाद यात्री अब धारचूला में ही सड़क खुलने का इंतजार कर रहे है.
 

Jul 18, 2026, 10:51 AM (4 घंटे में)

राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा ने गांव में सुनी किसानों की समस्याएं

Posted by :- Sandeep kumar

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर जिले के देगाना क्षेत्र स्थित तिलानेश गांव के अपने दौरे के दौरान यह बात कही. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं, किसानों, पशुपालकों और युवाओं के साथ सीधे संवाद के माध्यम से उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया. 

Jul 18, 2026, 9:56 AM (3 घंटे में)

आज यूपी के इन 50 जिलों में हो सकती है झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

यूपी के कई जिलों में आसमान पर बादलों का डेरा तो है, लेकिन अब भी लोग झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं. वैसे उमस और गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज (18 जुलाई) से प्रदेश में मानसून फिर रफ्तार पकड़ेगा.

आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. लखनऊ, कानपुर नगर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, जौनपुर, वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में अच्छी बारिश के आसार हैं. इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मेघगर्जन और बारिश की संभावना बनी हुई है.

Jul 18, 2026, 9:19 AM (2 घंटे में)

लाहौल-स्पीति में तांदी-उदयपुर मार्ग पर रंगबे नाला उफान पर, अचानक आई बाढ़ से मचा हड़कंप

Posted by :- Sandeep kumar

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में कुछ दिनों तक हालात सामान्य रहने और मौसम साफ होने के बाद एक बार फिर प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई ताजा मूसलाधार बारिश और नालों के उफान ने स्थानीय निवासियों और प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं. ताजा मामला तांदी-उदयपुर सड़क मार्ग का है, जहां स्थित रंगबे नाला अचानक भयानक रूप से उफान पर आ गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. 

Jul 18, 2026, 8:40 AM (2 घंटे में)

आंध्र में बारिश में 48.3 प्रतिशत की कमी, अधिकारियों ने किसानों को अल नीनो के लिए तैयार रहने की दी सलाह 

Posted by :- Sandeep kumar

आंध्र प्रदेश में 1 जून से 15 जुलाई के बीच बारिश में लगभग 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई; राज्य के 24 जिलों में कम बारिश हुई और चार जिलों में भारी कमी देखी गई.

अल नीनो की मौजूदा स्थितियों की समीक्षा करते हुए, कृषि विभाग के स्पेशल चीफ सेक्रेटरी बी. राजशेखर ने कहा कि राज्य में कई 'रायतू सेवा केंद्र' (Rythu Seva Kendras) मुश्किल स्थिति में हैं.

राजशेखर के हवाले से जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, "1 जून से 15 जुलाई के बीच सामान्य स्थिति की तुलना में बारिश में 48.3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है... रायलसीमा जिला बहुत ही नाजुक स्थिति में है. 

Jul 18, 2026, 8:03 AM (एक घंटा में)

इन 17 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 60 की रफ्तार से चलेगी हवा

Posted by :- Sandeep kumar

पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 

IMD के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बिहार, उत्तर प्रदेश, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तराखंड, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, केरल, छत्तीसगढ़ समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है.