
देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है. वहीं दूसरी ओर, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में धीरे-धीरे तापमान बढ़ने का अनुमान है. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है, जिससे मौसम में तेजी से गर्मी का असर महसूस होगा.
मध्य प्रदेश में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के तहत बांध पर मुआवजे की मांग को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन छठे दिन में प्रवेश कर गया है.
रायसेन में आज से राष्ट्रीय ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ की शुरुआत.
मेले के माध्यम से खाद्य सुरक्षा, किसानों की आय बढ़ाने और पोषण सुरक्षा पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गेहूं–धान का भंडार, दाल–तिलहन में आत्मनिर्भरता की मुहिम- शिवराज सिंह
छोटी जोत की चुनौती का समाधान: इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल- शिवराज सिंह
रीजनल कॉन्फ्रेंस और ‘लैब टू लैंड’ से खेत तक पहुंचेगी रिसर्च- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह
राष्ट्रीय कृषि मेले में 20 टेक्निकल सत्र, लाइव डेमो भी होंगे- शिवराज सिंह चौहान
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे शुरुआत
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आज बांग्लादेश से आए 331 परिवार को भूमि अधिकार का पत्र वितरण किया जाएगा. यह पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद सौंपेंगे. साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभार्थियों को उनके आवास की चाबियां भी प्रदान की जाएंगी.
मॉनसून से पहले दिल्ली में जलभराव की छुट्टी? PWD मंत्री का बड़ा दावा! 30 लाख टन सिल्ट हटाने का टारगेट, इस बार “बारिश का मजा, बाढ़ का नहीं” – मंत्री का भरोसा
हर साल मॉनसून के दौरान जलभराव से जूझने वाली दिल्ली के लोगों के लिए इस बार राहत भरी खबर है. दिल्ली सरकार के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि इस बार राजधानी में जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी. मंत्री के मुताबिक, “इस बार दिल्लीवासी बारिश का मजा लेंगे, बाढ़ का दर्द नहीं झेलेंगे.” इसके पीछे वजह है नालों की रिकॉर्ड सफाई और मॉनसून से पहले व्यापक तैयारी.
पटना: तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, "भाजपा ने लंबे समय से बिना किसी शर्त के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लगातार समर्थन किया है, एनडीए सरकार लंबे समय से नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही है. तेजस्वी यादव और आरजेडी के कुछ नेताओं को यह पसंद नहीं आ रहा है, उनका दिल टूट रहा है."
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर फसल खरीद के मामले में किसानों को "गुमराह" करने का आरोप लगाते हुए उन पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार ने सभी मंडियों में खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और बिना किसी परेशानी के सुनिश्चित करने के लिए व्यापक और मजबूत व्यवस्थाएं लागू की हैं.
उन्होंने यहां कहा कि हर मंडी में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों को जिलेवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, और मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी लगातार जमीनी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा न हो.
हरियाणा में आज एक बार फिर किसान सड़कों पर उतरने वाले हैं. फसल खरीद में नई शर्तों के कारण समस्याओं को लेकर किसान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे. इसे लेकर शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि हरियाणा में 11 अप्रैल को संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन के अपील को देखते हुए, पुलिस ने पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतज़ाम किए हैं. इस संबंध में, पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की अध्यक्षता में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई.
न्यू नोएडा के लिए जमीन देने वाले किसान होंगे मालामाल, मुआवजा बढ़ाकर 4,300 रुपये प्रति वर्ग मीटर नोएडा ऑथोरिटी ने न्यू नोएडा परियोजना के लिए जमीन देने वाले किसानों को बड़ी राहत दी है. ऑथोरिटी ने भूमि अधिग्रहण की दर बढ़ाकर 4,300 रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दी है, जो अब यमुना ऑथोरिटी द्वारा दी जा रही दर के बराबर हो गई है. इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि किसान स्वेच्छा से जमीन देने के लिए आगे आएंगे.
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम धीरे-धीरे बदलने वाला है. मौसम विभाग के ताज़ा अनुमान के मुताबिक अगले हफ्ते उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. अच्छी बात यह है कि इस दौरान भीषण गर्मी या हीटवेव जैसी स्थिति बनने के आसार नहीं हैं.