Agriculture News: हिमाचल में बारिश का कहर, कुल 249 सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए बंद

क‍िसान तक Jul 12, 2025, Updated Jul 12, 2025, 6:57 PM IST

भारत में एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. देश के कई राज्यों में जहां मॉनसून एक्टिव हो गया है. इसके चलते उत्‍तराखंड और हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्‍यों में जमकर बारिश हो रही है. मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-NCR में बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, लद्दाख, राजस्‍थान, गुजरात, महाराष्‍ट्र, दक्षिण भारत और नॉर्थ ईस्‍ट में इस बार अच्‍छी बारिश होगी. मॉनसून के एक्टिव होने से खेती से जुड़ी गतिवि‍धियां भी बढ़ गई हैं. मौसम के अलावा आप यहां किसानों को मिलने वाली सरकारी स्कीम के फायदे और अन्य किसानों से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं.

Agriculture Live Blog

भारत में एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. देश के कई राज्यों में जहां मॉनसून एक्टिव हो गया है. इसके चलते उत्‍तराखंड और हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्‍यों में जमकर बारिश हो रही है. मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-NCR में बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, लद्दाख, राजस्‍थान, गुजरात, महाराष्‍ट्र, दक्षिण भारत और नॉर्थ ईस्‍ट में इस बार अच्‍छी बारिश होगी. मॉनसून के एक्टिव होने से खेती से जुड़ी गतिवि‍धियां भी बढ़ गई हैं. मौसम के अलावा आप यहां किसानों को मिलने वाली सरकारी स्कीम के फायदे और अन्य किसानों से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं.

Jul 12, 2025, 6:51 PM (9 महीने पहले)

हिमाचल में बारिश का कहर, कुल 249 सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए बंद

Posted by :- Prateek

हिमाचल प्रदेश में बारिश के कहर के कारण कुल 249 सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए बंद हैं, जिनमें से 207 भूस्खलन प्रभावित मंडी ज़िले में हैं, अधिकारियों ने शनिवार को बताया. भारी बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 3 (अटारी-लेह) का मंडी से धरमपुर वाया कोटली खंड भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है. शुक्रवार देर रात मंडी में पंडोह बांध के पास कैंची मोड़ पर भूस्खलन के बाद चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग का मंडी-कुल्लू खंड लगभग 10 घंटे तक बंद रहा. वहां से वाहनों को वैकल्पिक कटोला-कामंद मार्ग पर भेजा गया. पहाड़ी से सड़क पर मलबा और पत्थर गिरने के बाद यातायात रुकने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस खंड को साफ करने के 10 घंटे बाद एकतरफा यातायात खोला गया. (पीटीआई)

Jul 12, 2025, 5:46 PM (9 महीने पहले)

13 से 15 जुलाई तक झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट: आईएमडी

Posted by :- Prateek

रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 13 से 15 जुलाई तक झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है. एक अध‍िकारी ने कहा कि 15 जुलाई तक पूरे राज्य में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है. 13 जुलाई को लातेहार, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के कुछ हिस्सों और 14 जुलाई को पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. (पीटीआई)

Jul 12, 2025, 5:24 PM (9 महीने पहले)

गंजबासौदा में घटिया सोयाबीन बीज की शिकायत पर भड़के शिवराज, अफसरों से मांगी रिपोर्ट

Posted by :- Prateek

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में दिशा समिति की बैठक में की सहभागिता

बीज वितरण व्यवस्था को लेकर मंत्री ने जताई गहरी नाराज़गी

गंजबासौदा में घटिया सोयाबीन बीज की शिकायत पर जताई गंभीर चिंता

भंडारण प्रणाली और किसानों द्वारा बीज खरीद की प्रक्रिया पर मांगी पूरी रिपोर्ट

शिवराज सिंह अधिकारियों के जवाबों से नहीं दिखे संतुष्ट , सवालों पर टालमटोल से नाराज़

मौजूदा सीजन के डेटा पर भी नहीं दे पाए स्पष्ट जवाब, केन्द्रीय मंत्री ने जताई नाराजगी

बीज निगम के अफसरों से सवाल– किसानों के लिए आपने क्या पहल की? टारगेट कौन निर्धारित करता है?

