Advertisement
Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Sasaram | May 24, 2026, 8:15 PM IST

IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में इस सप्ताह हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है. तेज गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पूरे सप्ताह अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 25 मई तक पूर्वोत्तर भारत और उससे सटे पूर्वी भारत के कई इलाकों में भी तेज बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है.

Agriculture Live BlogAgriculture Live Blog

IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में इस सप्ताह हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है. तेज गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पूरे सप्ताह अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 25 मई तक भारत और उससे सटे पूर्वी भारत के कई इलाकों में भी तेज बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

7:35 PM(एक घंटा में)

गुरुग्राम मंडी में पार्किंग विवाद को लेकर फल व्यापारी की चाकू मारकर हत्या

Posted by :- Prateek

गुरुग्राम: पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह यहां खांडसा मंडी में एक फल व्यापारी की कथित तौर पर दूसरे व्यापारी ने चाकू मारकर हत्या कर दी. यह विवाद गाड़ी हटाने को लेकर हुआ था. एक अधिकारी ने बताया कि मंडी में लगे CCTV कैमरों में यह पूरी घटना कैद हो गई. फुटेज में आरोपी को सरेआम पीड़ित पर कई बार चाकू से वार करते और फिर मौके से फरार होते देखा जा सकता है. पुलिस के अनुसार, फल व्यापारी भारत भूषण (55) सुबह फलों से भरा एक ट्रक लेकर खांडसा मंडी पहुंचा था और उसने अपनी दुकान के सामने गाड़ी पार्क कर दी थी. (पीटीआई)

7:12 PM(एक घंटा में)

पटना में 25 मई को वेजफेड का राज्य स्तरीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन

Posted by :- Prateek

हर थाली में बिहारी तरकारी अभियान को गति देने के लिए सोमवार, 25 मई को डी.एन.एस., क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान, पटना में राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इस सम्मेलन में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न संस्थागत खरीदार, सब्जी उत्पादक समूह, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ),  विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ भाग लेंगे. सम्मेलन का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव करेंगे. सहकारिता विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा इस एक दिवसीय राज्यस्तरीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन 2026 का आयोजन किया जा रहा है. सहकारिता विभाग राज्य के सब्जी उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और इसके लिए सशक्त बाजार व्यवस्था विकसित करने के लिए यह पहल कर रहा है.

6:26 PM(20 मिनट में)

पश्चिम एशिया संघर्ष पर बोले अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो, अगले कुछ घंटों में 'अच्छी खबर' आ सकती है

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रविवार को कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष को खत्म करने के लिए ईरान के साथ बातचीत में अमेरिका ने काफी प्रगति की है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को कमर्शियल शिपिंग के लिए पूरी तरह से खोलना भी शामिल है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ विस्तृत बातचीत करने के बाद यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए रूबियो ने कहा कि अगले कुछ घंटों में "अच्छी खबर" आने की संभावना है, और उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बारे में कोई घोषणा कर सकते हैं. एक सवाल के जवाब में अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, "ईरान की स्थिति के बारे में मेरा मानना ​​है कि शायद आज थोड़ी देर बाद इस विषय पर और खबरें सामने आएंगी, और इस पर आगे की घोषणाएं करने का काम मैं राष्ट्रपति पर छोड़ता हूं." (पीटीआई)

5:23 PM(43 मिनट पहले)

तेलंगाना में विपक्षी पार्टियों ने फसल खरीद में देरी को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा

Posted by :- Prateek

हैदराबाद: तेलंगाना में फसल खरीद में कथित देरी को लेकर कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए, विपक्षी पार्टियों—BJP, BRS और TRS—ने शुक्रवार को सरकार से आग्रह किया कि वह किसानों की उपज बिना किसी और देरी के खरीदे. मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के गुरुवार के उस बयान का ज़िक्र करते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि किसानों से 80 प्रतिशत उपज खरीदी जा चुकी है, BRS के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने कहा कि धान खरीद का कोई भी केंद्र ठीक से काम नहीं कर रहा है. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अगर यह साबित हो जाता है कि वास्तव में 80 प्रतिशत खरीद पूरी हो चुकी है, तो वह किसी भी सज़ा का सामना करने के लिए तैयार हैं.

