Agriculture News Live Updates: मंत्री पंकजा मुंडे ने 'अंतरवाली सराटी' गांव को लिया गोद

क‍िसान तक Oct 18, 2026, Updated Oct 18, 2026, 12:20 PM IST

देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण भारत में 22 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का भी अनुमान है.

Agriculture Live Blog

देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण भारत में 22 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का भी अनुमान है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Oct 18, 2026, 12:19 PM (5 घंटे में)

मंत्री पंकजा मुंडे ने 'अंतरवाली सराटी' गांव को लिया गोद

Posted by :- Sandeep kumar

महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे ने राज्य के जालना जिले में सूखे की स्थिति को देखते हुए 'ग्राम गोद लेने के अभियान' (विलेज अडॉप्शन कैंपेन) के तहत 'अंतरवाली सराटी' गांव को गोद लिया है.

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अंबाद तालुका का 'अंतरवाली सराटी' गांव - जो मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारांगे पाटिल की भूख हड़ताल और विरोध-प्रदर्शनों के केंद्र के रूप में चर्चा में आया था - वहां बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और किसानों की मदद करने पर ध्यान देते हुए विकास कार्य किए जाएंगे.

Oct 18, 2026, 11:33 AM (4 घंटे में)

किसानों की दिवाली काली नहीं होने देंगे, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का भरोसा

Posted by :- Sandeep kumar

किसानों की दिवाली काली नहीं होने देंगे, इसकी जिम्मेदारी हमने ली है, यह भरोसा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जताया. डोंबिवली में शारदीय नवरात्र उत्सव में शामिल होने पहुंचे शिंदे ने दिवाली के राशन को लेकर भी अहम जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दिवाली का राशन दशहरे के दिन रवाना किया जाएगा.

डोंबिवली में सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन और नवदुर्गा युवा मंडल की ओर से शारदीय नवरात्र उत्सव का आयोजन किया गया है. इसी उत्सव में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए. इस दौरान उनके हाथों देवी की आरती की गई. इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद भी वितरित किया गया.

इस मौके पर सूखाग्रस्त किसानों की मदद के लिए शिवसेना के नगरसेवकों और पदाधिकारियों ने भी पहल की, किसानों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को चेक के रूप में सहायता राशि सौंपी गई. एकनाथ शिंदे ने भरोसा जताया कि किसानों की दिवाली अंधेरे में नहीं बीतेगी और उनकी मदद की जिम्मेदारी सरकार ने ली है. वहीं, दिवाली के राशन को दशहरे के दिन रवाना किए जाने की जानकारी के बाद अब इसके वितरण पर लोगों की नजरें रहेंगी.

Oct 18, 2026, 10:38 AM (3 घंटे में)

तेलंगाना के 315 मंडलों में सूखे जैसे हालात: कृषि मंत्री

Posted by :- Sandeep kumar

तेलंगाना के कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने शनिवार को कहा कि बारिश की कमी और 'अल नीनो' के असर के कारण राज्य के 315 मंडलों में सूखे जैसे हालात बन गए हैं.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए राव ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खड़ी फसलों की स्थिति का आकलन करें, उपलब्ध पानी को बचाएं और फसल कटाई तक सिंचाई के लिए पानी और बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करें.

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने सूखे जैसे हालात से निपटने के लिए केंद्र से तत्काल मदद मांगी है.

उन्होंने केंद्र से मक्का, ज्वार, दालें, तिलहन और अन्य प्रमुख फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने का आग्रह किया. साथ ही, उन्होंने केंद्र से 'मूल्य समर्थन योजना' (PSS) के तहत खरीद पर लगी 25 प्रतिशत की सीमा को हटाने का भी अनुरोध किया.

मंत्री ने इस योजना के तहत फंड आवंटन बढ़ाने और कृषि कार्यों को प्राथमिकता देने की भी मांग की, जिसमें खेतों में तालाब खोदना और जल संरक्षण जैसे काम शामिल हैं. 

