
देश के कई राज्यों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. ओडिशा में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि पश्चिम बंगाल, झारखंड और आसपास के इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
नई दिल्ली: फ़ूड डिलीवरी एग्रीगेटर ज़ोमैटो ने सोमवार को घोषणा की कि वह अपने प्लेटफ़ॉर्म पर लिस्टेड रेस्टोरेंट द्वारा एनालॉग चीज़, पनीर या अन्य डेयरी उत्पादों जैसी 'एनालॉग' डिश बेचने के मामले में ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी अपनाएगा. कंपनी ने कहा कि उसके पास नियमों का पालन न करने वाले रेस्टोरेंट को हटाने का अधिकार है. 'एनालॉग' डिश में पारंपरिक सामग्री की जगह सस्ती या वैकल्पिक चीज़ों (जैसे असली दूध या चीज़ के बजाय प्लांट ऑयल) का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि उनका रूप-रंग और स्वाद वैसा ही रहता है. यह कदम महाराष्ट्र में फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की राज्य-व्यापी कार्रवाई और दिल्ली के फ़ाइव-स्टार होटलों में फ़ूड सेफ़्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (FSSAI) के निरीक्षण के बाद फ़ूड सेफ़्टी पर नए सिरे से दिए जा रहे ज़ोर के बीच उठाया गया है. (पीटीआई)
नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को अपने मासिक पूर्वानुमान में कहा कि सितंबर के दौरान पूरे भारत में मासिक बारिश के सामान्य से कम रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि बारिश के 'लॉन्ग पीरियड एवरेज' (LPA) के 91 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है. LPA का मतलब है किसी खास इलाके में एक तय समय (जैसे महीना या मौसम) के दौरान हुई बारिश का औसत, जिसे आमतौर पर 30 से 50 साल की लंबी अवधि के आधार पर निकाला जाता है. (पीटीआई)
साल 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का तिमाही अनुमान जारी हो गया है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1) में वास्तविक GDP की विकास दर 7.8% रही. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1) में नॉमिनल GDP में 10.3% की वृद्धि दर्ज की गई. सरकार ने कहा है कि ग्लोबल चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था में विकास की गति बनी हुई है. जीडीपी में कृषि की हिस्सेदारी पिछले साल की तुलना में घटी है. पिछले साल इसी अवधि (अप्रैल-जून 2025-26) में कृषि विकास दर 4.4 परसेंट थी. उससे पहले 2024-25 में यह विकास दर 2.6 परसेंट थी
बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य में खाद का वितरण फार्मर आईडी के आधार पर देने की बात कही हैं.हालांकि, उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन किसानों की फार्मर आईडी में जमीन का विवरण पूरी तरह दर्ज नहीं है, उन्हें खाद से वंचित न किया जाए. ऐसे किसानों को भी खाद उपलब्ध कराई जाए.कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में खाद की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है. फार्मर आईडी के आधार पर खाद वितरण की व्यवस्था लागू होने से खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.
यह बातें उन्होंने "खेत बचाओ, गुणवत्तायुक्त बीज और खाद सुलभ कराओ" विषय पर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को वेलिगोंडा सिंचाई परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया और नल्लामाला सागर में कृष्णा नदी का पानी छोड़ा.
इस परियोजना का मकसद मार्कापुरम, प्रकाशम, नेल्लोर और कडपा ज़िलों के सूखा-ग्रस्त इलाकों की स्थिति बदलना है, जहां कम बारिश, गिरते भूजल स्तर, फ्लोराइड की समस्या और सिंचाई के लिए पानी की कमी जैसी चुनौतियां हैं.
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसान-मजदूर मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को पूरे पंजाब के 22 जिलों में एक दिवसीय धरने आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि इन धरनों में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और आम लोग शामिल हो रहे हैं. पंधेर ने कहा कि इन प्रदर्शनों का उद्देश्य पंजाब और किसानों-मजदूरों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से उठाना है.
पंधेर ने कहा कि पंजाब सरकार को राज्य की पांच प्रमुख फसलों की एमएसपी पर खरीद की गारंटी देनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बासमती, मक्का, कपास, आलू और सरसों जैसी फसलों को भी एमएसपी खरीद व्यवस्था के दायरे में लाया जाए. उन्होंने किसानों और मजदूरों का कर्ज पूरी तरह खत्म करने की मांग भी उठाई.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को डेयरी किसानों के लिए 'आविन' (Aavin) दूध खरीद की कीमतों में और बढ़ोतरी करने के बड़े नीतिगत फैसलों की घोषणा की. साथ ही, उन्होंने बिजली, सेमीकंडक्टर और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में कई करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की योजनाओं का भी ऐलान किया.
