
तेलंगाना में रबी सीजन के दौरान धान खरीद को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. राज्य के नागरिक आपूर्ति मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी ने दावा किया कि मौजूदा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अब तक की सबसे ज्यादा धान खरीद हो रही है, जबकि विपक्षी दल इस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. मंत्री ने कहा कि राज्य में इस बार करीब 65 लाख एकड़ क्षेत्र में धान की खेती की गई है और कुल उत्पादन का अनुमान 141 लाख मीट्रिक टन तक है.
राज्य में कुल 90 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें से 52 लाख मीट्रिक टन की खरीद केंद्र सरकार के जरिए की जानी है. अब तक 17.28 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत 2,010 करोड़ रुपये का भुगतान भी जारी किया जा चुका है.
राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए राज्यभर में 8,575 खरीद केंद्र बनाए हैं. इन केंद्रों पर फसल को बारिश से बचाने के लिए 2.63 लाख तिरपाल और 18.50 करोड़ जूट बैग की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही भीषण गर्मी और अनियमित बारिश को देखते हुए किसानों के लिए पेयजल, ओआरएस और छायादार इंतजाम भी किए गए हैं. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि खरीद कार्य सुबह और शाम के समय किया जाए.
वहीं, विपक्ष सरकार के इन दावों पर हमलावर है. के टी रामा राव ने वारंगल में आयोजित ‘रायतु संग्राम सभा’ में कहा कि जब तक किसानों की के उपज का एक-एक दाना खरीदा नहीं जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खरीद केंद्रों पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इसी तरह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बांदी संजय कुमार ने भी सरकार पर धीमी खरीद प्रक्रिया का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि असमय बारिश और ओलावृष्टि से फसल को नुकसान हो रहा है, ऐसे में सरकार को युद्धस्तर पर खरीद पूरी करनी चाहिए.
वहीं, मंत्री रेड्डी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल किसानों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में कृषि क्षेत्र, उत्पादन और खरीद के आंकड़े पहले से बेहतर हुए हैं. (पीटीआई)