
Assembly Election Result Live Updates: मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के लिए आज बड़ा दिन है. लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है और अब उन्हें रिजल्ट का इंतजार है. यह इंतजार आज पूरे होने जा रहा है क्योंकि वोटों की गिनती के साथ ही यह तय हो जाएगा कि किसकी सरकार बनेगी. अभी राजस्थान और छ्त्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है जबकि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का शासन है. ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि इन राज्यों में सरकार बदलेगी या पुरानी रवायत कायम रहेगी. उधर तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति यानी कि BRS की सरकार है जिसके मुखिया हैं के चंद्रशेखर राव. वोटों की गिनती के साथ ही वहां भी सरकार का भविष्य तय होगा. इन सभी राज्यों में रिजल्ट के ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें किसान तक...
पीएम मोदी ने कहा कि मैं तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा और ख़ासतौर से आंध्र प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से भी कहूंगा कि राज्य सरकार भले ही किसी भी दल की हो, आप पूरी शक्ति से राहत और बचाव के काम में जुट जाइए. यही एक समर्पित भाजपा कार्यकर्ता के संस्कार होते हैं. हमारे लिए दल से बड़ा देश है, देशवासी हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी जिस प्रकार अपनी नीति-रणनीति को अमल में लाए, ये विजय उसका भी परिणाम है. चुनाव के दौरान उनके परिवार में दुखद घटना घटी, लेकिन उसके बावजूद नड्डा जी भाजपा कार्यकर्ता के रूप में दिन-रात डटे रहे. उन्होंने कहा कि आज देश के युवा में ये भरोसा लगातार बढ़ रहा है कि भाजपा ही उनकी आकाक्षाएं समझती है, उनके लिए काम करती है. देश का युवा ये जानता है कि भाजपा की सरकार युवा हितैषी होती हैं, युवाओं के लिए नए अवसर बनाने वाली होती है.
पीएम मोदी ने कहा कि मैं तेलंगाना की जनता और तेलंगाना के भाजपा कार्यकर्ताओं का विशेष आभार व्यक्त करता हूं. हर चुनाव में तेलंगाना में भाजपा का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है. मैं तेलंगाना के लोगों को ये विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा आपकी सेवा में कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी.
पीएम मोदी ने कहा कि जैसे-तैसे जीतने के लिए हवा-हवाई बातें करना और लोभ-लालच की घोषणाएं करना मतदाता पसंद नहीं करता. भारत का वोटर ये जानता है कि जब भारत आगे बढ़ता है, तो राज्य आगे बढ़ता है, हर परिवार का जीवन बेहतर होता है. इसलिए वो बीजेपी को चुन रहा है, लगातार चुन रहा है.
पीएम मोदी ने कहा कि आज के ये नतीजे ऐसी पार्टियों के लिए सबक हैं कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं और उनके लिए भेजे जा रहे फंड के बीच में मत आओ.वरना जनता आपको हटा देगी. ये चुनाव नतीजे, कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के लिए भी बहुत बड़ा सबक हैं. पीएम ने कहा कि सबक ये है कि सिर्फ कुछ परिवारवादियों के मंच पर एक साथ आ जाने से देश का भरोसा नहीं जीता जा सकता. देश की जनता का दिल जीतने के लिए राष्ट्रसेवा का जो जज्बा होना चाहिए, वो घमंडिया गठबंधन में नहीं है.
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र के हित में, मेरी कांग्रेस और उसके साथियों को एक और सलाह है. कृपया करके ऐसी राजनीति ना करें जो देश विरोधी हो, जो देश को बांटने का, देश को कमजोर करने का काम करे.