5:01 PM(एक घंटा पहले)

गया में फल्गु नदी पर बना केनी पुल जर्जर, 5 पिलर क्षतिग्रस्त

Posted by :- Sandeep kumar

बिहार के गया जिले में फल्गु नदी पर बना केनी पुल इन दिनों गंभीर जर्जर स्थिति में पहुंच गया है. बेलागंज और अतरी विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाला यह पुल अब लोगों के लिए सुविधा से ज्यादा खतरे का कारण बनता जा रहा है. पुल के कुल 22 पिलरों में से पांच पिलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार कई पिलरों की सीमेंट की परत टूट चुकी है और उनमें लगी लोहे की सरिया (छड़) बाहर दिखाई देने लगी है. कुछ जगहों पर सरिया सीमेंट से अलग होकर लटक रही है, जबकि कई पिलरों में लोहे के ढांचे पूरी तरह खुल चुके हैं. पुल की यह स्थिति लोगों में डर पैदा कर रही है, क्योंकि प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं.

4:38 PM(एक घंटा पहले)

बीड में पेड़ गिरने की घटना में किसान की मौत

Posted by :- Sandeep kumar

पुलिस ने रविवार को बताया कि महाराष्ट्र के बीड ज़िले में तेज़ हवाओं और भारी बारिश के बीच एक पेड़ गिरने से 50 साल के एक किसान की मौत हो गई.

पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को कैज तहसील के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश, तेज़ हवाओं और बिजली गिरने से भारी तबाही मची.

एक अधिकारी ने बताया कि सोनी जवाला के रहने वाले दिगंबर भीमराव सासाने की मौत तब हो गई, जब शाम करीब 7.30 बजे उन पर एक पेड़ गिर गया.

4:09 PM(2 घंटे पहले)

कौशांबी में इंसानियत शर्मसार! हादसे के बाद मदद की जगह बकरियां ले भागी भीड़

Posted by :- Sandeep kumar

यूपी के कौशाम्बी जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. बकरीद से पहले इटावा से पश्चिम बंगाल जा रहा बकरियों से लदा एक ट्रक नेशनल हाइवे पर पलट गया. हादसे में दो लोग घायल हो गए, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय बकरियों को लूटना शुरू कर दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और ट्रक हटवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामला कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ी मोड़ के पास नेशनल हाइवे-2 का है. बताया जा रहा है कि इटावा से पश्चिम बंगाल जा रहा बकरियों से लदा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया. हादसे के बाद ट्रक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े मदद की गुहार लगाते रहे.

लेकिन मौके पर जुटी भीड़ ने मानवता को दरकिनार कर दिया. लोगों ने घायल व्यक्तियों की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरी बकरियों को पकड़ने और ले जाने की होड़ लगा दी। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग घायल और मरी हुई बकरियों को भी सड़क पर घसीटते नजर आ रहे हैं.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया. साथ ही हाइवे से ट्रक हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है.

3:35 PM(3 घंटे पहले)

नर्मदापुरम में समाधान शिविर में किसान से अभद्रता, जेई का धमकी भरा वीडियो वायरल

Posted by :- Sandeep kumar

नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी क्षेत्र में बिजली विभाग के समाधान शिविर के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई. ग्राम मलकजरा में आयोजित शिविर में अपनी समस्या लेकर पहुंचे किसान के साथ विभाग के जूनियर इंजीनियर के अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

1:52 PM(4 घंटे पहले)

राजस्थान में भूजल स्तर गिरा, फ्लोराइड प्रदूषण ने खड़ी की मुश्किलें

Posted by :- Sandeep kumar

BJP नेता विजय सिंह बैंसला द्वारा तैयार किए गए एक संवेदनशीलता विश्लेषण के अनुसार, राजस्थान में भूजल और जन-स्वास्थ्य का संकट लगातार गहराता जा रहा है. फ्लोराइड का प्रदूषण, भूजल स्तर में गिरावट और बीमारियों का बढ़ता बोझ राज्य के बड़े हिस्सों को प्रभावित कर रहा है.

