Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें डिटेल

क‍िसान तक Oct 12, 2026, Updated Oct 12, 2026, 7:07 PM IST

देश के कई राज्यों में 12 से 16 अक्टूबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 12 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है.

Agriculture Live Blog

देश के कई राज्यों में 12 से 16 अक्टूबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 12 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Oct 12, 2026, 7:14 PM (एक दिन पहले)

प्याज की ऊंची कीमतों के कारण सितंबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 5.54% हुई

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्याज और खाने-पीने की अन्य चीजों की ऊंची कीमतों के कारण सितंबर में खुदरा महंगाई तेजी से बढ़कर 5.54 प्रतिशत हो गई, जो RBI की तय सीमा के भीतर ही रही. अगस्त में कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) पर आधारित मुख्य महंगाई दर 4.83 प्रतिशत थी. नेशनल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस (NSO) के अनुसार, सितंबर में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 7.74 प्रतिशत हो गई, जो पिछले महीने 5.97 प्रतिशत थी. (पीटीआई)

Oct 12, 2026, 6:53 PM (एक दिन पहले)

कैलाश यात्रा: भारी बर्फबारी के कारण पुराना लिपुलेख दर्रा व्यू-पॉइंट बंद

Posted by :- Prateek

देहरादून: अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड में तीर्थयात्रियों के लिए कैलाश चोटी का नज़ारा दिखाने वाला 'पुराना लिपुलेख दर्रा' व्यू-पॉइंट सोमवार को भारी बर्फबारी के कारण बंद कर दिया गया. यह दर्रा 18,300 फीट की ऊंचाई पर स्थित है. धारचूला में आदि कैलाश यात्रा बेस कैंप के इंचार्ज धन सिंह बिष्ट ने कहा, "आदि कैलाश यात्रा पर जाने वाले कई तीर्थयात्री जो पूरी यात्रा नहीं कर पाते, वे इस व्यू-पॉइंट से कैलाश चोटी के दर्शन करते हैं। लेकिन भारी बर्फ जमा होने के कारण, उस जगह तक का रास्ता मुश्किल और फिसलन भरा हो गया है. सेना ने अगले आदेश तक इसे बंद कर दिया है." (पीटीआई)

Oct 12, 2026, 6:15 PM (एक दिन पहले)

तेलंगाना BJP ने CM और मंत्रियों पर साधा निशाना, कहा- किसानों की समस्‍या छोड़ दिल्‍ली में बैठे हैं

Posted by :- Prateek

हैदराबाद: तेलंगाना में कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए, राज्य BJP अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, मंत्री और सत्ताधारी पार्टी के विधायक राज्य में 'अल नीनो' के कारण पैदा हुए खेती के संकट को नज़रअंदाज़ करके दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं. उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार ने घोषणा की थी कि CM और मंत्री सोमवार को बारिश की कमी के कारण राज्य में सूखे जैसे हालात पर चर्चा करेंगे, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया है. उन्होंने दावा किया कि आदिलाबाद ज़िले में एक किसान ने परेशानी के कारण आत्महत्या कर ली. (पीटीआई)

Oct 12, 2026, 5:52 PM (एक दिन पहले)

SAD (पुनर सुरजीत) ने उठाई मांग, धान फसल से नुकसान पर किसानों को मुआवजा दे पंजाब सरकार

Posted by :- Prateek

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) के नेता ने सोमवार को मांग की कि पंजाब सरकार उन किसानों को तुरंत मुआवज़ा दे जिनकी फसलें बारिश से खराब हो गई हैं. SAD (पुनर सुरजीत) के महासचिव हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा ने कई अनाज मंडियों में पड़े और बारिश में भीग रहे धान के स्टॉक को लेकर भगवंत मान सरकार की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश के पानी ने राज्य सरकार की धान खरीद व्यवस्था की पोल खोल दी है. 11 अक्टूबर को पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है. (पीटीआई)

Oct 12, 2026, 5:13 PM (एक दिन पहले)

राजस्थान के कई जिलों में बरसे बादल, अगले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना

Posted by :- Prateek

जयपुर: मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि एक नए साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) के कारण राजस्थान के कई जिलों में बारिश हुई है और अगले तीन-चार दिनों में राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में और बारिश होने की संभावना है. सोमवार सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान भी आया. विभाग ने बताया कि बीकानेर जिले के लूणकरणसर में सबसे ज़्यादा 27 मिमी बारिश दर्ज की गई. (पीटीआई)

Oct 12, 2026, 4:41 PM (एक दिन पहले)

तेलंगाना BJP अध्यक्ष ने CM पर राज्य में खेती के संकट को नज़रअंदाज़ के लिए निशाना साधा

Posted by :- Sandeep kumar

तेलंगाना में कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए, राज्य BJP अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, मंत्री और सत्ताधारी पार्टी के विधायक राज्य में अल नीनो के कारण पैदा हुए खेती के संकट को नज़रअंदाज़ करके दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं.

उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार ने घोषणा की थी कि मुख्यमंत्री और मंत्री सोमवार को बारिश की कमी के कारण राज्य में सूखे जैसे हालात पर चर्चा करेंगे, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया.

उन्होंने दावा किया कि आदिलाबाद ज़िले में एक किसान ने परेशानी के कारण आत्महत्या कर ली.

उन्होंने पूछा, "जब यहां किसान मर रहे हैं, तो मंत्री और विधायक स्पेशल फ़्लाइट से दिल्ली जा रहे हैं. तेलंगाना के लोगों और किसानों के प्रति कितनी लापरवाही है. यहां के किसानों का क्या होगा। क्या आपको राहुल गांधी की 'तुगलकी' गतिविधि में शामिल होने के लिए वहां जाने की ज़रूरत है?"

 

Oct 12, 2026, 3:11 PM (एक दिन पहले)

श्री गंगानगर में हजारों की संख्या में 13 MD टोल पर डटे किसान, नेशनल हाइवे 911 किया बंद

Posted by :- Sandeep kumar

श्री गंगानगर के घड़साना से खबर

किसान आदोलन से जुड़ी खबर

हजारों की संख्या मे 13 MD टोल पर डटे किसान टोल और नेशनल हाइवे 911 किया बंद

किसानों को समर्थन देने RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल पहुँचे घड़साना

हनुमान बेनीवाल ने किसानों को दिया खुला समर्थन

हनुमान बेनीवाल ने कहा किसानों के साथ और प्रशासन के साथ आज करेंगे वार्ता अगर सहमति बनी ठीक नहीं तो गंगानगर कलेक्टर की तरफ हजारों किसानों को साथ लेकर करेंगे कूच

हनुमान बेनीवाल ने रात 13 MD टोल पर गुजारी

किसानों की प्रमुख मांग चार मे से दो समूह में चले इंदिरा गांधी की अनूपगढ़ ब्रांच नहर

अनूपगढ़ ब्रांच की नहर का रेगुलेशन सही न चलने की वजह से किसानों की करोड़ों रुपए की फसले हुई है बर्बाद जिसको लेकर किसान कर रहे हैं आदोलन

Oct 12, 2026, 1:51 PM (एक दिन पहले)

जंतर-मंतर अब नहीं रहा 'प्रोटेस्ट साइट', गृह मंत्रालय ने किया डिनोटिफाई

Posted by :- Sandeep kumar

जंतर-मंतर को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है. अब जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन नहीं हो सकेगा. यह फैसला गृह मंत्रालय ने लिया है. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से ये फैसला लिया है. धरना-प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस ने अब तीन नए स्थान चुने हैं. ये तीन स्थान हैं- 1 रामलीला मैदान, 2- बुराडी मैदान और 3- CBD ग्राउंड. 

Oct 12, 2026, 1:11 PM (एक दिन पहले)

धौलाधार की पहाड़ियों पर सीजन का तीसरा हल्का हिमपात, बारिश से धर्मशाला में बढ़ी ठंड

Posted by :- Sandeep kumar

पर्यटन नगरी धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. शारदीय नवरात्र की शुरुआत से जारी बारिश के बीच धौलाधार की ऊंची पहाड़ियों पर सीजन का तीसरा हल्का हिमपात दर्ज किया गया. धौलाधार की बर्फ से ढकी चोटियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वहीं, बारिश के चलते धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. 

Oct 12, 2026, 12:40 PM (एक दिन पहले)

अधिकारियों की अनदेखी और लापरवाही की वजह से सोनीपत मंडी में भीगा धान

Posted by :- Sandeep kumar

सोनीपत में अन्नदाता की मजबूरी और परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है. करीब 6 महीने तक अपनी फसल को बीमारियों और प्राकृतिक आपदाओं से बचाकर जब किसान अनाज मंडी पहुंचे, तो उन्हें भारी निराशा हाथ लगी. आज किसान अपने पीले सोने यानी धान की खरीद के लिए दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर हैं. 