पीएम मोदी ने कहा कि आज हर एक फर्स्ट टाइम वोटर गर्व से कह रहा है कि वो खुद जीता है. इस जीत में हर महिला अपनी जीत देख रही है. इस जीत में बेहतर भविष्य का सपना देखने वाला हर युवा अपनी जीत देख रहा है.हर वो नागरिक इसे अपनी सफलता समझ रहा है, जो 2047 में भारत को एक विकसित राष्ट्र देखना चाहता है.पीएम मोदी ने कहा कि आज हर गरीब कह रहा है- वो खुद जीता है. आज हर वंचित के मन में भावना है- वो खुद जीता है.आज हर किसान यही सोच रहा है- वो खुद जीता है. आज हर आदिवासी भाई-बहन ये सोचकर खुश है कि वो खुद जीता है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस चुनाव में देश को जातियों के आधार पर बांटने की कोशिश की गई. जबकि, मेरे लिए सिर्फ चार जातियां महत्वपूर्ण हैं. वो हैं नारी शक्ति, युवा शक्ति, किसान और गरीब परिवार.पीएम मोदी ने कहा कि आज आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जीत गया है, वंचितों को तरजीह देने का विचार जीत गया है, देश के विकास के लिए राज्यों के विकास का विचार जीत गया है.
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ रमन सिह 45084 मतों से विजयी हुए हैं. उन्ंहोने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गिरीश देवांगन को हराया. काग्रेस के गिरीश देवांगन को 57415 मत मिले जबकि रमन सिंह को 102499 मत मिले.
निर्वाचन आयोग ने अपनी ड्यूटी को निरपेक्षता भंग करने के आरोप में तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक अंजनी कुमार और उनके साथ कई आला पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया है. आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को शीघ्र कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा है. इन अधिकारियों ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान ही तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के आवास पर जाकर मुलाकात की और उनका अभिनंदन कर गुलदस्ता भी दिया. आयोग के आला अधिकारियों के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया के दौरान ही प्रशासनिक अधिकारियों का ये रवैया उचित नहीं है.
मध्य प्रदेश की सबसे हॉट सीट दिमनी विधानसभा से बीजेपी की हुई जीत. प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की हुई जीत. 24 हज़ार 461 मतो से हुई जीत. बीएसपी प्रत्याशी बलबीर दंडोतिया को हराया.
कांग्रेस प्रत्याशी रवींद्र सिंह तोमर रहे तीसरे नंबर पर.
राजस्थान के अलवर जिले में कौन जीता और कौन हारा-
तिजारा से भाजपा के बाबा बालकनाथ 6,173 वोट से जीते
किशनगढ़बाद से कांग्रेस के दीपचंद खेरिया 10,496 वोट से जीते
बहरोड़ से भाजपा के डॉ जसवंत यादव 17,223 वोट से जीते
मुंडावर से कांग्रेस के ललित यादव 34,526 वोट से जीते
बानसूर से भाजपा के देवीसिंह शेखावत 7,420 वोट से जीते
थानागाजी से कांति मीणा 409 वोट से जीते
अलवर ग्रामीण से कांग्रेस के टीकाराम जूली 27,333 वोट से जीते
अलवर शहर से भाजपा के संजय शर्मा 9,087 वोट से जीते
रामगढ़ से कांग्रेस के जुबेर खान 15,619 वोट से जीते
राजगढ़ लक्ष्मणगढ़ से मांगीलाल मीणा 21,607 वोट से जीते
कठूमर से भाजपा के रमेश खींची 409 वोट से जीते
हार के बाद कमलनाथ ने कहा, चुनाव परिणाम में मध्य प्रदेश की जनता का फैसला मुझे स्वीकार है. हमें विपक्ष में बैठने की जिम्मेदारी दी गई है और हम अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे. मध्य प्रदेश के सामने अभी सबसे बड़ा सवाल यही है कि मध्य प्रदेश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो, हमारे किसानों को खुशहाली मिले. मैं भारतीय जनता पार्टी को बधाई देता हूं. मुझे आशा है कि जनता ने उनके ऊपर जो विश्वास दिखाया है, वे उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे. आप सबको याद होगा कि मैंने कभी सीटों की घोषणा नहीं की. मैंने हमेशा यही कहा कि मुझे मध्य प्रदेश के मतदाता पर विश्वास है और आज भी मैं यही कहूंगा कि मुझे मध्य प्रदेश के मतदाता पर विश्वास है. मैं सभी हारे हुए प्रत्याशी और जीते हुए विधायकों के साथ इस बात की समीक्षा करूंगा कि आखिर वह क्या वजह रही जो हम अपनी बात मध्य प्रदेश के मतदाता को समझा नहीं सके.