Oct 18, 2026, 10:17 AM (3 घंटे में)

शिवसेना सूखे से प्रभावित किसानों को हर संभव मदद देगी: शिंदे

Posted by :- Sandeep kumar

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी, शिवसेना, राज्य भर में सूखे से प्रभावित किसानों और उनके परिवारों को हर संभव मदद देगी.

वे ठाणे के पास डोंबिवली में DNC स्कूल ग्राउंड में नवरात्रि उत्सव में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे.

शिंदे ने राहत उपायों की घोषणा की, जिसमें सूखे से प्रभावित किसान परिवारों की महिलाओं को सिलाई मशीनें देना शामिल है, ताकि उन्हें आजीविका का एक स्थायी साधन मिल सके. उन्होंने कहा कि शिवसेना ऐसे परिवारों की बेटियों की शादी के लिए भी आर्थिक मदद देगी.

Oct 18, 2026, 9:34 AM (2 घंटे में)

बिहार के इकलौते टाइगर रिजर्व में लौटा जंगल का रोमांच! सफारी शुरू

Posted by :- Sandeep kumar

बिहार के बगहा में घने जंगल के बीच सफर, चारों तरफ हरियाली और जंगल के राजा बाघ से लेकर तेंदुए तक को देखने की उम्मीद! बिहार के इकलौते टाइगर रिजर्व, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) में एक बार फिर जंगल सफारी का रोमांच लौट आया है. नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ ही अब पर्यटक जंगल की सैर पर निकल सकेंगे और वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अनुभव ले सकेंगे.

बारिश के मौसम में बंद जंगल सफारी का इंतजार खत्म हो गया है. पटना से पहुंचे प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरविंदर सिंह ने फीता काटकर नए पर्यटन सत्र का उद्घाटन किया. इसके बाद हरी झंडी दिखाकर सफारी वाहनों को रवाना किया गया. 

Oct 18, 2026, 9:01 AM (2 घंटे में)

गन्ना किसानों के दाम पर फिर होगी चर्चा, फैक्ट्री मालिकों और केंद्र से बात करेंगे CM शिवकुमार

Posted by :- Sandeep kumar

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि किसानों के बिना कोई भी सरकार नहीं चल सकती. गन्ना किसानों को उचित दाम दिलाने के लिए चीनी मिल मालिकों और केंद्र सरकार को भी सहयोग करना होगा.

उन्होंने कहा कि पिछले साल कई वर्षों के बाद गन्ने के लिए 300 रुपये प्रति टन का अतिरिक्त दाम तय किया गया था. इसके लिए सरकार ने चीनी मिल मालिकों पर दबाव बनाया था, लेकिन वे इसके लिए आसानी से तैयार नहीं हुए. अब कई मिल मालिक फिर से कह रहे हैं कि वे यह भुगतान नहीं कर सकते. वे सरकार पर भी दबाव बना रहे हैं, लेकिन सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी है.

डीके शिवकुमार ने कहा कि वह इस मुद्दे पर एक बार फिर चर्चा करेंगे. इसके लिए केंद्र सरकार, अधिकारियों और चीनी मिल मालिकों से बात की जाएगी. 

Oct 18, 2026, 8:32 AM (एक घंटा में)

अल नीनो की वजह से गुजरात में 29,822 मेगावाट पहुंची बिजली की मांग

Posted by :- Sandeep kumar

गुजरात में हर घर में 24 घंटे बिजली मिलती है और साथ ही किसानों के लिए 10 घंटे बिजली दी जाती है. आम तौर पर अक्तूबर महिने से गरमी में कमी होती है वैसै में बिजली मांग में भी कमी आती है पर इस साल अल नीनो की वजह से स्थिति बदली है. इस साल अल नीनो के कारण गर्मी भी बढी है जिसकी वजह से बिजली मांग में बढोतरी हुई है. 16 अक्तूबर यानी कल तक राज्य में अब तक की सर्वाधिक 29,822 मेगावाट बिजली की मांग दर्ज की गई.