
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी में किसान मेला और राष्ट्रीय कृषि मशीनरी प्रदर्शनी में कहा कि बुधनी अब कृषि मशीनीकरण और नई तकनीक का आदर्श मॉडल बनेगा. उन्होंने किसानों से कहा कि मॉडर्न मशीनों और तकनीक के इस्तेमाल से किसानों की आय बढ़ेगी और खेती आसान होगी.
मंत्री ने बताया कि केवल पुराने तरीकों से खेती करना अब पर्याप्त नहीं है. किसानों को इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर, ड्रोन, रोबोट और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसी आधुनिक तकनीक अपनानी होगी. इससे खेती ज्यादा लाभकारी और सस्टेनेबल बनेगी.
बुधनी का CFMTTI संस्थान अब सिर्फ ट्रैक्टर ट्रेनिंग तक सीमित नहीं रहेगा. यह केंद्र अब देशभर के किसानों को आधुनिक मशीनों और तकनीक का प्रशिक्षण देगा और खेतों में लाइव प्रदर्शन दिखाएगा.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी में रोबोटिक्स सेंटर, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग कॉलेज और बीज प्रोसेसिंग सेंटर खोला जाएगा. इससे किसान सीधे अच्छे बीज और नई तकनीक का लाभ उठा सकेंगे.
मंत्री ने घोषणा की कि ‘उदय एक्सपो’ अब हर साल बुधनी में आयोजित होगा. इसमें देशभर के किसान, विशेषज्ञ और कृषि उद्यमी हिस्सा लेंगे. किसान नई तकनीक, स्मार्ट खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह से प्राप्त कर सकेंगे.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे किसान बड़ी मशीनें खरीद नहीं सकते. इसलिए कस्टम हायरिंग सेंटर बनाए जाएंगे, जिससे किसान मशीनें किराए पर लेकर काम कर सकेंगे. सरकार उन पंचायतों को पूरी मदद देगी जो मशीनें उपलब्ध कराएँगी.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेती में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है. इसके लिए ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी योजनाएँ चल रही हैं. उन्होंने वादा किया कि बुधनी और किसानों का सम्मान हमेशा बनाए रखा जाएगा.
ये भी पढ़ें:
Tips for Dairy Farm: पशुपालन में ये तीन काम किए तो घट जाएगी लागत, बढ़ेगा मुनाफा
यूपी में 31 मार्च तक फसलों के नुकसान का सर्वे पूरा करें बीमा कंपनियां, कृषि मंत्री शाही ने दिए निर्देश