
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. बिहार और उत्तर प्रदेश में भी अगले तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, नेपाल में भोटेकोशी नदी में अचानक आए तेज जलप्रवाह और बाढ़ के बाद यूपी और बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है. गंडक नदी के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है. बता दें कि नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 587 हुई. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
सतना जिले में पिछले 16 घंटों से हो रही लगातार और मूसलाधार बारिश ने एक ओर जहां मौसम सुहाना कर दिया है, वहीं दूसरी ओर आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. चित्रकूट में मां मन्दाकनी अपने रोद्र रूप में है, जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर है जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. सतना प्रयागराज ट्रेन रुट भी प्रभावित है सतना,जेतवारा मानिकपुर स्टेशन में ट्रेने रोक दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से अगले पांच दिनों तक बारिश का यह दौर जारी रहने की संभावना है, जिसके चलते जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है.
बगहा के रामनगर प्रखंड के सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ और तेज पानी के बहाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दोन क्षेत्र को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया है. सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बाद इलाके के लोगों के सामने आवागमन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है.
तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के कामुडी के पास थिम्मानाथपुरम में काम पर जा रहे चार किसानों पर करुवेलंगट्टू इलाके के एक जंगली सूअर ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
खेत में मौजूद किसानों पर जंगली सूअर के हमले से उन्हें चोटें आईं. घायल किसानों की पहचान सेल्वम मुथलागर और मारिश्वरन ससिवर्णम के तौर पर हुई है, साथ ही दो अन्य किसान भी घायल हुए हैं.
चारों घायल किसानों को पहले पेरुनाझी सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए अरुप्पुकोट्टई सरकारी अस्पताल भेज दिया गया.
पीलीभीत के शारदा पार इलाके में बाघ के जानलेवा हमले में 65 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत से हड़कंप मच गया. इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. करीब 18 घंटे तक चले इस भारी प्रदर्शन के दौरान वन विभाग की लापरवाही को लेकर जमकर नाराजगी देखी गई और संपूर्णानगर रेंजर पर एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई गई. मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा मुआवजे और कार्रवाई के ठोस आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
पंजाब के जिला फरीदकोट में भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर की ओर से अपनी मांगों को लेकर शनिवार को पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के आवास का घेराव करने के प्रस्तावित कार्यक्रम रखा गया था. इसी के मद्देनजर फरीदकोट में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए थे. किसानों के फरीदकोट पहुंचने की सूचना के बाद जिले की सीमाओं समेत शहर और संधवां गांव में विशेष नाकाबंदी की गई. गौरतलब है कि किसान यूनियन की ओर से किसानों द्वारा लैंडमार्केट बैंक से लोन लेते समय जमा करवाए गए किसानों के चेक वापस ना करवाने समेत अन्य मांगों को लेकर पहले भी स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के आवास के सामने करीब एक सप्ताह तक धरना दिया गया था. बाद में पुलिस ने धरना समाप्त करवाया था। इसी के मदे नजर आज शनिवार को राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान फरीदकोट पहुंचने लगे.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ठाकुरद्वारा क्षेत्र के बहापुर बलिया गांव में शुक्रवार रात एक और खौफनाक घटना सामने आई. गांव के किनारे बने घर में सो रहे करीब 40 वर्षीय किसान जगराज सिंह को तेंदुआ कथित तौर पर घर से उठाकर ले गया.
सुबह ग्रामीणों ने खेत में उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
शिवपुरी जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं. रन्नौद थाना क्षेत्र में रन्नौद-मायापुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास बनी पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है. इसी दौरान एक बाइक चालक ने उफनती पुलिया को पार करने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव में वह बाइक सहित नदी में बह गया.
अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को डिजिटल खेती, जलवायु परिवर्तन का सामना करने की क्षमता और किसानों की आजीविका को बेहतर बनाने के लिए अलग-अलग संगठनों के साथ छह MoU (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए.
कृषि और किसान सशक्तिकरण विभाग ने उप-मुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव की मौजूदगी में डाक विभाग (ओडिशा सर्कल) के साथ एक MoU, ICRISAT (खेती से जुड़ा रिसर्च करने वाला एक अंतरराष्ट्रीय, गैर-लाभकारी संगठन) के साथ चार समझौते और MS स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन (MSSRF) के साथ एक और समझौता किया.
रक्षाबंधन के दिन जब बहन की रक्षा का संकल्प लिया जा रहा था, वहीं गडचिरोली जिले के अति दुर्गम कोईंदुळ गांव में एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी. नालों पर पुल नहीं होने और बाढ़ के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी. ऐसे में ग्रामीणों ने गर्भवती महिला को खाट पर लिटाकर कांवड़ के सहारे बाढ़ का पानी पार कराया और नदी के दूसरी ओर पहुंचाया.
शिवसेना सांसद ओमप्रकाश राजेनिंबालकर ने महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि मराठवाड़ा इलाके में इस मॉनसून के दौरान कम बारिश की वजह से सूखी फसलों का सर्वे किया जाए और पात्र किसानों को आर्थिक मदद दी जाए.
धाराशिव के सांसद ने 22 अगस्त को डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को एक पत्र भेजा और शुक्रवार शाम को इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया.