राष्ट्रीय आम महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, आमों की मिठास और खुशबू से महका रायपुर

राष्ट्रीय आम महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, आमों की मिठास और खुशबू से महका रायपुर

रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी. महोत्सव में दुर्लभ और लोकप्रिय आमों की प्रदर्शनी, आम आधारित व्यंजनों का प्रदर्शन, किसानों के लिए तकनीकी सत्र और मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहे.

Advertisement
राष्ट्रीय आम महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, आमों की मिठास और खुशबू से महका रायपुर

राजधानी रायपुर इन दिनों आमों की मिठास, सुगंध और रंगों से सराबोर है. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव के दूसरे दिन आम प्रेमियों, किसानों, उद्यमियों और कृषि विशेषज्ञों की भारी भीड़ उमड़ी. महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए आम उत्पादकों ने अपनी श्रेष्ठ और दुर्लभ किस्मों का प्रदर्शन किया, वहीं आगंतुकों को आम उत्पादन से जुड़ी नई तकनीकों और स्वादिष्ट व्यंजनों की दुनिया से भी रूबरू होने का अवसर मिला.

महोत्सव परिसर में प्रवेश करते ही आमों की मनमोहक खुशबू और रंग-बिरंगी किस्मों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया.प्रदर्शनी में अल्फांसो, केसर, दशहरी, फजली, अरुणिमा सहित कई उन्नत एवं दुर्लभ किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए.आगंतुकों ने इन किस्मों के स्वाद, आकार, रंग, गुणवत्ता और उत्पादन संबंधी विशेषताओं की जानकारी विशेषज्ञों से प्राप्त की

आम के स्वाद ने जीता दिल

राष्ट्रीय आम महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय द्वारा आयोजित विशेष कुकिंग सत्र रहा. उन्होंने आम से तैयार किए जाने वाले विभिन्न स्वादिष्ट और नवाचारी व्यंजनों की रेसिपी साझा की.आम आधारित मिठाइयों, पेय पदार्थों और फ्यूजन डिशेज़ का प्रदर्शन देखकर उपस्थित दर्शक काफी उत्साहित नजर आए.

शेफ आकांक्षा रॉय द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखा गया. उनके द्वारा बताए गए आसान और पौष्टिक व्यंजनों ने गृहिणियों, युवाओं और खाद्य प्रेमियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया.

आम खरीदने के लिए स्टॉलों पर लगी भीड़

महोत्सव में लगाए गए विक्रय स्टॉलों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली.विभिन्न राज्यों से आए किसानों और उद्यमियों ने अपनी विशेष किस्मों के आम बिक्री के लिए उपलब्ध कराए. आगंतुकों ने अपनी पसंद और स्वाद के अनुसार विभिन्न किस्मों की खरीदारी की.

इस दौरान अल्फांसो, केसर, दशहरी, फजली और अरुणिमा किस्मों के आमों की सबसे अधिक मांग रही.कई लोगों ने सीधे उत्पादकों से बातचीत कर आम उत्पादन और विपणन से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त की.

विशेषज्ञों ने किसानों को बताए आम उत्पादन के गुर

महोत्सव के दूसरे दिन तकनीकी सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया. कृषि एवं उद्यानिकी विशेषज्ञों ने आम की वैज्ञानिक खेती, पौधरोपण की उन्नत विधियों, बेहतर किस्मों के चयन, पोषण प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा आधुनिक बागवानी तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी.

विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन लागत कम की जा सकती है और बेहतर गुणवत्ता वाले फलों का उत्पादन कर अधिक लाभ अर्जित किया जा सकता है. सत्र के दौरान किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और खेती से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया.

कृषकों को बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने, गुणवत्तापूर्ण फल तैयार करने और बेहतर मूल्य प्राप्त करने के उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया.किसानों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए नई तकनीकों को अपनाने की इच्छा जताई.

मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता में प्रतिभाओं ने दिखाई रचनात्मकता

आम महोत्सव के अंतर्गत इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के उद्यानिकी विभाग एवं प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया.प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आम से तैयार किए गए अनेक आकर्षक और स्वादिष्ट व्यंजन प्रस्तुत किए.

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शामिल प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय ने प्रतिभागियों के व्यंजनों का मूल्यांकन किया और आम आधारित व्यंजनों की उपयोगिता तथा प्रस्तुति के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए.

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जय हरितिमा लेडीज़ क्लब रायपुर की अध्यक्ष श्रीमती ममता चंदेल ने विजेताओं को सम्मानित किया. प्रतियोगिता में शंपा यादव ने प्रथम, अंशिका नायक ने द्वितीय तथा सान्वी नायडू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.

ज्ञान, व्यापार और स्वाद का अनूठा संगम 

राष्ट्रीय आम महोत्सव केवल आमों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह किसानों, उद्यमियों, शोधकर्ताओं और आम प्रेमियों के लिए ज्ञान, नवाचार, व्यापार और स्वाद का एक सशक्त मंच बनकर उभरा.महोत्सव में आम की विविधता, आधुनिक कृषि तकनीकों और मूल्य संवर्धन के नए अवसरों को करीब से जानने का मौका मिलने से लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया.

 

POST A COMMENT