शिवराज का सवाल– कितने किसान हैं, कितने क्षेत्र में सोयाबीन की बोवाई होगी, क्या इसका अनुमान लगाया गया है

जब अधिकारी सही जानकारी नहीं दे पाएंगे, तो किसानों की मदद कैसे होगी– शिवराज

रबी सीजन को लेकर भी दिए दिशा-निर्देश – यह सुनिश्चित हो कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो

Jul 12, 2025, 4:33 PM (9 महीने पहले)

यूपी से लेकर गुजरात तक, इन जगहों पर अगले 2-3 घंटों में बदलेगा मौसम 

Posted by :- Bajpai

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, अलीगढ़, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, मध्य प्रदेश के शिवपुरी, रायसेन, टीकमगढ़, छतरपुर और ओडिशा के मयूरभंज, खोर्धा, पुरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन जगहों पर गरज के साथ बारिश और बादलों के जमीन पर छाने के साथ बिजली गिरने, 40 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की आशंका है. इन जगहों पर 15 मिमी प्रति घंटा से ज्‍यादा बारिश होने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर, पंजाब के संगरूर, पटियाला, हरियाणा के कुरूक्षेत्र, कैथल, जिंद, राजस्थान के श्री गंगानगर, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, उत्तर प्रदेश के बिजनोर, मेरठ, अमरोहा, हापुड, गौतमबुद्ध नगर, संभल, रामपुर, मुरादाबाद, बदायूँ, शाहजहाँपुर, हरदोई, उन्नाव, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, कसौम्भी, बांदा, मध्य प्रदेश के अशोक नगर, दतिया, विदिशा, भोपाल, राजगढ़, बिहार के औरंगाबाद, गया, ओडिशा के बालेश्वर, बारागढ़, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट, गुजरात के कच्छ, बनासकांठा, पाटन, महेसाणा, साबर कांथा, आवली, महिसागर, गांधीनगर, सुरेंद्रनगर, अहमदाबाद, मोरबी, खेड़ा, दाहोद, पंचमहल, आनंद, भरूच, वडोदरा, छोटा उदयपुर, नर्मदा, सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ और राजकोट के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन सभी जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ही गरज और बादल के साथ बिजली गिरने और मध्यम वर्षा की संभावना है. प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है. 

Jul 12, 2025, 3:39 PM (9 महीने पहले)

यूपी के कृषि मंत्री ने अयोध्‍या में लिया धान की रोपाई का जायजा 

Posted by :- Bajpai

उत्‍तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित धान की किस्म एनडीआर 20/65 की लाइन सोइंग का गहनता से निरीक्षण किया. धान की यह प्रजाति 90 से 110 दिनों के अंदर तैयार हो जाती है. कृषि मंत्री ने किसानों को नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए स्वयं खेत में उतरकर लाइन में धान की रोपाई भी की. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नई किस्मों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उप कुलपति श्री वीरेंद्र सिंह सहित कई कृषि वैज्ञानिक एवं विश्वविद्यालय कर्मी उपस्थित रहे. कृषि मंत्री ने वैज्ञानिकों से बातचीत कर धान की नई किस्मों और कृषि अनुसंधान में हो रही प्रगति की जानकारी ली. 

Jul 12, 2025, 3:37 PM (9 महीने पहले)

हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्‍तराखंड में भारी बारिश का अनुमान  

Posted by :- Bajpai

उत्तर भारत के लिए मौसम का पूर्वानुमान देते हुए आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश में आज बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कल से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 6-7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है.'  
 