यह अध्ययन भूजल रिपोर्ट, ज़िला फैक्ट शीट, NITI आयोग के बहुआयामी गरीबी डेटा और 2015 से 2024 तक के स्वास्थ्य संकेतकों पर आधारित है. इसमें कहा गया है कि राज्य का भूजल संकट अब "चक्रीय के बजाय संरचनात्मक" हो गया है, क्योंकि समीक्षाधीन अवधि के दौरान हर साल भूजल का दोहन (निकासी) उसके वार्षिक पुनर्भरण (रीचार्ज) से कहीं ज़्यादा रहा.

विश्लेषण के अनुसार, 2022 में भूजल का दोहन वार्षिक पुनर्भरण के 151 प्रतिशत तक पहुंच गया था. इसका मतलब यह था कि प्राकृतिक रूप से पुनर्भरण होने वाले हर एक लीटर पानी के बदले 1.51 लीटर पानी बाहर निकाला गया. उस वर्ष राज्य में भूजल की अतिरिक्त निकासी (ओवरड्राफ्ट) 4.43 अरब क्यूबिक मीटर तक पहुंच गई थी. 

1:25 PM(5 घंटे पहले)

कटिहार में तेज आंधी तूफान का कहर, कई जगहों पर भारी तबाही

Posted by :- Sandeep kumar

कटिहार में देर शाम आई आंधी तूफान में शहर पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया, तेज आंधी और तेज बारिश की वजह से कटिहार रेलवे स्टेशन पर लगे शेड के भीतर से झरने की तरह बारिश का पानी बहने लगा, वहीं शहर का पोश इलाका मिर्चाई में आंधी तूफान ने कई जगहों पर भारी तबाही मचाया है, मिर्चाईबाड़ी स्थित पूर्णिया - कटिहार और कोढ़ा जाने वाले मुख्य मार्ग पर कई जगह सड़क किनारे लगे विशाल काय वृक्ष भी तेज आंधी में धाराशाही होकर सड़क और जमीन पर गिर गया, कई व्यवसायिक बिल्डिंग के शीशे टूटकर नीचे जमीन पर गिर गया तो वहीं हाईटेंशन तार लगे ट्रांसफार्मर समेत बिजली का पोल जमीन पर गिर गया और उसके नीचे लगे स्कूटी - बाइक और ऑटो दबकर क्षतिग्रस्त हो गया है, हालांकि इस तेज आंधी बारिश में किसी भी तरह के जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है लेकिन पूरा इलाका अस्त व्यस्त हो गया है, बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गया है और मुख्य सड़क मार्ग बाधित हो गया, हालांकि बिजली विभाग - वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने युद्ध स्तर 

12:08 PM(6 घंटे पहले)

गाजियाबाद में किसान-मजदूर महापंचायत का ऐलान, अधिकारों की आवाज होगी बुलंद

Posted by :- Sandeep kumar

आओ आप और हम सभी मिलकर अपने हक और अधिकार की आवाज को बुलंद करें.

किसान-मजदूर महापंचायत

स्थान - कमला नेहरू नगर सीबीआई रोड निकट हरसावा पुलिस लाईन गाजियाबाद उत्तर प्रदेश

दिनांक 25.05.2026

11:39 AM(6 घंटे पहले)

संसद रत्न पुरस्कारों के लिए 12 सांसदों, 4 संसदीय पैनलों का चयन

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: एक निजी संगठन द्वारा इस साल के संसद रत्न पुरस्कारों के लिए 12 सांसदों और चार संसदीय समितियों का चयन किया गया है. प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन ने एक बयान में कहा कि व्यक्तिगत श्रेणी में चुने गए सांसदों में भाजपा के जगदंबिका पाल (उत्तर प्रदेश), पी पी चौधरी (राजस्थान), निशिकांत दुबे (झारखंड) और शिवसेना के श्रीकांत एकनाथ शिंदे (महाराष्ट्र) शामिल हैं. प्रवीण पटेल (उत्तर प्रदेश), विद्युत बरन महतो (झारखंड), लुंबाराम चौधरी (राजस्थान), हेमंत विष्णु सावरा (महाराष्ट्र), स्मिता उदय वाघ (महाराष्ट्र), नरेश गणपत म्हस्के (महाराष्ट्र), मेधा विश्राम कुलकर्णी (महाराष्ट्र), और नरहरि अमीन (गुजरात) को इस साल बजट सत्र के अंत तक विभिन्न श्रेणियों में संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है. (पीटीआई)

11:08 AM(7 घंटे पहले)

अगले सात दिनों तक मध्य भारत में भीषण लू की आशंका, 24 से 29 मई तक पड़ेगी प्रचंड गर्मी

Posted by :- Sandeep kumar

भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी का कहर जारी है. दिन के समय तापमान सामान्य से कहीं अधिक दर्ज किया जा रहा है. एक ओर जहां मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के विशाल भूभाग भीषण गर्मी की चपेट में हैं, तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है, वहीं दक्षिणी प्रायद्वीप और उत्तर-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है.