राजस्थान में ओसियां सीट से हारने के बाद कांग्रेस नेता दिव्या मदेरणा ने कहा, मैं ओसियां की जनता के फैसले का सम्मान करती हूं. लोकतंत्र में जनता से बड़ा कोई नहीं है. आप सभी के सहयोग व मत के लिए धन्यवाद.
मैं इस चुनाव में अपने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आमजनों की आभारी हूं जिन्होंने मुझ पर अपना विश्वास बनाया रखा और ओसियां को आगे बढ़ाने की लड़ाई में कंधे से कंधा मिला कर खड़े रहें.
लोकतंत्र में जनता जनार्दन का जनादेश सबसे ऊपर है जिसे मैं ससम्मान स्वीकार करती हूं और यह वादा भी करती हूं कि आपकी आवाज बनने के लिए हमेशा आपके साथ खड़ी रहूंगी.
ओसियां विधानसभा की सेवा हेतु मैं आजीवन समर्पित हूं और उनके हितों की लड़ाई के लिए मेरा संघर्ष जारी रहेगा.
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 6.30 बजे राजभवन जाएंगे और इस्तीफा सौंपेंगे. राजस्थान में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है. अभी यहां कांग्रेस की ही सरकार थी. राजस्थान में बीजेपी 116 सीटों पर तो कांग्रेस 68 सीटों पर चल रही है.
कांग्रेस की हार पर राहुल गांधी ने कहा- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का जनादेश हम विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं - विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी.
तेलंगाना के लोगों को मेरा बहुत धन्यवाद - प्रजालु तेलंगाना बनाने का वादा हम ज़रूर पूरा करेंगे.
सभी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और समर्थन के लिए दिल से शुक्रिया.
भारतीय जनता पार्टी के महंत बालक नाथ ने तिजारा सीट पर 6173 वोटों के अंतर से जीत हासिल की. कांग्रेस उम्मीदवार इमरान खान को हराया.
बीजेपी की जीत पर अमित शाह ने कहा, जनता के दिल में सिर्फ और सिर्फ मोदी जी हैं...आज के चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि तुष्टीकरण और जाति में बांटने की राजनीति के दिन समाप्त हो चुके हैं...नया भारत पॉलिटिक्स ऑफ परफॉरमेंस पर वोट देता है. इस अपार समर्थन के लिए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान की जनता को नमन करता हूं. भाजपा की इस भव्य विजय पर प्रधानमंत्री श्री
@narendramodi जी को बहुत-बहुत बधाई.
पीएम मोदी ने बीजेपी की जीत पर कहा, जनता-जनार्दन को नमन!
मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणाम बता रहे हैं कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति में है, उनका भरोसा
@BJP4India में है.
भाजपा पर अपना स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बरसाने के लिए मैं इन सभी राज्यों के परिवारजनों का, विशेषकर माताओं-बहनों-बेटियों का, हमारे युवा वोटर्स का हृदय से धन्यवाद करता हूं.
मैं उन्हें भरोसा देता हूं कि आपके कल्याण के लिए हम निरंतर अथक परिश्रम करते रहेंगे.
इस अवसर पर पार्टी के सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार! आप सभी ने अद्भभुत मिसाल पेश की है. भाजपा की विकास और गरीब कल्याण की नीतियों को आपने जिस तरह लोगों के बीच पहुंचाया, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वो कम है.
हम विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं. हमें ना रुकना है, ना थकना है. हमें भारत को विजयी बनाना है. आज इस दिशा में हमने मिलकर एक सशक्त कदम उठाया है.
कांग्रेस नेता उदित राज ने ईवीएम पर फोड़ा हार का ठीकरा. उदित राज ने कहा कि ईवीएम में जरूर कुछ हुआ है, वर्ना ऐसे नतीजे की उम्मीद नहीं थी. बता दें कि कांग्रेस को राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बीजेपी को भारी जीत मिलती दिख रही है.