Jul 12, 2025, 2:03 PM (9 महीने पहले)

भोपाल में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया 16वें रोजगार मेले का उद्घाटन

Posted by :- Bajpai

16वें रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी का विजन भारत के लिए वरदान है. उनके नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण का एक भव्य प्रयास चल रहा है. सभी क्षेत्रों में व्यापक कार्य हो रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी का वर्तमान कार्यकाल स्वर्णिम काल है. 25 करोड़ से ज्‍यादा लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं. उन्होंने गरीबी को जड़ से मिटा दिया है.' 

 

Jul 12, 2025, 1:16 PM (9 महीने पहले)

कृषि नलकूपों को सोलर एनर्जी से जोड़ा जाए: हरियाणा के मुख्यमंत्री

Posted by :- Bajpai

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को अधिकारियों को राज्य के कृषि क्षेत्र के सभी नलकूपों को चरणबद्ध तरीके से सौर ऊर्जा से जोड़ने के निर्देश दिए. सैनी ने ये निर्देश यहां प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) के तहत आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में ऊर्जा मंत्री अनिल विज भी मौजूद थे.मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (एचपीजीसीएल) को हर  जिले में कम से कम दो कृषि फीडरों के सौरीकरण के लिए पांच एकड़ के भूखंडों की पहचान करनी चाहिए, जहां सोलर पैनल लगाए जा सकें और कृषि नलकूपों को बिजली की आपूर्ति की जा सके. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सैनी ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि पंचकूला जिले के रायवाली गांव में स्थित 220-केवी सब-स्टेशन के पास, गन्नी खेड़ा ग्राम पंचायत में लगभग 300 एकड़ भूमि पर एक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाना चाहिए. 

Jul 12, 2025, 11:30 AM (9 महीने पहले)

13 से 15 जुलाई तक झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी

Posted by :- Bajpai

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया है कि 13 से 15 जुलाई तक झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. उन्होंने कहा कि 15 जुलाई तक पूरे राज्य में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है. 13 जुलाई को गुमला, खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के कुछ हिस्सों और 14 जुलाई को गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. 

Jul 12, 2025, 10:39 AM (9 महीने पहले)

कर्नाटक के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की सब्सिडी रोक सकती है सरकार

Posted by :- Sandeep kumar

केंद्र सरकार कर्नाटक के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की सब्सिडी रोक सकती है, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा - "हमने उनकी सब्सिडी राशि नहीं रोकी है. लेकिन अगर वे ऐसा करना जारी रखते हैं, तो हम सब्सिडी रोक सकते हैं."

Jul 12, 2025, 10:19 AM (9 महीने पहले)

चित्रकूट में अचानक आई बाढ़, लोगों की मुसीबतें बढ़ीं

Posted by :- Bajpai

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में लगातार कई दिनों से हो रही बारिश की वजह से मनाती नदी में बाढ़ आ गई है. चित्रकूट का प्रसिद्ध मंदाकिनी आरती स्थल बाढ़ में डूब गया है.सड़कों पर भी जहां कभी गाड़ियां दौड़ा करती थी वहां नाव चल रही है. लोग अपना सामान सुरक्षित पहुंचाने के लिए बेहद परेशान है. चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह का कहना है कि फिलहाल बाढ़ से किसी प्रकार के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है. सिंचाई विभाग के साथ पुलिस और एनडीआरएफ, सीआरएफ की टीम में लगी हुई है.

Jul 12, 2025, 9:31 AM (9 महीने पहले)

जम्मू बेस कैंप से अमरनाथ मंदिर के लिए 6,639 तीर्थयात्रियों का नया जत्था रवाना

Posted by :- Bajpai

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन के लिए 6,639 तीर्थयात्रियों का 11वां जत्था शनिवार को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ. उन्होंने बताया कि 1,462 महिलाओं, 41 बच्चों और 181 साधुओं व साध्वियों सहित तीर्थयात्री तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो अलग-अलग काफिलों में अनंतनाग के नुनवान-पहलगाम और गंदेरबल के बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना हुए. अधिकारियों ने बताया कि 4,302 तीर्थयात्री 159 वाहनों के काफिले में पहलगाम आधार शिविर जा रहे हैं, जबकि 116 वाहनों में सवार 2,337 तीर्थयात्रियों ने बालटाल मार्ग को प्राथमिकता दी है. 

Jul 12, 2025, 8:50 AM (9 महीने पहले)

उत्तराखंड में हरेला पर रोपे जाएँगे रिकॉर्ड पांच लाख पौधे-सीएम धामी

Posted by :- Bajpai

उत्तराखंड 16 जुलाई को 'हरेला' पर पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर एक रिकॉर्ड बनाने की तरफ बढ़ रहा है. हरेला हरियाली का त्योहार है और सावन महीने की शुरुआत के पहले दिन मनाया जाता है. यह त्योहार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लोकप्रिय है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फेसबुक पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा, 'हरेला पर पांच लाख पौधे लगाकर एक नया रिकॉर्ड बनाया जाएगा.' उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हरेला केवल एक त्योहार नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की एक पवित्र परंपरा है. धामी ने कहा, 'यह त्योहार हमारी लोक संस्कृति, आस्था और पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों का प्रतीक है.' अधिकारियों ने बताया कि गढ़वाल मंडल में तीन लाख और कुमाऊं मंडल में दो लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिसकी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं. अधिकारियों ने बताया कि इस वृक्षारोपण अभियान की सफलता के लिए ग्रामीणों, स्कूली छात्रों और विभिन्न विभागों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी. 

Jul 12, 2025, 8:20 AM (9 महीने पहले)

राजस्थान के गांव में आदिवासियों को आजादी के 78 साल बाद मिली बिजली

Posted by :- Bajpai

राजस्थान के बारां जिले के एक सुदूर पहाड़ी क्षेत्र को आजादी के 78 साल बाद पहली बार बिजली कनेक्शन मिला. अधिकारियों ने बताया कि संवारा गांव से तीन किलोमीटर दूर और जिला मुख्यालय से 175 किलोमीटर दूर 40 घरों में रहने वाले सहरिया जनजाति के लगभग 200 लोगों का बिजली के लिए लंबा इंतजार आखिरकार 30 जून को खत्म हो गया. जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि अब बारां जिले में 100 प्रतिशत बिजली कनेक्शन उपलब्ध हो गया है. उन्होंने कहा कि पिछले महीने रात्रि चौपाल के दौरान लोगों से शिकायत मिलने के 20-25 दिनों के भीतर यह काम पूरा कर लिया गया. कलेक्टर ने कहा कि यह 'सार्वजनिक मुद्दों के त्वरित समाधान का एक उल्लेखनीय उदाहरण' है. पूर्व सरपंच बद्री सहरिया और अन्य स्थानीय लोगों ने रात्रि चौपाल में यह मामला उठाया.सहरिया एक विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीजीटी) है. 23 मई को रात्रि चौपाल के दौरान बद्री सहरिया ने जिला कलेक्टर को बताया कि सहरिया समुदाय के 40 परिवारों के पास बिजली नहीं है और वे वर्षों से अंधेरे में रह रहे हैं. 

Jul 12, 2025, 8:00 AM (9 महीने पहले)

जम्‍मू कश्‍मीर के बारामूला में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि

Posted by :- Bajpai

जम्मू-कश्मीर के बारामूला के कई इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई है. आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा है कि 11 से 13 जुलाई तक घाटी में कुछ जगहों पर उमस और गर्मी का मौसम रहने की आशका है. लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बारिश से लेकर गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. 

Jul 12, 2025, 7:25 AM (9 महीने पहले)

यूपी में अगले तीन घंटों में बदलेगा मौसम, कई जिलों में तेज बारिश की संभावना  

Posted by :- Bajpai

मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 3 घंटों में औरैया, बाराबंकी, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव में कई जगहों पर गरज/बिजली के साथ तेज़ से बहुत तेज़ बारिश होने की संभावना है.