रविवार को मध्य, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का असर देखा जा सकता है. कई क्षेत्रों में राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले सात दिनों तक मध्य भारत में भीषण लू चलने की आशंका है, उत्तर-पश्चिम भारत में 24 से 29 मई तक इसी तरह की चरम स्थिति देखने को मिलेंगी.

 
10:10 AM(8 घंटे पहले)

सीएम सम्राट चौधरी कल "राज्यस्तरीय व्यावसायिक समागम" का करेंगे उद्घाटन

Posted by :- Sandeep kumar

सीएम सम्राट चौधरी कल 11:30 बजे पटना के बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज में "राज्यस्तरीय व्यावसायिक समागम" का उद्घाटन करेंगे

3 बजे पटना सिटी में आयोजित पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान-2026 के 12वें सत्र में शामिल होंगे 

5 बजे सहकारिता विभाग और पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे

9:27 AM(9 घंटे पहले)

WHO ने इबोला के प्रकोप को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया

Posted by :- Sandeep kumar

WHO ने इबोला के प्रकोप को 'अंतर्राष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल' घोषित किया; Africa CDC ने 'महाद्वीपीय सुरक्षा का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल' घोषित किया. भारत सरकार ने नागरिकों को डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ द कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है.

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ द कांगो (DRC) और युगांडा में इबोला बीमारी के प्रकोप की रिपोर्टों को देखते हुए, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम (IHR), 2005 के तहत, 17 मई 2026 को, इस स्थिति को 'अंतर्राष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल' (PHEIC) घोषित किया। Africa Centres for Disease Control and Prevention (Africa CDC) ने भी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ द कांगो और युगांडा को प्रभावित करने वाले बुंडिबुग्यो स्ट्रेन इबोला वायरस बीमारी के चल रहे प्रकोप को आधिकारिक तौर पर 'महाद्वीपीय सुरक्षा का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल' (PHECS) घोषित किया है: स्वास्थ्य और परिवार मंत्रालय

8:53 AM(9 घंटे पहले)

भावनगर में डीज़ल के लिए किसानों की लंबी कतारें, सुबह से पेट्रोल पंपों पर इंतजार

Posted by :- Sandeep kumar

भावनगर ज़िले में किसान डीज़ल के लिए लाइन में लगे; किसान सुबह से ही ट्रैक्टर और गाड़ियों के साथ पेट्रोल पंपों पर लाइन में खड़े हैं.

किसानों का आरोप है कि ज़िले के ज़्यादातर ग्रामीण इलाकों में पेट्रोल पंपों पर डीज़ल उपलब्ध नहीं है, डीज़ल नहीं मिल रहा है.

भले ही वे डीज़ल पाने के लिए 4-4 दिनों तक लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन पंप वाले सिर्फ़ 5-10 किसानों को ही डीज़ल देते हैं और फिर पंप बंद कर देते हैं.

भावनगर ज़िले और ग्रामीण इलाकों के पेट्रोल पंपों पर किसानों की लंबी लाइनें लगी हैं.

जिन किसानों को डीज़ल नहीं मिल रहा है, उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है.

वहीं दूसरी ओर, ज़िला आपूर्ति अधिकारी का बयान आया है कि पेट्रोल और डीज़ल की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है.

सरकार में यह प्रावधान है कि किसानों को 200 लीटर डीज़ल मिलेगा: आपूर्ति अधिकारी

8:22 AM(10 घंटे पहले)

मॉनसून का दिखने लगा असर, 19 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी पूरी रफ्तार से तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने इस बीच 19 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. IMD के अनुसार, मॉनसून के प्रभाव से लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश हो सकती है.