राज्य भर के डेयरी किसानों को बड़ी राहत देने के मकसद से 'आविन' दूध खरीद की कीमतों में और बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने दूध खरीद की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंज़ूरी दे दी है, जिससे यह कीमत 41 रुपये से बढ़कर 44 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
बागेश्वर में कपकोट तहसील के लखमारा गांव में पिछले चार दिनों से हो रहे भूस्खलन ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर पहाड़ी से लगातार मलबा, बोल्डर और पेड़ गिरकर लखमारा गधेरे में समा रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि बड़े बोल्डर गधेरे में गिरकर पानी का बहाव रोक देते हैं, तो यहां तालाब बन सकता है, जिससे भविष्य में गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है
गुजरात के गिर सोमनाथ से बड़ी खबर सामने आई है. वेरावल तहसील के भेटाली गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ किसान के पशुओं के बाड़े में घुस गया.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना किसान सुरेशभाई रायसिंहभाई झाला की वाड़ी में हुई. तेंदुआ रात के समय पशुओं के बाड़े में घुस आया और वहां मौजूद एक बछड़े का शिकार कर दिया.
तेंदुए को बाड़े में देखकर किसान के सामने बड़ा खतरा था, लेकिन किसान ने घबराने के बजाय सूझबूझ और हिम्मत दिखाई. किसान ने तेंदुए को उसी बाड़े के अंदर बंद कर दिया और बाहर से दरवाजा लॉक कर दिया.
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब जमीन की ओर बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से सितंबर की शुरुआत पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का नया दौर लेकर आ सकता है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मॉनसून के आखिरी महीने में भी कई राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है.
आईएमडी के अनुसार, कम दबाव का यह क्षेत्र फिलहाल गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर तटीय ओडिशा से लगे इलाकों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है. इसके पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है. इसके असर से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. ओडिशा, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड इस वेदर सिस्टम से सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं.
रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी राज्य में कोऑपरेटिव (सहकारी) सेवाओं का दायरा बढ़ाने के लिए 1 सितंबर को एक मेंबरशिप अभियान शुरू करेंगे.
'संबंध' नाम के इस मेंबरशिप अभियान के जरिए कोऑपरेशन डिपार्टमेंट का मकसद हर ग्रामीण परिवार से कम से कम एक व्यक्ति को जोड़ना है, ताकि लोगों को उनके घर तक कोऑपरेटिव सेवाएं मिल सकें और ग्रामीण आजीविका बेहतर हो सके. साथ ही, प्राइमरी एग्रीकल्चरल क्रेडिट सोसाइटीज (PACS) और बड़े आकार की आदिवासी मल्टी-पर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटीज (LAMPS) राज्य में पहली बार अपने सदस्यों को डिविडेंड (लाभ का हिस्सा) बांटेंगी.
चित्रकूट जनपद में मंदाकिनी नदी का जलस्तर घट गया है. मंदाकिनी नदी अब खतरे के निशान से लगभग एक मीटर नीचे बह रही है, लेकिन ऐसे में अब मंदाकिनी का बाढ़ का पानी यमुना नदी में जाकर मिल गया है, जिससे यमुना नदी के उफान पर होने की वजह से पानी के बैक मारने से अब राजापुर तहसील के आधा दर्जन गांवों के संपर्क मार्ग में बाढ़ का पानी पहुंच गया है, जिससे एक दर्जन से ज्यादा गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट गया है.
मध्य प्रदेश के सतना और चित्रकूट में लगातार हो रही भारी बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है. कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. मानिकपुर के पास डोडा डैम ओवरफ्लो होने के कारण टूट गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो गया.
सतना-मानिकपुर रेलखंड पर चितहरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक भी जलमग्न हो गया है. ट्रैक की सुरक्षा के लिए रेल कर्मचारियों ने इंजन के आगे पैदल चलकर पटरियों की जांच की. कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं, जिसमें ट्रैक पर जलभराव के बीच एक तरफ यात्री ट्रेन और दूसरी तरफ मालगाड़ी नजर आ रही है.
देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय रहने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने 31 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि, दिल्ली-NCR में 31 अगस्त को मौसम गर्म और अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है. आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं.