
दीवाली के दिन देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 8 नवंबर को दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. वहीं, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तारीफ की. उन्होंने कहा कि नागपुर में सूखे से प्रभावित किसानों के साथ दिवाली मनाना एक "बहुत ही दिल छू लेने वाला" कदम है. प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल उस संवेदना को दर्शाती है, जिसके साथ महाराष्ट्र में NDA सरकार किसानों के लिए काम कर रही है और उनके कल्याण को सुनिश्चित कर रही है. फडणवीस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें वे दिवाली के मौके पर किसानों के साथ समय बिताते नजर आ रहे थे. इस पर टिप्पणी करते हुए मोदी ने कहा, "महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी का लोहारी सावांगा गांव (नरखेड़, नागपुर) में किसानों के साथ दिवाली मनाना और अरुणाबाई तथा रामभाऊ बालपांडे के घर पर रुकना, वाकई बहुत दिल छू लेने वाला है." (पीटीआई)
अयोध्या (यूपी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दीवाली के अवसर पर अयोध्या में हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में पूजा-अर्चना की. अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के अगले दिन, आदित्यनाथ - जो गोरखपीठ के पीठाधीश्वर भी हैं - ने हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ अपने दौरे की शुरुआत की. मंदिर पहुंचने पर संतों और पुजारियों ने 'जय श्री राम' के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया. इसके बाद आदित्यनाथ श्री राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने राम लल्ला की पूजा की और उनकी आरती उतारी. उन्होंने मंदिर की परिक्रमा भी की और राम दरबार में प्रार्थना की, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश के लोगों की निरंतर प्रगति और कल्याण की कामना की. (पीटीआई)
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को लोहारी सावांगा गांव के किसानों के साथ दिवाली मनाई. प्रधानमंत्री मोदी ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह NDA सरकार की संवेदनशीलता और राज्य में किसानों के कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
'X' पर एक पोस्ट में, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि वे स्थानीय किसान अरुणबाई बालपांडे और रामभाऊ बालपांडे के घरों में रुके और उनकी समस्याओं को सीधे उनसे सुना.
समाचार एजेंसी 'प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया' (PTI) की रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने शनिवार को उन आर्थिक रूप से संपन्न किसानों से अपील की, जिन्हें सरकारी मदद की जरूरत नहीं है, कि वे सूखा राहत के तौर पर मिली 5,000 रुपये की राशि 'मुख्यमंत्री राहत कोष' में वापस कर दें.
राज्य सरकार ने हाल ही में दिवाली से पहले, सूखा प्रभावित इलाकों के पात्र किसानों को 5,000 रुपये की अग्रिम सहायता देने की घोषणा की थी.
राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री महाजन ने जलगांव जिले में पत्रकारों से कहा, "जिन लोगों को इस पैसे की जरूरत नहीं है, उन्हें स्वेच्छा से ये 5,000 रुपये वापस कर देने चाहिए. इसे जरूरतमंद किसानों की मदद के लिए एक योगदान के रूप में देखा जाना चाहिए। मेरी अपील उन सभी लोगों से है जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं."
सीएम योगी ने दीपावली की बधाई दी -
"सत्य की साधना का प्रतीक है दीपावली, ‘सर्वमंगल की सनातन भावना का महापर्व, ‘दीपावली की हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं, ‘श्रीराम के अयोध्या आगमन की पुण्य स्मृति,‘ये पर्व सेवा, समरसता की प्रेरणा देता है, ‘लोक कल्याण पथ पर चलने की प्रेरणा देता, कोई भी आंगन अंधकार में न रहे, कोई जीवन आशा से वंचित न रहे, ‘सभी जगह सुख, शांति, समृद्धि का वास हो, ‘प्रभु राम, माता जानकी से यही प्रार्थना है."...
देशभर में आज दिवाली का पावन पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ जा रहे हैं. वहां वो सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली का त्योहार मनाएंगे. हर साल की तरह अपनी इस परंपरा को जारी रखते हुए पीएम मोदी जवानों का हौसला बढ़ाने बस्तर रवाना हो रहे हैं.
महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को राहत देते हुए किसान ID (Farmer ID) बनाने और फसल निरीक्षण की प्रक्रिया को आसान कर दिया है. सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है, ताकि जमीन के रिकॉर्ड या खेती से जुड़ी जानकारी में कमी होने के कारण कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.
राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की पहल पर नई व्यवस्था शुरू की गई है. इसके तहत जिन किसानों की जमीन के रिकॉर्ड या खेती से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण एग्रीस्टैक (Agristack) के तहत किसान ID नहीं बन पाई थी, वे अब अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवा सकेंगे.
इसके लिए किसान तलाठी, मंडल अधिकारी और तहसीलदार से अपने जमीन और खेती से जुड़े रिकॉर्ड का वेरिफिकेशन करवा सकते हैं. इससे पात्र किसानों को किसान ID बनवाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी.
हरिद्वार में 18 दिन बाद गंगा की रौनक लौट आई है. दशहरे की रात शुरू हुई वार्षिक गंगा बंदी खत्म हो गई है. 7 नवंबर की रात गंगा में दोबारा पानी छोड़ा गया, जिसके बाद हर की पौड़ी समेत सभी गंगा घाटों पर जल प्रवाह शुरू हो गया. दिवाली से ठीक पहले गंगा का पानी लौटने से घाटों का नजारा भी बदल गया है.
राजधानी दिल्ली में हवा की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है. रविवार सुबह भी कई इलाकों में धुंध की परत छाई रही और AQI खतरनाक स्तर पर दर्ज किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आज सुबह 6 बजे जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शहर के कई इलाकों में AQI 'गंभीर' श्रेणी में बना हुआ है.
दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में हवा सबसे ज्यादा जहरीली दर्ज की गई, जहां AQI 452 के स्तर तक पहुंच गया. इसके ठीक पीछे आरके पुरम में 449 और IIT दिल्ली में 446 दर्ज किया गया. पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में भी स्थिति बेहद खराब रही और वहां AQI 444 दर्ज हुआ.
इसके अलावा, मथुरा रोड में 425, सिरीफोर्ट में 423 और नॉर्थ कैंपस (DU) में भी AQI 423 रहा. पूसा में 415, चांदनी चौक में 417, बुराड़ी क्रॉसिंग पर 411 और NSUT जाफरपुर में AQI 409 दर्ज किया गया. ये सभी इलाके 400 से ऊपर AQI के साथ 'गंभीर' श्रेणी में बने हुए हैं.