Oct 12, 2026, 11:56 AM (एक दिन पहले)

अंबाला के अनाज मंडी में भरा बारिश का पानी, धान की बोरियां डूबीं

Posted by :- Sandeep kumar

अंबाला के अनाज मंडी में बारिश का पानी अनाज मंडी में भर गया है और धान की बोरियां डूब गई हैं; किसानों का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें नुकसान हुआ है.
मंडी बोर्ड के असिस्टेंट सेक्रेटरी जसबीर कहते हैं, "हमारी मंडी में कुल 4,14,368 क्विंटल धान आया है. इसमें से लगभग 3,43,972 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है और करीब 74% धान का स्टॉक पहले ही उठाया जा चुका है... आप निश्चिंत रहें, किसानों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी."

Oct 12, 2026, 11:27 AM (2 दिन पहले)

CM फडणवीस ने महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का जायजा लेने आई केंद्रीय टीम के साथ की बैठक

Posted by :- Sandeep kumar

महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का जायजा लेने आए केंद्रीय दल के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बैठक की. इस बैठक में मंत्री गिरीश महाजन, दत्तात्रय भरणे और मकरंद पाटील मौजूद रहे. केंद्रीय सूखा निरीक्षण दल के प्रमुख और केंद्रीय संयुक्त सचिव मुक्तानंद अग्रवाल समेत दल के अन्य सदस्य भी बैठक में शामिल हुए. 
केंद्रीय दल ने अपने निरीक्षण में बताया कि राज्य में कपास और सोयाबीन के उत्पादन में कमी आई है, जबकि तूर की फसल भी प्रभावित हुई है. इसके अलावा, सूखे का असर पानी के स्रोतों पर भी पड़ा है. दल के सदस्यों ने अपने दौरे के दौरान सामने आई स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री को दी. 

Oct 12, 2026, 10:54 AM (2 दिन पहले)

एकनाथ शिंदे ने नवरात्रि मंडलों से सूखे से प्रभावित किसानों की मदद करने की अपील की

Posted by :- Sandeep kumar

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को नवरात्रि मंडलों से राज्य भर में सूखे से प्रभावित किसानों की मदद करने का आग्रह किया.

वे ठाणे के टेम्भी नाका नवरात्रि पंडाल में देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे.

शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित किसान परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें पर्याप्त राहत और सहायता देने का भरोसा दिलाया.

Oct 12, 2026, 10:37 AM (2 दिन पहले)

UP में 1.21 करोड़ लोगों को मिलेगी ज्यादा पेंशन, योगी सरकार का बड़ा फैसला

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तर प्रदेश में बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है. योगी आदित्यनाथ सरकार इन तीनों श्रेणियों के लाभार्थियों की मासिक पेंशन बढ़ाकर 1,000 रुपये से 1,500 रुपये करने की तैयारी में है. प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति मिल गई है. अगर इसे कैबिनेट की मंजूरी मिल जाती है, तो प्रदेश के 1.21 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को इसका फायदा मिल सकता है.

Oct 12, 2026, 9:56 AM (2 दिन पहले)

खन्ना में बेमौसम बारिश से फसलें बर्बाद, अनाज मंडी में कुप्रबंधन की पोल खुली

Posted by :- Sandeep kumar

पंजाब में बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडियों में शामिल खन्ना मंडी में खुले आसमान के नीचे रखी धान की बोरियां और किसानों की फसल बारिश में भीग गई. किसानों का आरोप है कि मंडी में फसल को बारिश से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिससे उनकी मेहनत से तैयार फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है. 
 

Oct 12, 2026, 9:16 AM (2 दिन पहले)

नागौर में फिर बदला मौसम का मिजाज! आधी रात को गरज-चमक के साथ बारिश

Posted by :- Sandeep kumar

जस्थान में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. नागौर सहित प्रदेश के कई इलाकों में देर रात मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. आसमान में काले बादल छाने के साथ बिजली की तेज कड़कड़ाहट और गरज-चमक का दौर देखने को मिला. नागौर जिले के अलग-अलग इलाकों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं ओलावृष्टि की खबरें सामने आ रही हैं.

देर रात अचानक बदले मौसम ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. आसमान में चमकती बिजली और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं. मौसम में आए इस बदलाव से तापमान और वातावरण पर क्या असर पड़ेगा, इस पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं.

Oct 12, 2026, 8:35 AM (2 दिन पहले)

दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश

Posted by :- Sandeep kumar

दिल्ली-NCR में वीकेंड के बाद पहले दिन यानि सोमवार की शुरूआत झमाझम बारिश के साथ हुई हैं. बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. राजधानी दिल्ली से लेकर नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद तक हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे फिजा में हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है.