हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसानों और सरकार के बीच सूरजमुखी पर MSP की मांग को लेकर घमासान जारी है. प्रशासन से बातचीत फेल हो जाने के बाद किसानों ने जीटी रोड जाम कर दिया है. आज बात नहीं बनी तो किसान दिल्ली कूच कर सकते हैं. ये पूरा मामला क्या है. किसानों की क्या मांगें हैं. किसान क्यों नाराज हैं. दरअसल आयातित कच्चे सूरजमुखी और सोयाबीन तेल की कीमतों में गिरावट की वजह से हरियाणा में किसान राजनीति उबाल पर है. चूंकि खुले घरेलू बाजार में सूरजमुखी के बीज की औसत कीमत 2022 में 6493 प्रति क्विंटल से गिरकर 2023 में 4800 प्रति क्विंटल हो गई है. इसलिए किसानों ने सूरजमुखी की फसल को एमएसपी के तहत लाने की मांग बढ़ा दी है. सूरजमुखी की खेती करने वाले किसानों का कहना है कि खुले बाजार में कीमतें लाभकारी नहीं है. इस साल प्रति क्विंटल औसत कीमत 4800 रुपये है.